बुधवार 16 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन

नमस्कार आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में बुधवार 16 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन अब आप शरद खरे से समाचार सुनिए.
—–
रूस के सॉवरेन वेल्थ फंड ने भारत में कोरोनावायरस की वैक्सीन स्पूतनिक-5 के क्लीनिकल ट्रायल और डिस्ट्रीब्यूशन के लिए डॉ. रेड्डीज लैब से हाथ मिलाया है। दोनों कंपनियों के बीच हुए समझौते के मुताबिक आर.डी.आई.एफ. भारतीय कंपनी को वैक्सीन की 10 करोड़ डोज की सप्लाई करेगी। आर.डी.आई.एफ. के सीईओ के अनुसार स्पूतनिक फाईव वैक्सीन का ट्रायल सफल होता है तो यह नवंबर तक भारत में उपलब्ध होगी।
आर.डी.आई.एफ. के साथ ही चार अन्य भारतीय कंपनियों के साथ भी बातचीत चल रही है जो भारत में ये वैक्सीन बनाएंगी। आर.डी.आई.एफ. ने एक बयान में कहा कि उसके और डॉ. रेड्डीज के बीच हुआ समझौता इस बात का प्रमाण है कि विभिन्न देशों और संस्थाओं के बीच यह समझ बढ़ रही है कि कोरोनावायरस से लोगों को बचाने के लिए कई वैक्सीन पर काम करना आवश्यक है। कंपनी ने कहा कि रूसी वैक्सीन एडिनोवायरल वेक्टर प्लेटफॉर्म पर आधारित है और दशकों तक इस पर 250 से अधिक क्लिनिकल स्टडीज हो चुकी हैं। इसे सुरक्षित पाया गया है और इससे दीर्घकालिक दुष्प्रभाव देखने को नहीं मिले हैं।
—–
लगभग 45 वर्षों तक वास्तविक नियंत्रण रेखा पर एक भी गोली नहीं चली लेकिन चीन की नापाक हरकतों की वजह से अब बॉर्डर पर माहौल बिगड़ने लगा है। जानकारी के मुताबिक 20 दिन में पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद को लेकर भारत-चीन के बीच तीन बार फायरिंग की घटना हो चुकी है। दूसरी ओर पूर्वी लद्दाख में चीनी सेना की ओर से किए जा रहे दुस्साहस की वजह से जारी तनाव के बीच भारतीय सेना ने अपने अजेय बोफोर्स हॉवित्जर को ऑपरेशन के लिए तैयार कर लिया है।
फायरिंग की घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीन के विदेश मंत्री वांग यी रूस के मॉस्को में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक के लिए पहुंचे थे। इस बैठक से इतर भी दोनों विदेश मंत्रियों के बीच मीटिंग हुई थी और दोनों ने सीमा पर अप्रैल से जारी तनातनी पर बातचीत कर तनाव को कम करने की वकालत की थी। बातचीत के अनुसार दोनों पक्ष कॉर्प्स कमांडर-स्तरीय वार्ता करने वाले थे लेकिन अभी तक चीनी पक्ष की ओर से तारीख और समय की पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले राज्यसभा में आज एक सवाल के लिखित जवाब में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि पिछले छः महीने में भारत-चीन सीमा पर घुसपैठ का कोई मामला सामने नहीं आया है।
—–
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली दंगों के 15 आरोपियों के खिलाफ बुधवार को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून आईपीसी और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कड़कड़डूमा कोर्ट में 15 हजार से अधिक पन्नों की एक और चार्जशीट दायर कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली दंगों के मामले में आज दायर की गई इस चार्जशीट में उमर खालिद और शरजील इमाम का नाम नहीं है। उन्हें कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया था उनका नाम सप्लीमेंट्री चार्जशीट में होगा।
—–
दशकों पुराने बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में सीबीआई की विशेष अदालत 30 सितंबर को अपना अंतिम फैसला सुनाएगी। सीबीआई कोर्ट के जज सुरेंद्र कुमार यादव ने बुधवार को इस मामले में अंतिम फैसला देने के लिए 30 सितंबर की तारीख तय की है। बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में कुल 32 आरोपी हैं। इनमें भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी मुरली मनोहर जोशी कल्याण सिंह और उमा भारती सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। इस महीने की शुरुआत में सीबीआई अदालत ने सभी 32 आरोपियों के बयान दर्ज करके मामले में सभी कार्यवाही पूरी कर ली थी।
—–
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में टू व्हीलर चलाने वालों को सतर्क हो जाना चाहिये। विशेषकर यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वाले लोग। राजधानी भोपाल के एक वाहन चालक पर कोर्ट ने हेलमेट न पहनने पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। भोपाल के इतिहास में यह संभवतः पहला मौका है जब किसी शख्स पर ट्रैफिक रूल का पालन न करने पर इतना भारी जुर्माना लगाया गया हो।
—–
राजधानी दिल्ली में पिछले 10 दिनों में कंटेनमेंट जोन की संख्या में 45 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि इस दौरान कोविड-19 के होम आइसोलेशन के मामले भी 50 प्रतिशत तक बढ़कर 16 हजार 576 पर पहुंच गए हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 6 से 15 सितंबर के बीच दिल्ली में छः दिन तक लगातार प्रतिदिन 4 हजार से अधिक नए मरीजों की पुष्टि हुई वहीं 12 सितंबर को संक्रमण के 4 हजार 321 मामले दर्ज किए गए जो अब तक का एक दिन में सबसे अधिक आंकड़ा है।
इस महीने की शुरुआत के बाद से नए और एक्टिव मामले दोनों में लगातार वृद्धि देखी गई है जिसके परिणामस्वरूप कंटेनमेंट जोन की संख्या और होम आइसोलेशन के मामलों में भी वृद्धि हुई है। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो सेवाओं को 7-12 सितंबर से एक चरणबद्ध तरीके से फिर से आरंभ कर दिया गया। डी.एम.आर.सी. के अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि यदि आवश्यक हो तो केवल मेट्रो में ही सफर करें और उन्हें यह नहीं मानना चाहिए कि सब कुछ सामान्य है।
—–
फिल्म इंडस्ट्री में सुशांत सिंह मामले से आरंभ हुआ विवाद संसद तक पहुंच चुका है। और बात बॉलीवुड की थाली में छेद की हो रही है। समाजवादी पार्टी सांसद जया बच्चन ने राज्यसभा में थाली में छेद वाला बयान दिया था। इस पर कंगना राणावत ने बुधवार को भी जवाब दिया। कंगना राणावत ने ट्वीट किया कि कौन सी थाली दी है जयाजी और उनकी इंडस्ट्री ने? मैंने इस इंडस्ट्री को फेमिनिज्म सिखाया। थाली देश भक्ति नारी प्रधान फिल्मों से सजाई। यह मेरी अपनी थाली है जयाजी आपकी नहीं। जया बच्चन के बयान पर विवाद बढ़ने के बाद महाराष्ट्र की उद्धव सरकार ने मुंबई में अमिताभ बच्चन के बंगले की सुरक्षा बढ़ा दी है।
—–
कोरोना पॉजिटिव होने के बाद लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में एडमिट कराए गए कल्याण सिंह को अब यशोदा अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। पीजीआई में हालत स्थिर होने के बाद कल्याण सिंह के परिवार ने उन्हें गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में स्थित यशोदा अस्पताल में शिफ्ट कराने की इच्छा जताई थी जिसके बाद उन्हें वहां रेफर कर दिया गया।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ने बताया है कि अयोध्या के धन्नीपुर गांव में पांच एकड़ जमीन पर मस्जिद निर्माण और अन्य पब्लिक यूटीलिटी का निर्माण कार्य नवंबर के आखिर में आरंभ हो जाएगा। जमीन बीते सोमवार को आई.आई.सी.एफ. के नाम की गई थी। आई.आई.सी.एफ. के प्रवक्ता और सचिव अतथर हुसैन ने बताया कि जमीन पर अस्पताल निर्माण का काम दो वर्ष में पूरा होने की उम्मीद है।
अतथर हुसैन ने कहा कि हमने प्रोफेसर एम.एम. अख्तर से जल्द से जल्द इसका डिजाइन भेजने के लिए कहा है। प्रोफेसर अख्तर जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में वास्तुकला विभाग के प्रमुख हैं।
———
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 50 लाख को पार कर गया। देश में कोरोना के अब तक 50 लाख 45 हजार 511 मामले आ चुके हैं। इनमें से सक्रिय मरीजों की तादाद 09 लाख 99 हजार 268 और रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 39 लाख 63 हजार 228 है। इस बीमारी से हुईं मृत्यु का आंकड़ा 82 हजार 300 हो गया है। कोरोना संक्रमितों के एक्टिव मरीजों की तादाद जिन राज्यों में 20 हजार से अधिक हो गयी है उनमें महाराष्ट्र में देश के सबसे ज्यादा 02 लाख 91 हजार 797 एक्टिव मरीज हैं।
इसके बाद कर्नाटक में 98 हजार 536 एक्टिव मरीज आंध्र प्रदेश में 90 हजार 279 एक्टिव मरीज उत्तर प्रदेश में 67 हजार 02 तमिलनाडु में 46 हजार 806 उड़ीसा में 36 हजार 473 छत्तीसगढ़ में 35 हजार 951 केरल में 31 हजार 160 तेलंगाना में 30 हजार 401 दिल्ली में 29 हजार 787 असम में 29 हजार 180 पश्चिम बंगाल में 23 हजार 942 मध्य प्रदेश में 21 हजार 620 पंजाब में 21 हजार 154 और हरयाणा में 20 हजार 430 एक्टिव मामले हैं।
————
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में बुधवार 16 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। ब्रहस्पतिवार 17 सितंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं नमस्कार।
(साई फीचर्स)

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.