नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में ब्रहस्पतिवार 03 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन, अब आप शरद खरे से समाचार सुनिए.
—–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्सनल वेबसाइट का ट्विटर एकाउंट हैक कर लिया गया है। इसकी पुष्टि खुद ट्विटर ने गुरुवार को की है। हैकर ने कई ट्वीट के जरिए कोविड-19 रिलीफ फंड के लिए डोनेशन में क्रिप्टो करेंसी (बिटक्वॉइन) की मांग की। हालांकि, बाद में ये ये सब डिलीट कर दिए गए। ट्विटर अब इस मामले की जांच कर रहा है। दरअसल, जुलाई में प्रमुख हस्तियों के कई ट्विटर एकाउंट हैक होने के बाद इस तरह की यह पहली घटना आई है।
इस घटना के बाद ट्विटर ने कहा कि उसे प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की पर्सनल वेबसाइट के ट्विटर एकाउंट के हैक होने की गतिविधि की जानकारी है और उसने इसे सुरक्षित करने के लिए कदम उठाए हैं। ट्विटर के एक प्रवक्ता ने इमेल के जरिए अपने बयान में कहा कि हम मामले की सक्रिय रूप से जांच कर रहे हैं। इस समय हमें, अतिरिक्त खातों के प्रभावित होने की जानकारी नहीं है।
—–
कोरोना के संकट काल के बीच महाराष्ट्र का पुणे शहर, अब देश के सबसे अधिक संक्रमित मरीजों का शहर बन गया है। पुणे शहर में अब तक कुल 1 लाख 82 हजार कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है, जो देश में एक शहर के लिहाज से सबसे अधिक है। देश में सबसे ज्यादा कोविड केस जिन 5 शहरों में हैं, उनमें महाराष्ट्र के तीन शहर शामिल हैं।
पुणे के अलावा इस सूची में दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र का ही मुंबई शहर है। मुंबई में कुल 1 लाख 48 हजार केस रिपोर्ट किए जा चुके हैं। इसके बाद चेन्नै शहर है, यहां 1 लाख 37 हजार केस मिले हैं। ठाणे जिले में एक लाख 35 हजार मामलों के साथ यह शहर, इस सूची में चौथे स्थान पर है। वहीं बेंगलुरु पांचवें स्थान पर है जहां एक लाख 35 हजार केस है। बुधवार को पुणे शहर ने दिल्ली के 1 लाख 79 हजार मरीजों की संख्या को पार कर लिया है।
—–
ईस्टर्न लद्दाख में, एलएसी पर, भारत-चीन के बीच तनाव जारी है लेकिन 29-30 अगस्त की रात के बाद से चीन के साथ अब एलएसी को लेकर बराबरी पर बात हो रही है। पहले चीन, पैंगोंग एरिया पर बात करने तक को राजी नहीं था लेकिन अब भारतीय सेना के एक अहम कदम ने चीन के तेवर बदल दिए हैं।
भारतीय सेना ने 29-30 अगस्त की रात को पैंगोंग झील के दक्षिण किनारे की तीन अहम चोटियों पर कब्जा जमाकर अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली, जिसके बाद से ही चीन लगातार कह रहा है कि भारतीय सेना को इन चोटियों से हटना चाहिए। हालांकि भारतीय सेना की तरफ से साफ किया गया है कि सेना ने एलएसी पार नहीं की है और वह अपने इलाके में ही है, इसलिए चोटियों से हटने का सवाल ही नहीं है।
—–
कुलभूषण जाधव मामले में पाकिस्तान सरकार की एक बार फिर जबरदस्त किरकिरी हुई है। सरकार को यह झटका किसी और ने नहीं बल्कि, इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने दिया है। गुरुवार को जारी आदेश में कोर्ट ने कहा कि जाधव के लिए वकील नियुक्त करने का एक और मौका भारत को मिलना चाहिए। पाकिस्तान अभी तक, इस केस को लेकर, कई बार इंटरनैशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस के निर्देशों का पालन करने की दुहाई दे चुका है लेकिन उसके सभी दावे खोखले साबित हुए हैं। हाई कोर्ट ने केस की सुनवाई भी एक महीने के लिए टाल दी है।
—–
राजधानी दिल्ली में पब और बार 9 सितंबर से खुलेंगे। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने पब और बार को, फिर से खोलने के दिल्ली सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सभी पब और बार संचालकों को केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करना होगा।
—–
भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में कथित तौर पर दखल देने से जुड़े विवाद में घिरे फेसबुक ने कांग्रेस पार्टी से कहा है कि वह एक निष्पक्ष मंच है और सभी तरह की घृणा एवं कट्टरता को खारिज करता है तथा वह एक ऐसे मंच के तौर पर बने रहने का प्रयास करता है जहां लोग खुलकर अपनी भावनाएं प्रकट कर सकें।
कांग्रेस ने अपनी ओर से उठाई गई चिंताओं के, जवाब में आए, फेसबुक के पत्र को जारी किया है। फेसबुक के जवाबी पत्र पर एक सितंबर की तारीख है। फेसबुक के निदेशक (पब्लिक पॉलिसी, ट्रस्ट एंड सेफ्टी) नील पॉट्स ने इस पत्र में कहा है कि सोशल मीडिया कंपनी ने कांग्रेस की ओर से लगाए गए भेदभाव के आरोपों को गंभीरता लिया है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वह निष्पक्ष बना रहे और उच्चतम स्तर की ईमानदारी को बनाए रखने को वह प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस ने फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि इस सोशल मीडिया कंपनी की भारतीय शाखा, भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और सामाजिक तानेबाने में दखल दे रही है तथा नफरत भरे भाषण के नियमों के संदर्भ में सत्तारूढ़ भाजपा के सदस्यों के प्रति इसका रुख नरम है।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
पड़ोसियों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहने वाले भारत ने एक बार फिर, श्रीलंका की एक आवाज पर, बचाव दल को तुरंत रवाना कर दिया है। तेल लदे श्रीलंका के जहाज में आग लगने के बाद, वहां की नेवी ने भारतीय कोस्ट गार्ड से मदद मांगी है। एमटी न्यू डायमंड, श्रीलंका तट से 37 नॉटिकल माइल्स पूर्व में हैं। भारतीय कोस्ट गार्ड कहा कि तीन जहाजों और डोर्नियर विमान को तुरंत भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि जहाज में 2 लाख मीट्रिक टन के आसपास क्रूड ऑइल है।
समुद्र और वायु में समन्वित खोज और बचाव अभियान में तुरंत शौर्य, सारंग और समुद्र पहरेदार के साथ एक डोर्नियर विमान को लगाया गया है। कोस्ट कार्ड ने ट्वीट किया कि श्रीलंका नेवी की तरफ से इंडिया कोस्ट कार्ड से तेल टैंकर में आग और विस्फोट के बाद मदद मांगी गई है। आईसीजी जहाजों और विमान को मदद के लिए तुरंत तैनात किया गया है।
—–
कानपुर पुलिस ने एक ऐसी गैंग का पर्दाफाश किया है जो इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से स्कैन करके, पहले से गेम के रिजल्ट के बारे में पता कर लेता था। पुलिस का दावा है कि इस तरह की गैंग को पहली बार पकड़ा गया है। इस गिरोह के सदस्य ताश के पत्तों को स्कैन करके, केमिकल लगाते थे और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को, स्कैनर और ब्लुटूथ से कनेक्ट करके, सामने वाले के ताश के पत्तों को, रीड कर लेते थे। इस गैंग के सदस्यों का जुआ में जीतना निश्चित होता था।
इस गैंग के सदस्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को विदेशों से स्मगल करके मंगाते थे। इसके साथ ही इन डिवाइस को ये बेचते, और किराये पर भी देते थे। पुलिस ने दबिश देकर 14 जुआरियों को अरेस्ट किया है। इनके पास से, 2 लाख 25 हजार 700 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही 8 पैकेट इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस संबंधी ताश की गड्डी, कैमरानुमा इलेक्ट्रॉनिक घड़ी जो स्कैनर का काम करती है, चाभीनुमा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 5 स्मॉल ब्लूटूथ, हैंड कैमरा ग्लव्स, कैमरा युक्त कलाई बैंड, 6 शीशी लिक्विड केमिकल समेत तमाम इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गये हैं।
बाबूपुरवा कोतवाली की पुलिस ने एक साधारण जुआ खेलने की सूचना पर छापेमारी की थी। अजमत नाम का शख्स जुआ खिलवाता था। दरअसल, यहां पर जुआ खेलने के लिए आने वाले कभी जीत कर नहीं जाते थे और अजमत के गुर्गे ही जुआ जीतते थे। छापेमारी के दौरान, अजमत तो मौके से भाग गया लेकिन उसके गुर्गे, पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस को मौके से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुई है। पुलिस ने इस संबंध में पकड़े गए अभियुक्तों से जब पूछताछ की तो चौंकाने वाला सच सामने आया।
डीआईजी प्रीतिंदर सिंह के मुताबिक यह एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है, जिसमें चार सौ से पांच सौ कार्ड के गेम स्टोर हैं। इसमें कैसे धोखा देना है, उसके सारे नियम हैं और यह चीट करने में मदद करता है। इसको ऑन करके पूरे के पूरे कार्ड को स्कैन कर सकते हैं। यह काम महज कुछ सेकंेड में हो जाता है। इसके साथ स्कैनर भी है। यह स्कैनर एक नॉर्मल वॉच की तरह हो सकता है, एक की चेन की तरह भी हो सकता है, पॉवर बैंक के रूप में भी हो सकता है, ब्रेसलेट के रूप में भी…. इसे, कहीं पर भी आसानी से रखा जा सकता है।
—–
छत्तीसगढ़ के भिलाई से कांग्रेस विधायक अरुण वोरा इन दिनों सुर्खियों में हैं। उनकी चर्चा सरकारी खर्च पर मिले लग्जरी वाहन को लेकर है। दरअसल, विधायक अरुण वोरा को छत्तीसगढ़ वेयर हाउसिंग कॉर्पाेरेशन का अध्यक्ष बनाया गया है। कार्यभार सम्हालने के बाद उन्हें सरकारी खर्चे पर एक लग्जरी कार मिली। बैठने के बाद उन्होंने अफसरों से उसका किराया पूछा। किराया जानने के बाद, अरुण वोरा कार से उतर गए और कहा कि पुरानी ही ठीक है।
सरकारी राशि की दुरुपयोग को लेकर नेताओं पर हमेशा सवाल उठते रहे हैं। इससे इतर, भिलाई से कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने अलग मिसाल पेश की है।
———
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद 38 लाख 81 हजार 637 पहुंच गई है। इसमें से सक्रिय मरीजों की तादाद 08 लाख 21 हजार 507 और रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 29 लाख 91 हजार 756 है। इस बीमारी से हुईं मृत्यु का आंकड़ा 67 हजार 776 हो गया है। कोरोना संक्रमितों के एक्टिव मरीजों की सूची में महाराष्ट्र, लगातार सबसे ऊपर बना हुआ है। यह ऐसा राज्य बन गया है जहाँ कोरोना के मामले 02 लाख के आंकड़े को भी पार कर गये हैं। महाराष्ट्र में वर्तमान में 02 लाख 01 हजार 703 एक्टिव मरीज हैं। महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश में देश के सर्वाधिक एक्टिव मामले हैं यहाँ इस वक्त 01 लाख 03 हजार 701 एक्टिव मरीज हैं। महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश की स्थिति के बाद देश के वे राज्य जहाँ कोरोना संक्रमितों के मामले दस हजार से अधिक हो गये हैं उनमें कर्नाटक ऐसा राज्य बनता दिख रहा है जहाँ संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख के समीप पहुँच गया है। कर्नाटक में वर्तमान में 94 हजार 459 एक्टिव मरीज हैं।
कर्नाटक के बाद उत्तर प्रदेश में 57 हजार 598 एक्टिव मरीज हैं। तमिलनाडु में 52 हजार 380 एक्टिव मरीज, तेलंगाना में 32 हजार 537, उड़ीसा में 28 हजार 763, असम में 26 हजार 227, पश्चिम बंगाल में 24 हजार 445, केरल में 21 हजार 924, छत्तीसगढ़ में 17 हजार 164, दिल्ली में 16 हजार 502, बिहार में 16 हजार 107, गुजरात में 15 हजार 850, पंजाब में 15 हजार 629, झारखण्ड में 14 हजार 677, मध्य प्रदेश में 14 हजार 337, राजस्थान में 13 हजार 421 और हरयाणा में 12 हजार 622 एक्टिव मामले हैं।
————
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में ब्रहस्पतिवार 03 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। शुक्रवार 04 सितंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.