आवारा कुत्तों के झुण्ड से राहगीर हुए परेशान
(संजीव प्रताप सिंह)
सिवनी (साई)। इन दिनों शहर के अनेक हिस्सों में दर्जन भर से ज्यादा हिंसक कुत्तों की टोलियों से नागरिक बेहद परेशान हैं और नगर पालिका परिषद किसी अन्य जरूरी काम में उलझी दिख रही है। खूंखार कुत्तों से छोटे – छोटे बच्चे बुरी तरह खौफजदा ही नज़र आ रहे हैं।
जानकारों का कहना है कि कुत्तों के प्रजनन के मौसम में कुत्ते अक्सर टोलियां बनाकर ही घूमा करते हैं। इनमें से सबसे ताकतवर श्वान इस टोली का नेत्तृत्व करता है। इस टोली में एक मादा श्वान भी होती है, जिसको पाने के लिये कुत्तों में जमकर संघर्ष होता है। इस दौरान श्वान बेहद खतरनाक आवाजें भी निकालते नज़र आते हैं।
शहर के अनेक स्थानों पर आवारा कुत्तों के द्वारा लोगों के पीछे दौड़कर उन्हें डराया जा रहा है। दिन हो या रात ये डरावने कुत्ते शहर के हर गली मोहल्लों में दिखायी पड़ जाते हैं। रात ढलते ही इन आवारा खूंखार कुत्तों के द्वारा तरह – तरह की आवाजें निकालते हुए एक दूसरे पर हमला भी किया जाता है। इस हमले में अगर बीच में कोई बच्चा या व्यस्क फंस जाये तो उसका बचना बेहद मुश्किल ही होता है।
रात को सुनसान सड़कों पर इन श्वानों की टोलियों की धमाचौकड़ी देखते ही बनती है। देर रात आने जाने वाले साईकिल और बाईक सवारों के पीछे ये श्वान दौड़ लगाते सहज ही देखे जा सकते हैं। इनसे बचने के लिये अनेक सवार गिरकर घायल भी हो चुके हैं। यह सब कुछ हो रहा है और पालिका हाथ पर हाथ रखे निर्माण कार्यों के गुणा भाग में ही लगी दिख रही है।
पालिका के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि नगर पालिका के पास कुत्तों को पकड़ने के लिये एक अदद विशेष ट्रॉली भी बनायी गयी है। इसके बाद भी आवारा श्वानों का आतंक किसी से छुपा नहीं है। देर रात श्वानों की डरावनी आवाजें और वाहनों के पीछे भागते श्वानों से लोग बुरी तरह परेशान ही नज़र आ रहे हैं। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के ध्यानाकर्षण की अपेक्षा व्यक्त की है।