नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में मंगलवार 29 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन, अब आप शरद खरे से समाचार सुनिए.
—–
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव, राजेश भूषण ने बताया है, कि सीरो सर्वे की दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक, देश की एक बड़ी आबादी, अब भी कोरोना वायरस की जद में आ सकती है। डी.जी. आई.सी.एम.आर. बलराम भार्गव ने बताया कि आई.सी.एम.आर. की दूसरी नेशनल सीरो रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2020 तक, 10 साल से ज्यादा की उम्र का प्रत्येक 15वां शख्स कोरोना की चपेट में आ चुका है।
देश में कोरोना को लेकर उत्पन्न हुए हालात और वर्तमान स्थिति की जानकारी देने के लिए, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, आई.सी.एम.आर. और नीति आयोग ने मंगलवार को एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। डीजी आई.सी.एम.आर. बलराम भार्गव ने कहा, कि सीरो रिपोर्ट में एक बड़ी आबादी के कोरोना की चपेट में आने की आशंका जताई गई है, ऐसे में, फाईव टी स्ट्रैटिजी जिसमें टेस्ट, ट्रैक, ट्रेस, ट्रीट और टेक्नॉलजी शामिल है, को अपनाना होगा।
आई.सी.एम.आर. के डीजी ने राज्य सरकारों से अपील की है कि आगामी त्योहारी सीजन, सर्दी के मौसम को देखते हुए वे खास सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा, कि अगले कुछ महीनों के दौरान, कई बड़े त्योहार, सर्दी का मौसम और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की आशंका के मद्देनजर, राज्य सरकारों को नई, कंटेनमेंट स्ट्रैटिजी को अपनाना होगा।
—–
चुनाव आयोग ने दुमका, और बेरमो विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को चुनाव कार्यक्रमों का ऐलान कर दिया है। दोनों सीटों के लिए तीन नवंबर को मतदान होगा, जबकि 10 नवंबर को मतगणना होगी। मंगलवार को जारी, चुनाव कार्यक्रमों के अनुसार बेरमो, और दुमका विधानसभा उपचुनाव के साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों की, 54 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव संपन्न होंगे।
वहीं, मध्य प्रदेश उपचुनाव की तारीखों का ऐलान आज हो गया है। मध्य प्रदेश की सभी 28 सीटों पर 3 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं, वोटों की गिनती 10 नवंबर को बिहार चुनाव के साथ ही होगी। इसकी घोषणा आज चुनाव आयोग ने कर दी है। एमपी के साथ छत्तीसगढ़ के, मारवाही सीट पर भी उपचुनाव है। वहां भी वोटिंग 3 नवंबर को ही होगी।
9 अक्टूबर को वोटिंग चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो जाएगी। 16 अक्टूबर तक सभी सीटों पर प्रत्याशी पर्चा दाखिल कर सकेंगे। 17 अक्टूबर को स्क्रूटनी होगी। 19 अक्टूबर को, नामांकन वापस लेने की तारीख है। 3 नवंबर को वोटिंग होगी और 10 नवंबर को मतगणना है। वहीं, चुनावी जिलों में आज से आचार संहिता लागू हो गया है।
—–
चीन के वुहान शहर से फैले, कोरोना वायरस के प्रकोप से भारत समेत, दुनियाभर के देश, अभी निकल भी नहीं पाएं हैं कि एक और चीनी वायरस पूरे विश्व पर खतरा बनकर मंडराने लगा है। दरअसल, वैज्ञानिकों ने एक और चीनी वायरस की खोज की है, जिससे देश में बीमारी फैलने की संभावना जताई जा रही है। इस वायरस का नाम, कैट क्यू वायरस है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने भारत सरकार को चेतावनी दी है कि चीन का, कैट क्यू वायरस भारत में दस्तक दे सकता है। ये वायरस आर्थ्राेपोड-जनित वायरस की श्रेणी में आता है। ये क्यूलेक्स नामक मच्छरों के अलावा सूअर में भी पाया जाता है। खबरों की मानें तो चीन और वियतनाम में बड़े पैमाने पर लोग इस सी.क्यू.वी. वायरस से ग्रसित पाए गए हैं।
वैज्ञानिकों ने अपनी चेतावनी में कहा है कि भारत में भी क्यूलेक्स मच्छरों में, कैट क्यू वायरस जैसा ही कुछ मिला है। यह मुख्यत सूअरों में ही पाया जाता है और चीन के पालतू सूअरों में इस वायरस के खिलाफ पनपी, एंटीबॉडीज पाई गई हैं। इसका मतलब है कि कैट क्यू वायरस ने चीन में स्थानीय स्तर पर, अपना प्रकोप फैलाना आरंभ कर दिया है।
वैज्ञानिकों के अनुसार भारत में दो लोगों के सीरम सैंपल में एंटी-सी.क्यू.वी. आई.जी.जी. एंटीबॉडी मिली है। आई.सी.एम.आर. की मेडिकल पत्रिका आई.जे.एम.आर. के अनुसार, ये दोनों सैंपल कर्नाटक में वर्ष 2014, और वर्ष 2017 में लिए गए थे। आई.सी.एम.आर. के वैज्ञानिकों ने आगाह किया है कि इस वायरस का संक्रमण फैला तो सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो सकता है।
—–
महाराष्ट्र के, पालघर जिले में अधिकारियों को कांगो बुखार के संभावित प्रसार को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। क्राइमियन कांगो हेमोरेजिक फीवर (सीसीएफएफ) को कांगो बुखार भी कहा जाता है। यह टिक (किलनी) के जरिए मनुष्य में फैलता है।
जिला प्रशासन ने कहा कि कोविड-19 महामारी के मद्देनजर, पशुपालकों, मांस विक्रेताओं और पशुपालन अधिकारियों के लिए यह चिंता का विषय है। इस संबंध में समय पर ऐहतियात बरतने की आवश्यकता है क्योंकि सी.सी.एच.एफ. का कोई विशेष अथवा उपयोगी उपचार नहीं है। पालघर पशुपालन विभाग के उपायुक्त डॉक्टर प्रशांत डी कांबले ने, परिपत्र में कहा कि गुजरात के कुछ जिलों में यह बुखार पाया गया है और उसकी सीमा से लगे महाराष्ट्र के कुछ जिलों में इसके फैलने का खतरा है।
—–
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने सोमवार को बॉम्बे हाई कोर्ट में, रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती की जमानत का विरोध करते हुए दाखिल, एफिडेविट में कहा है कि ये ड्रग सिंडिकेट के एक्टिव मेंबर हैं। एनसीबी के जोनल डायरेक्टर, समीर वानखेड़े की ओर से दाखिल जवाब में कहा गया है कि इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि रिया ने ड्रग तस्करी को फाइनेंस किया। वॉट्सऐप चैट, मोबाइल, लैपटॉप और हार्ड डिस्क से निकाले गए रिकॉर्ड बताते हैं कि रिया चक्रवर्ती न केवल लगातार इसका सौदा करती थीं, बल्कि इस अवैध कारोबार को फाइनेंस भी करती थीं।
एनसीबी ने एफिडेविट में यह भी कहा है कि यह जानते हुए भी कि सुशांत सिंह राजपूत ड्रग ले रहे हैं, रिया ने इसमें उनका साथ दिया, और छुपाया। एनसीबी ने कहा, कि यदि पूरे परिदृश्य को देखें तो मौजूदा आवदेक (रिया) ने यह जानते हुए कि सुशांत सिंह राजपूत, ड्रग्स ले रहे हैं, उन्होंने इसे प्रश्रय दिया। मौजूदा आवेदक ने उपने घर में ड्रग्स को स्टोर किया और वे, सुशांत सिंह राजपूत को भी देतीं थीं।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
———
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद 61 लाख 56 हजार 722 पहुंच गई है। इसमें से सक्रिय मरीजों की तादाद 09 लाख 49 हजार 810 और रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 51 लाख 09 हजार 584 है। इस बीमारी से हुईं मृत्यु का आंकड़ा 96 हजार 468 हो गया है। कोरोना संक्रमितों के एक्टिव मरीजों की तादाद जिन राज्यों में 20 हजार से अधिक हो गयी है उनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 02 लाख 65 हजार और कर्नाटक में 01 लाख 04 हजार 48 एक्टिव मरीज हैं।
कर्नाटक के बाद आंध्र प्रदेश में 63 हजार 116 एक्टिव मरीज, केरल में 57 हजार 882, उत्तर प्रदेश में 53 हजार 953, तमिलनाडु में 46 हजार 281, उड़ीसा में 37 हजार 210, छत्तीसगढ़ में 33 हजार 44, असम में 30 हजार 662, तेलंगाना में 29 हजार 477, दिल्ली में 27 हजार 123, पश्चिम बंगाल में 25 हजार 899, मध्य प्रदेश में 21 हजार 912 और राजस्थान में 20 हजार 43 एक्टिव मामले हैं।
————
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में मंगलवार 29 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। बुधवार 30 सितंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.