‘कुबूल है’ फेम एक्ट्रेस निशी सिंह का निधन, पैरालिसिस अटैक के बाद चल रही थीं बीमार

(ब्यूरो कार्यालय)
मुंबई (साई)। ‘कुबूल है’, ‘इश्कबाज’ और ‘तेनाली राम’ जैसे सीरियल में काम कर चुकीं एक्ट्रेस निशी सिंह (Nishi Singh) का रविवार की दोपहर को निधन हो गया। पैरालिसिस अटैक के बाद निशी सिंह बीमार चल रही थीं।
दो दिन पहले ही उन्होंने अपना 50वां जन्मदिन मनाया था। उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं चल रही थी। जिसके बाद उनके पति ने मेडिकल के खर्चे के लिए मदद भी मांगी थी। एक्ट्रेस सुरभि चंदना और इंडस्ट्री के कुछ अन्य लोगों ने उनकी आर्थिक मदद की थी। निशी अपने पीछे पति संजय सिंह भादली और दो बच्चों को छोड़ गई हैं।
निशी के पति संजय सिंह लेखक और अभिनेता हैं। ई-टाइम्स से बात करते हुए उन्होंने बताया कि एक साल में उन्हें दूसरा स्ट्रोक आया जिसकी वजह से उनकी हालत और बिगड़ गई थी। संजय सिंह ने कहा, ‘3 फरवरी को दूसरे स्ट्रोक (पहले स्ट्रोल के एक साल बाद) के बाद वह ठीक हो रही थीं। हालांकि मई 2022 में उन्हें फिर से स्ट्रोक आया और उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई।

हमने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और वह बाद में डिस्चार्ज हो गईं। पिछले कुछ हफ्तों से गले में इंफेक्शन की वजह से उन्हें खाने में दिक्कत हो रही थी। वह खाने में केवल लिक्विड खाना ले रही थीं। विडंबना देखिए कि हमने उनका 50वां जन्मदिन दो दिन पहले (16 सितंबर) ही मनाया। वह बात नहीं कर सकती थीं लेकिन वह बहुत खुश लग रही थीं। मैंने उनसे उनके पसंदीदा बेसन के लड्डू खाने का अनुरोध किया था तो उन्होंने खाया।‘
संजय सिंह ने आगे बताया, ‘जिंदा रहने के लिए उन्होंने कड़ा संघर्ष किया। दोपहर करीब 3 बजे उनका निधन हो गया। सबसे बड़ी तकलीफ तो ये है कि 32 साल तक साथी रहीं। उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, तब भी वह मेरे साथ थीं। अब मेरे बच्चों (21 साल का बेटा और 18 साल की बेटी) के अलावा कोई नहीं है। मेरी बेटी ने मां की देखभाल के लिए अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। आदमी जब हारता है तो हर तरफ से हारता है।‘
संजय सिंह ने बताया कि इंडस्ट्री के कई दोस्तों ने उनकी आर्थिक रूप से मदद की थी। इनमें रमेश तौरानी, गुल खान, सुरभि चंदना और CINTAA है।