हृदय प्रदेश में अब लाड़ली लक्ष्मी की तरह अब चलेगी लाड़ली बहना योजना

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 29 जनवरी 2023 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये।
प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना की तरह अब लाड़ली बहना योजना भी शुरू की जायेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल नर्मदा जयंती महोत्सव में यह घोषणा की।
नर्मदापुरम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सभी वर्गों की गरीब बहनों को प्रतिमाह एक हजार रूपये दिये जाएंगे।
श्री चौहान ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस अवसर पर श्री चौहान ने श्री महाकाल लोक की तर्ज पर नर्मदापुरम लोक और नर्मदा कॉरीडोर बनाने की भी घोषणा की।
श्री चौहान कल सीहोर जिले के अपने गृह ग्राम जैत के गौरव दिवस में भी शामिल हुए। उन्होंने बुधनी में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारत और तंजानिया के बीच प्राचीन समय से मधुर संबंध हैं। उन्होंने आज तंजानिया से भोपाल आए उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल से बातचीत करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाया था और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इन संबंधों को नई ऊंचाईयां मिल रही हैं।
श्री चौहान ने तंजानिया के प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और कृषि संबंधित प्रदेश की विकास योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने तंजानिया के किसानों और विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश आने के लिए भी आमंत्रित किया। प्रतिनिधि मंडल के प्रमुख अब्दुल रहमान किनाना ने कहा कि वे मध्यप्रदेश में किसानों, महिलाओं और बेटियों को सहायता देने की योजनाओं से काफी प्रभावित हैं।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में जनता की सरकार है और मैं जनता का सेवक हूँ। सरकार जनता की जिन्दगी बदलने के लिये होती है।
इसके लिये हमने मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान चला कर पूरे प्रदेश में ऐसे गरीब लोगों को चिन्हित किया, जो योजनाओं का लाभ लेने के लिये पात्र थे। इन सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ 5 फरवरी से शुरू हो रही विकास यात्रा में गाँव-गाँव जाकर दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज अमरकंटक जिला अनूपपुर में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में संभाग स्तरीय स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अमरकंटक नर्मदा उद्गम मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ, विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास और विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से अनूपपुर रवाना होने के पहले स्टेट हैंगर पर वीडियो कॉल द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना में विभिन्न तीर्थ स्थानों की यात्रा से लौटे यात्रियों से वर्चुअल चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान को अनेक महिला- पुरूष बुजुर्ग तीर्थ-यात्रियों ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि आप हमारे श्रवण कुमार हैं। आपने अनेक सुविधाएँ तीर्थ-यात्रियों को दी हैं। हमारे साथ सहायक भी यात्रा कर रहे हैं। कोई परेशानी नहीं हो रही। हम इसके लिए आपके आभारी हैं। तीर्थ-दर्शन के इच्छुक लोगों के लिए आपने यह योजना लागू की है।
हिंदुस्तान के दिल मध्यप्रदेश की मेजबानी में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 का शानदार आगाज 30 जनवरी से होने जा रहा है। सोमवार को भोपाल के तात्या टोपे नगर स्टेडियम में शाम 7 बजे केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री श्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय खेल राज्य मंत्री श्री निसिथ प्रामाणिक और प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया की उपस्थिति में खेल महाकुंभ का रंगारंग शुभारंभ किया जायेगा।
भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने मध्य प्रदेश सरकार की 31 जनवरी को आने वाली संभावित नई शराब नीति से पहले इसमें नियंत्रित शराब वितरण प्रणाली शामिल करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने भोपाल के अयोध्या नगर तिराहे स्थित एक मंदिर के सामने 31 जनवरी डेरा डाल लिया है, जहां कि इस मंदिर के सामने भी एक शराब की दुकान है।
मंदिर में डेरा डाली भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने रविवार को मंदिर के सामने बनी शराब की दुकान को हटाए जाने की मांग की है। इस अवसर पर उमा का कहना था कि मेरा किसी से बैर नहीं, शराब पर बनी नीति से बैर है क्योंकि जो नीति बनाई गई है उसमें शराब लोग अधिक से अधिक खरीद रहे हैं और पी रहे हैं और ये आहाते भी बंद होने चाहिए।
दिल्ली के चाणक्यपुरी में 150 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार मध्य प्रदेश भवन का दो फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लोकार्पण करेंगे।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के सभी मंत्री, लोकसभा-राज्यसभा सदस्य, विधायक शामिल होंगे। यहीं शिवराज कैबिनेट की बैठक भी होगी। जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे। हालांकि अभी बैठक का एजेंडा तय नहीं हुआ है।
मध्य प्रदेश भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2018 में शुरू हुआ था। कोरोना संक्रमण की वजह से दो साल काम की गति धीमी रही। कार्यक्रम में प्रदेश से सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री, प्रदेश के मंत्री और विधायकों को आमंत्रित किया गया है।
1.47 एकड़ भूमि पर निर्मित नए मध्य प्रदेश भवन में 66 डीलक्स कक्ष रहेंगे, जिनमें पांच सितारा सुविधाएं रहेंगी। वहीं 38 विशेष कक्ष भी रहेंगे। जिनमें मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री, विधायक रुक सकेंगे।
प्रदेश में 5 फरवरी से विकास यात्राएं शुरू होंगी। इन यात्राओं के दौरान गांव-गांव जाकर हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अमरकंटक जिला अनूपपुर में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में संभाग स्तरीय स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम में यह जानकारी दी।
उन्होंने इस अवसर पर अमरकंटक नर्मदा उद्गम मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किये।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 31 जनवरी और एक फरवरी को संभाग आयुक्तों, कलेक्टरों और पुलिस अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए चर्चा करेंगे।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रदेश के 310 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को केन्द्रीय गृहमंत्री पदक प्रदान किए जाएंगे।
जन अभियान परिषद के महा निदेशक बीआर नायडू ने आज नर्मदापुरम जिले में सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नर्मदपुरम महाविद्यालय, केसला उत्कृष्ट विद्यालय और कुसुम महाविद्यालय सिवनी मालवा में विद्यार्थियों से बातचीत की।
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 29 जनवरी 2023 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। सोमवार 30 जनवरी 2023 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह 07 बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)