(ब्यूरो कार्यालय)
सिवनी (साई)। लोकतंत्र में जानादेश का ही सम्मान और संबल होता है। मैं चुनाव के इस मैदान में बालाघाट संसदीय क्षेत्र की जनता से जनादेश चाहता हूँ। आपका जनादेश जहाँ नरेंद्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बना कर विश्व में भारत का गौरव चरमोत्कर्ष पर ले जाने का मार्ग प्रशस्त करेगा वहीं आपकी आवाज दिल्ली पहुँचायेगा।
उक्त आशय की बात डॉ.ढाल सिंह बिसेन द्वारा शुक्रवार 26 अप्रैल को भाजपा के समर्थन में नगर के प्रमुख मार्गों से निकले रोड शो के समापन अवसर पर कही गयी। डॉ.बिसेन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्त्ता निष्ठावान ही नहीं बल्कि पार्टी के लिये समर्पित होता है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्त्ता अपने सभी साथी कार्यकर्त्ताओं से कहना चाहता हूँ कि, राष्ट्र के गौरव के लिये जनता नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्त्ताओं का दायित्व है कि अधिक से अधिक मतदान हो, वे यह सुनिश्चित करें। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेत्तृत्व में पुनः भाजपा की सरकार बनना सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि समूचे संसदीय क्षेत्र में केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं जहाँ जारी रहेंगी, वहीं आम जनता की माँगों के अनुरूप मेरा संकल्प विकास को पुख्ता करेगा।
भाजपा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार बड़ी – बड़ी पताकाओं को हाथ में थामे, जोश से भरे, भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्त्ताओं द्वारा निकाली गयी विशाल रैली नगर के प्रमुख मार्गाें पर अद्भुत नजारा पेश कर रही थी। इस रैली में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्त्ताओं की उपस्थिति देखते ही बन रही थी।
विज्ञप्ति के अनुसार जहाँ एक और भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने भाजपा की टोपी पहनी हुई थी तो अनेकों ने भगवा पगड़ी भी धारण की हुई थी। पूरी रैली का दृश्य शोभायमान था। प्रत्येक कार्यकर्त्ता एक अति उत्साह के साथ लोगों के बीच इस रैली में डॉक्टर बिसेन के लिये समर्थन माँग रहा था। इस दौरान लोगों का जन समूह डॉ.बिसेन के अभिवादन को स्वीकार कर मोदी – मोदी के नारों से नगर को गुंजायमान कर रहा था। चारों तरफ फूलों की पंखुड़ियां उड़ रही थीं। लोगों में भाजपा के प्रति रुझान का यह स्पष्ट प्रतिबिंब दर्शित हो रहा था।
विज्ञप्ति के अनुसार रैली को संबोधित करते हुए सिवनी विधायक दिनेश राय ने कहा कि हम सब के ऊपर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। देश को विकास की जरूरत है, वहीं जिले को भी विकास की दरकार है। जो सिर्फ श्री मोदी और भाजपा के नेत्तृत्व में ही संभव है। उन्होंने कहा कि देश ने तरक्की की जो रफ्तार पकड़ी है उसे कायम रखने के लिये श्री मोदी की जरूरत है और यह जरूरत तभी पूरी हो सकती है जब हम भाजपा की प्रचण्ड जीत के इतिहास को पुनः दोहरायें।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी ने कहा कि हमारे कार्यकर्त्ता चुनाव में भाजपा की विजय के लिये समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली 29 अप्रैल को हमें जमकर मतदान कराना है। हमने एक सेवाभावी मजबूत उम्मीदवार डॉक्टर ढाल सिंह बिसेन के रूप में जनता के बीच उतारा है।
चुनाव संयोजक नरेश दिवाकर ने कहा कि आज काँग्रेस में हताशा है, वे जान चुके हैं कि यह चुनाव उनके हाथ से निकल चुका हैं। नरेद्र मोदी देश के स्वाभिमान सुरक्षा और विकास के प्रतीक हैं। लोग श्री मोदी को फिर से प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।
रैली को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद श्रीमति नीता पटेरिया ने कहा कि भारत माता श्री मोदी जैसा रत्न सदियों में एक पैदा करती है। उन्होंने कहा कि यह हमारा कर्त्तव्य है कि श्री मोदी को फिर से सत्ता दिलवायें, ताकि भावी पीढ़ियों के आगे हम सिर उठाकर कह सकें कि जब देश बदल रहा था तो उसमें एक छोटी सी सहभागिता हमारी भी थी।
रैली को पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुजीत जैन ने संबोधित करते हुए कहा कि काँग्रेस एक महा मिलावटी गठबंधन की अगुआयी कर रही है। ये सिर्फ महा मिलावटी नहीं महा घोटाले बाजों का भी गठबंधन है। उन्होंने कहा कि सिर्फ देश का बंटाधार करना इनका मकसद है।इस विशाल रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति मीना बिसेन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति आरती शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्ष वेद सिंह ठाकुर, सुदर्शन बाझल, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष राजेश त्रिवेदी, अशोक तेकाम, ओम दुबे एवं नगर मण्डल अध्यक्ष नरेन्द्र ठाकुर, रमेश तिवारी, राम लाल राय, ओम प्रकाश तिवारी, दिलीप अग्रवाल सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्त्ताओं के साथ पदाधिकारियों एवं नेतागणों का समावेश था।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.