बिहार विधानसभा में दिखा नीतीश कुमार का रौद्र रूप
—————————–
—————————–
नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 27 नवंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन, अब आप शरद खरे से समाचार सुनिए.
——-
राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग एंट्री पॉइंट्स पर जुटे हजारों प्रदर्शन कारियों को शुक्रवार को नॉर्थ दिल्ली ग्राउंड में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन की अनुमति मिल गई। इसके चलते सुबह से ही शहर की सीमाओं पर जो तनाव की स्थिति थी वह कम हो गई है। हरियाणा ने भी पंजाब से लगी अपनी सीमाओं को पूरी तरह खोल दिया है। शाम होते-होते दिल्ली मेट्रो की सेवाएं भी पूरी तरह सामान्य हो गईं। हालांकि, शहर की बॉर्डर पर अभी भी ऊहापोह की स्थिति है। कहीं पुलिस खुद किसानों को रूट दिखा रही है तो कहीं प्रदर्शनकारी कन्फ्यूज दिख रहे हैं कि उन्हें कहां और कैसे जाना है। वहीं आम यात्रियों को भी परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
इससे पहले दिन भर तनाव की स्थिति बनी रही। कहीं, किसानों पर इस कड़ाके की ठंड में पुलिस की तरफ से पानी की बौछारें की गईं तो कहीं आंसू गैस के गोले छोड़े गए। वहीं, प्रदर्शनकारी किसानों ने कहीं पुलिस के ऊपर पथराव किया तो कहीं बैरिकेड्स तोड़ डाले। घंटों चले इस गतिरोध के बाद आखिरकार किसानों को दिल्ली आने और बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दे दी गई।
किसानों को दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने का पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट किया, किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने और प्रदर्शन करने के लोकतांत्रिक अधिकार की अनुमति देने के लिए मैं केंद्र के निर्णय का स्वागत करता हूं। कृषि कानूनों पर किसानों की चिंताओं का समाधान करने के लिए अब उन्हें तुरंत वार्ता आरंभ करना चाहिए।
उधर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसान संगठनों को 3 दिसंबर को बातचीत के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है। हरियाणा के पूर्व मुख्य मंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य के लोगों से दिल्ली कूच कर रहे किसानों के लिए भोजन और ठहरने जैसी हर संभव मदद करने की अपील की है। एक बयान में कहा गया कि हो सकता है कि उन्हें दवा, चिकित्सा की आवश्यकता हो।
——-
बिहार विधानसभा में आज सीएम नीतीश कुमार का रौद्र रूप देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश पर न सिर्फ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, बल्कि व्यक्तिगत टिप्पणी भी की। इसके जवाब में नीतीश कुमार बुरी तरह भड़क गए और तेजस्वी पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की बात कही। उन्होंने तेजस्वी पर भी आरोपों की बौछार कर दी। तेजस्वी द्वारा की गई निजि टिप्पणियों को विधानसभा की कार्यवाही से हटा दिया गया है।
——-
लगभग दो साल पहले आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्णब गोस्वामी को जमानत दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जब तक हाई कोर्ट उनकी एफ.आई.आर. को रद्द करने वाली याचिका पर फैसला नहीं सुनाता यह जमानत मान्य रहेगी। जस्टिस डी.वाई. चंद्रचूड़ और इंदिरा बनर्जी की बेंच ने 11 नवंबर को अर्णब को जमानत देने के कारणों की डीटेल देते हुए यह टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि चार हफ्ते तक अर्णब जमानत पर रहेंगे और उसके बाद भी इस कोर्ट के दरवाजे खुले हैं।
——-
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना राणावत के बंगले के हिस्से को ढहाने के मामले में बंबई उच्च न्यायालय ने बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन को फटकार लगाई है।
न्यायालय ने कहा कि बी.एम.सी. के अधिकारियों ने अभिनेत्री के बंगले के हिस्से को ढहाने में दुर्भावना से कार्यवाही की, नुकसान का आंकलन करने के लिए अधिकारी नियुक्त किया जाएगा ताकि मुआवजा राशि निर्धारित की जा सके। वहीं न्यायालय ने बीएमसी के ध्वस्तीकरण के आदेश को निरस्त कर दिया है।
अदालत ने कहा कि अदालत किसी भी नागरिक के खिलाफ प्रशासन को बाहुबल का उपयोग करने की मंजूरी नहीं देता है। न्यायमूर्ति एस.जे. काठवाला और न्यायमूर्ति आर.आई. चागला की पीठ ने कहा कि नागरिक निकाय द्वारा की गई कार्यवाही अनधिकृत थी और इसमें कोई संदेह नहीं है। पीठ, राणावत द्वारा नौ सितंबर को उप नगरीय बांद्रा स्थित अपने पाली हिल बंगले में बी.एम.सी. द्वारा की गई कार्यवाही के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी।
——-
नागालैंड के मोन जिले के एक गांव वानचिंग में हीरे पाए जाने की खबर के बाद सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं।
सोशल मीडिया में गांव में कथित तौर पर हीरे मिलने की खबर के बाद खुदाई कर रहे ग्रामीणों की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। जिसके बाद आनन-फानन में ग्रामीणों के दावों की सच्चाई जानने के लिए जांच के आदेश दिए गये हैं। जो वीडियो और फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुए हैं उसमें भारी संख्या में ग्रमीणों को एक पहाड़ी पर खुदाई करते हुए दिखाया गया है। भूविज्ञान और खनन विभाग ने शुक्रवार को साइट पर जाने के लिए चार भू-वैज्ञानिकों की एक टीम को नियुक्त किया। विभाग के निदेशक एस.मानेन ने एक आदेश में कहा, वे जल्द से जल्द स्थिति की जांच करने और रिपोर्ट देने का प्रयास करेंगे।
——-
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती को नजरबंद कर दिया गया है और पार्टी नेता वहीद पर्रा के पुलवामा स्थित आवास पर नहीं जाने दिया जा रहा है।
इस पर पुलिस ने सफाई देते हुए कहा है कि पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती नजरबंद नहीं हैं। उनसे सुरक्षा कारणों के चलते पुलवामा की यात्रा को पूरी तरह से स्थगित करने का अनुरोध किया गया था। पूर्व मुख्य मंत्री ने कहा कि दो दिन से उन्हें पर्रा के परिवार से मिलने नहीं दिया जा रहा है, जिन्हें निराधार आरोपों पर गिरफ्तार किया गया है।
महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट कर कहा था कि मुझे एक बार फिर गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया है। दो दिनों से, जम्मू-कश्मीर प्रशासन मुझे पुलवामा में वहीद वर्रा के परिवार से मिलने नहीं दे रहा है। भाजपा के मंत्रियों और उनकी कठपुतलियों को कश्मीर में हर जगह आने-जाने की अनुमति है लेकिन मेरे मामले में सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न हो जाती है।
——-
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चैनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
——-
कोरोना वैक्सीन आने से पहले भारत में प्रायरिटी ग्रुप तय हो गया है।
पहले फेज में 31 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इनमें हेल्थ केयर वर्कर्स, पुलिस, 50 साल से ज्यादा उम्र के प्रायरिटी ग्रुप मेंबर और हाई रिस्क ग्रुप के युवा भी शामिल रहेंगे। सरकार ने यह भी तय किया है कि ऑक्सफोर्ड-एस्ट्रा जेनेका की वैक्सीन के दो डोज के ट्रायल्स से जो शुरुआती डेटा में दो फुल-शॉट से जो नतीजे आए हैं, उन पर ही विचार किया जाएगा।
प्रिंसिपल साइंटिफिक एडवाइजर के.विजय राघवन के मुताबिक डॉ.वी.के. पॉल के नेतृत्व वाली नेशनल वैक्सीन कमेटी ने ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है कि किसे सबसे पहले वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने विज्ञान मंत्रालय और द कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री की एक मीटिंग में बताया कि 31 करोड़ लोगों की पहचान कर ली गई है, जिन्हें मार्च से मई के बीच में वैक्सीन लगाई जाएगी।
विजय राघवन ने कहा, हमारे देश में एक करोड़ हेल्थ वर्कर्स, राज्यों और केंद्र सरकार की पुलिस, आर्म्ड फोर्सेस, होमगार्ड्स, सिविल डिफेंस के 2 करोड़, 50 वर्ष से ज्यादा उम्र के प्रायरिटी ग्रुप के 26 करोड़ मेंबर्स और 50 वर्ष से कम उम्र के हाई रिस्क ग्रुप के 1 करोड़ मेंबर्स को सबसे पहले वैक्सीन लगाई जाएगी। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन कह चुके हैं कि 2021 की पहली तिमाही से वैक्सीन लगाना आरंभ होगा। 25 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाने की तैयारी है। जुलाई तक लगभग 50 करोड़ डोज उपलब्ध हो जाएंगे।
—-
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शरद खरे से शुक्रवार 27 नवंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। रविवार 29 नवंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह प्रत्येक वीडियो के अंत में हम आपको बताते ही हैं। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.