(ब्यूरो कार्यालय)
भोपाल (साई)। अमरनाथ यात्रा के लिए अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी प्रारंभ कर दिया है। वर्ष 2012 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए जाते थे, किंतु इसके बाद ये प्रक्रिया बंद कर दी गई थी। अब इसे गुरुवार से पुनः प्रारंभ करने के अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने निर्देश जारी कर दिए हैं। बता दें कि अमरनाथ यात्रा इस बार एक जुलाई से शुरू हो रही है जो 15 अगस्त तक चलेगी।
बोर्ड के अध्यक्ष जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक की पहल पर यात्रियों के लिए यह सुविधा शुरु की गई है। यह सुविधा हर दिन 500 इच्छुक तीर्थ यात्रियों के लिए होगी। इसमें पहलगाम व बालटाल मार्ग से ढाई-ढाई सौ रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे। जम्मू एंड कश्मीर व पंजाब नेशनल बैंकों के माध्यम से पहले से ही रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं। भोपाल में इन बैंकों से अब तक साढ़े तीन हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन किए जा चुके हैं।
ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर होंगे। 1 दिन के लिए 500 रजिस्ट्रेशन होंगे। रजिस्ट्रेशन शुल्क प्रति व्यक्ति 200 रुपए होगा। रजिस्ट्रेशन श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर होंगे। यात्री को श्राइन बोर्ड द्वारा अधिकृत डॉक्टर द्वारा किए गए कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट की ओरिजिनल कॉपी एंट्री गेट चंदनवाड़ी, बालटाल पर दिखाना अनिवार्य होगा।
यात्रियों को देनी होगी ये जानकारी : वेबसाइट पर यात्री को यात्रा मार्ग, यात्रा तारीख, पूरा नाम,पता, पिता का नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, प्रदेश का नाम, जिला, यात्री का ब्लड ग्रुप, मेडिकल डिटेल में हॉस्पिटल का नाम, डॉक्टर का नाम, यात्री का फोटो व मेडिकल सर्टिफिकेट इश्यू डेट लिखना होगा।
यात्रा परमिट में बारकोड अंकित रहेगा। इसे सुरक्षा के हिसाब से साइन बोर्ड के पास यात्री की पूरी जानकारी रहेगी। मंडल काफी समय से श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रारंभ करने की मांग कर रहा था। इस संबंध में श्राइन बोर्ड को कई बार पत्र भी भेजे थे।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.