नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में ब्रहस्पतिवार 03 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये.
——–
प्रदेश में चौक चौराहों पर लगी मूर्तियों पर जब तब विवाद की स्थितियां निर्मित होती रही हैं। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने प्रदेश में चौराहों पर लगी मूर्तियों के संबंध में बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा है कि प्रदेश में 18 जनवरी 2013 के बाद चौराहों पर लगी सभी मूर्तियां हटाई जाएंगी। कोर्ट ने यह फैसला गुरुवार को भोपाल के टीटी नगर चौराहे पर लगी पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा के संबंध में दायर याचिका पर सुनवाई के बाद दिया। याचिकाकर्ता ने कहा था कि मूर्तियों से यातायात प्रभावित होता है। कोर्ट ने भोपाल नगर निगम और राज्य सरकार पर 30 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। इसमें से 10 हजार रुपए याचिकाकर्ता को मिलेंगे।
जबलपुर निवासी सोशल वर्कर ग्रीष्म जैन की ओर से हाईकोर्ट में जनहित याचिका लगाई गई थी। इस पर कोर्ट में गुरुवार सुबह सुनवाई हुई। टीटी नगर में नानके पेट्रोल पंप के सामने चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाई गई है। याचिका में कहा गया था कि ये प्रतिमा 18 जनवरी 2013 के बाद लगाई गई है। तब सुप्रीम कोर्ट ने पूरे प्रदेश में चौक और सार्वजनिक स्थलों पर मूर्ति या प्रतिमा लगाने पर रोक लगा दी थी।
इस याचिका की सुनवाई करते हुए जस्टिस शील नागू की कोर्ट ने सख्त फैसला सुनाते हुए राज्य सरकार और भोपाल नगर निगम को फटकार भी लगाई। राज्य सरकार से कहा कि प्रदेश में 18 जनवरी 2013 के बाद सड़क, चौक, सार्वजनिक स्थान पर लगाई गई मूर्तियों को हटाए। कार्रवाई से अवगत भी कराए। याचिकाकर्ता ग्रीष्म जैन की ओर से अधिवक्ता सतीश वर्मा और लावण्य वर्मा ने पक्ष रखा।
——–
अगले साल मध्य प्रदेश में होने वाले चुनावों अर्थात मिशन 2023 की तैयारी में जुटी शिवराज सरकार अपनी फ्लैगशिप योजनाओं के कियान्वयन को और बेहतर बनाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों की छह समिति गठित की है। इसे 25 मार्च तक अपनी रिपोर्ट देना है। इस पर 26 व 27 मार्च को मंडला जिले के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में होने वाली मंत्रिमंडल की चिंतन बैठक में चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक के बाद सभी मंत्रियों के साथ अपने आवास पर बैठक की। इसमें प्रदेश के विकास के लिए तय किए गए रोडमैप पर चर्चा की गई। साथ ही तय किया गया कि बजट सत्र समाप्त होने के बाद 26 और 27 मार्च को कान्हा में चिंतन बैठक की जाएगी।
——–
इंदौर के पास पेडमी में आदर्श गौशाला का अवॉर्ड प्राप्त श्री अहिल्या माता गौशाला भी अब गायों के लिए क्रबगाह साबित हो रही है। यहां गौशाला के पास जंगल में करीब 100 से ज्यादा गायों के शव और कंकाल पड़े मिले। जिन्हें कुत्ते, गिद्ध और चील समेत अन्य जंगली जानवर नोंच रहे थे।
एक अखबार की रिपोर्ट के अनुसार गौ सेवक संघ से जुड़े लोगों को जब इस बात की खबर लगी, तो जमकर हंगामा किया। साथ ही गौशाला ट्रस्ट के सुपरवाइजर पर केस दर्ज कराया। बता दें कि 3 साल पहले ही इस गौशाला को राज्य सरकार ने आदर्श गौशाला का अवार्ड दिया था।
ये पूरा मामला खुड़ैल इलाके के पेडमी के जंगलों का है। यहां श्री अहिल्या माता गौशाला में जीव दया मंडल ट्रस्ट गायों की देखरेख करता है। बुधवार को यहां अमावस्या होने के चलते गौ सेवक संघ के संयोजक मनोज तिवारी और उनके साथी पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें गौशाला के पास पेडमी के जंगलों में कई गायों के शव पड़े मिले।
गौ सेवक संघ के संयोजक मनोज तिवारी ने बताया कि प्रशासन, पशु विभाग और पुलिस कंट्रोल रूम को जंगल में गायों की मृत पड़े होने की सूचना दी, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। बाद में संघ के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पेडमी चौकी पहुंचे। सहायक पुलिस आयुक्त अजय वाजपेयी से बात कर मुश्किल से मामला दर्ज कराया।
——–
पंडित प्रदीप मिश्रा के आंसुओं पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को सीहोर के कलेक्टर और एसपी ने पंडित प्रदीप मिश्रा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। बीजपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने इसे लेकर नया ट्वीट किया। विजयवर्गीय ने इसे कलेक्टर एवं एसपी का माफीनामा करार दिया और धर्म की जीत बताया। कैलाश विजयवर्गीय का ये ट्वीट गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के एक बयान के जवाब से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल पंडित मिश्रा के रोने के बाद गृहमंत्री ने उनसे बात कर सबकुछ ठीक हो जाने का दावा किया था। बावजूद इसके विजयवर्गीय ने लेटर बम फोड़कर शिवराज सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया था। इसके बाद गृहमंत्री ने एक और बयान जारी किया। इसमें कमल नाथ के बहाने इंदौर के क्षत्रप को अफवाह फैलाने को लेकर इशारों में जवाब दिया था। उन्होंने कैलाश विजयवर्गीय का नाम नहीं लिया था। लेकिन चूंकी दबाव बनाकर कथा निरस्त कराने की बात विजयवर्गीय ने ही कही थी। नरोत्तम मिश्रा ने भी जवाब उसी अंदाज में दिया कि कथा निरस्त नहीं हुई है माननीय, अफवाह मत फैलाइए। अब कलेक्टर और एसपी के व्यास गादी से आशीर्वाद लेने को कैलाश ने धर्म की जीत बताया और इसका पूरा श्रेय सीएम शिवराज सिंह को दिया है।
——–
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि हिंदी के प्रसार के लिए हिंदी राजदूत तैयार किए जाएँ। उन्होंने कहा कि वंचित और पिछड़े वर्गों में ज्ञान का प्रकाश और विकास की धारा प्रवाहित करने में हिंदी का सहयोग लिया जाना चाहिए। युवाओं में हिंदी के प्रति आकर्षण को और अधिक मज़बूत बनाने के प्रयासों पर भी बल दिया जाना चाहिए।
राज्यपाल श्री पटेल आज राजभवन में राष्ट्रभाषा प्रचार समिति और पं. रवि शंकर शुक्ल न्यास की परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने समिति की मासिक पत्रिका अक्षरा के फरवरी अंक का विमोचन भी किया।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज मंत्रालय में विभिन्न उद्योगपतियों ने भेंट कर प्रदेश में निवेश के बारे में चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उद्योगपतियों का स्वागत करते हुए प्रदेश में निवेश के लिए उत्साहित किया और राज्य सरकार द्वारा हर संभव सहायता का अवश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान से भेंट करने वाले उद्योगपतियों में एमडी जेएसडब्ल्यू ग्रुप पार्थ जिंदल, जेके टायर्स कार्पाेरेशन के डायरेक्टर और प्रेसीडेंट अरुण के बजोरिया, पिनेकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड पूना के चीफ मैनेजिंग डायरेक्टर सुधीर मेहता, अल्ट्राटेक के अतुल डागा एवं फोर्स मोटर के उद्योगपति शामिल थे। चर्चा में बताया गया कि टायर्स की कैपेसिटी को दो गुना करने का प्रयास किया जाएगा। पीथमपुर में इलेक्ट्रिक व्हीकल के प्लां
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्रहस्पतिवार को मंत्रि परिषद की बैठक प्रारंभ होने के पहले बताया कि आज सुबह तक यूक्रेन से प्रदेश के 225 विद्यार्थी प्रदेश में वापस आ चुके हैं। दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश सरकार के आवासीय आयुक्त द्वारा भी विद्यार्थियों की वापसी के संबंध में आवश्यक समन्वय किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैंने भी नई दिल्ली जाकर इस संबंध में अधिकारियों से चर्चा और समीक्षा की थी। राज्य सरकार द्वारा भी इस संबंध में निरंतर समीक्षा की जा रही है। मध्यप्रदेश के ऐसे परिवार जिनके बच्चे यूक्रेन में हैं, उनसे जन प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी भेंट कर रहे हैं। मध्यप्रदेश मंत्रि परिषद द्वारा यूक्रेन से भारतीय नागरिकों की वापसी के प्रधानमंत्री श्री मोदी के अद्भुत प्रयासों के लिए बधाई दी गई।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी यूक्रेन में युद्ध की स्थितियों में फँसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए भरपूर प्रयास कर रहे हैं। सी 17 विमान द्वारा भारतीय नागरिकों को वापस लाया जा रहा है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरन रीजिजू, केन्द्रीय आवास और शहरी मामले, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन, सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री वी.के. सिंह सीमावर्ती देशों में भेजे गए हैं।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में ब्रहस्पतिवार 03 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। शुक्रवार 04 मार्च 2022 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। साथ ही आपको बता दें कि समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की लाईव स्ट्रीमिंग आरंभ हो गई है। आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की वेब साईट अथवा चेनल पर जाकर इसे चौबीसों घंटे देख सकते हैं। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.