बुधवार 30 सितंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में बुधवार 30 सितंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
—–
मानसून सीजन अब खत्म हो चुका है। मानसून वापसी की औपचारिक घोषणा होना शेष है। मौसम के जानकारों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अक्टूबर में रात के तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिसे के बीच रहने के आसार हैं। इससे गुलाबी ठंड का अहसास होगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार ठंड की शुरुआत 15 नवंबर के बीच होगी और दिसंबर के मध्य या तीसरे हफ्ते में कोल्ड डे अर्थात शीतल दिन की शुरुआत हो जाएगी। चौथे सप्ताह में शीत लहर चलना शुरू हो जाएगी, लेकिन रिकार्ड तोड़ ठंड का सामना नहीं होगा। सामान्य ठंड ही रहेगी। पिछले साल दिसंबर में ठंड ने रिकार्ड तोड़ दिया था।
—–
17 अक्टूबर से नवरात्र का पर्व शुरू होगा। नौ दिन तक मां भवानी के जयकारे गूंजेंगे। इस बार मातारानी घोड़े पर सवार होकर आएंगी और हाथी पर बैठकर विदा होंगी। कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार नवरात्र पर्व के दौरान शक्तिपीठों, धार्मिक स्थलों व पंडालों में मेले नहीं लगेंगे। अधिकमास के कारण एक माह की देरी से नवरात्र पर्व की शुरुआत हो रही है।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार मां दुर्गा का जिस वाहन पर आगमन होता है वह भविष्य में होने वालीं घटनाओं का संकेत देता है। मातारानी के घोड़े पर सवार होकर आना युद्ध का प्रतीक है। इससे शासन और सत्ता पर असर दिखाई देगा। इसके अलावा सोना, चांदी, बर्तन और भूमि-भवन के व्यापार में तेजी आने के संकेत भी हैं।
ज्योतिषाचार्यों ने बताया कि मां दुर्गा का वाहन सिंह है, लेकिन हर साल नवरात्र के समय तिथि व दिन के अनुसार माताजी अलग-अलग वाहनों पर सवार होकर धरती पर आती हैं। देवी भागवत पुराण में सप्ताह के सात दिन के अनुसार देवी के आगमन का अलग-अलग वाहन बताया गया है। अगर नवरात्र का आरंभ सोमवार या रविवार को हो तो माताजी हाथी पर आएंगी। शनिवार और मंगलवार को आश्विन शुक्ल प्रतिपदा यानी कलश स्थापना हो तब माता अश्व यानी घोड़े पर सवार होकर आती हैं। गुरुवार या शुक्रवार को नवरात्र का आरंभ हो रहा हो तब माताजी डोली में सवार होकर आती हैं।
—–
मध्य प्रदेश में उपचुनाव की तारीख तय होने के साथ जनप्रतिनिधियों का एक-दूसरे पर जुबानी हमला तेज हो गया है। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने भी बुधवार को एक के बाद एक कई ट्वीट कर सरकार से लेकर मीडिया और आम जनता तक पर हमला बोला। पटवारी ने ट्वीट में लिखा- अब तो विश्वास होने लगा है कि बिकी हुई मीडिया और सोई हुई जनता ही देश की बर्बादी का कारण होती है। काले कानून से किसान परेशान, बेरोजगारी से युवा परेशान, अर्थव्यवस्था कैसे सुधरे, इस पर नहीं सरकार का ध्यान, कंगना, सुशांत, रिया, छलनाा चिल्लाना यही है आज की मीडिया की पहचान, कैसे बने मेरा देश महान।
उन्होंने कहा कि पिछले 20 दिनों में, 1500 चिताएं जलीं, 500 के लगभग नए संक्रमित रोज, 25 हजार से ज्यादा संक्रमित, यह सब सरकारी आंकड़े, सच्चाई इससे और भयंकर है। इसका जिम्मेवार तो बेंगलुरु भागा हुआ पूर्व स्वास्थ्य मंत्री है। इंदौर परिवार जन के लिए कांग्रेस-भाजपा से ऊपर उठकर विचार होना चाहिए।
—–
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच प्रदेश के अस्पतालों में बदइंतजामात के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। नरसिंहपुर जिले में कोविड केयर सेंटर में हालत यह है कि गंदगी के चलते स्वस्थ व्यक्ति भी यहां आकर बीमार आ जाए। यह दावा यहां भर्ती एक लड़की ने किया है। लड़की ने अस्पताल का एक वीडियो भी बनाया है जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 साल की लड़की अपनी मां के साथ नरसिंहपुर जिले के साईं खेड़ा में स्थित आरसी लॉन कोविड केयर सेंटर में भर्ती है। वीडियो में उसने बताया है कि कोविड सेंटर में चारों ओर गंदगी का अंबार है। मरीजों के लिए न तो खाने-पीने के सही इंतजाम हैं, न ही डॉक्टर ड्यूटी पर होते हैं। मरीजों को सलाह देने के लिए कोविड सेंटर में मुश्किल से कोई मिलता है। कोरोना से संक्रमित लड़की ने प्रशासनिक बदइंतजामी की कलई खोलते हुए मुख्यमंत्री से अपील की है कि यहां के हालात सुधारे जाएं या फिर मरीजों को उनके घर भेज दिया जाए।
—–
अगर आप गाड़ी चलाते समय फोन पर बात करते हैं तो सावधान हो जाएं, क्योंकि अब अगर आप ऐसा करते हैं तो आपको एक से लेकर पांच हजार रुपए तक जुर्माना भरना पड़ सकता है। सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने ड्राइविंग से संबंधित कई नियमों में बदलाव किया है। जुर्माने के लिए सेंट्रल मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। हालांकि इस नए नियम के तहत मोबाइल फोन का इस्तेमाल आप केवल नेविगेशन के लिए कर सकते हैं।
केंद्र सरकार के नोटिफिकेशन के अनुसार इस एक्ट को एक अक्टूबर से लागू करने की बात कही गई है। वहीं मप्र में इसे इंडोर्समेंट के बाद लागू करने की जानकारी एडिशनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर अरविंद सक्सेना ने दी है। डीएसपी ट्रैफिक पराग खरे के अनुसार अब तक मोबाइल पर बात करते हुए ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन चालक के खिलाफ धारा-21 (25) बटा 177 सेंट्रल मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 500 रुपए का जुर्माना किया जाता है। अब नया प्रावधान लागू होने पर ट्रैफिक पुलिस उसी के अनुसार कार्रवाई करेगी।
—–
भोपाल के गोविंदपुरा एवं मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र के 600 से अधिक उद्योग पिछले 27 दिन से ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं होने से ठप हैं। वहां फार्मा एवं फेब्रिकेशन से जुड़े काम नहीं हो पा रहे हैं। उद्योगपतियों ने शासन-प्रशासन स्तर पर सभी जतन किए, किंतु ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो पाई है। लिहाजा, अब उद्योगपति भेल (भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड) से आस लगा रहे हैं।
भेल में ऑक्सीजन का प्लांट है। उद्योगपतियों ने कलेक्टर अविनाश लवानिया को सुझाव दिया है कि भेल के प्लांट से ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकती है। इसके लिए जिला प्रशासन पहल करते हुए भेल प्रबंधन से चर्चा करे। साथ ही गोविंदपुरा स्थित बंद पड़े एक प्लांट को भी पुनः शुरू करने के लिए उद्योगपति प्रयास कर रहे हैं।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
कोरोना के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा साढ़े सवा 62 लाख को पार कर गया है। वर्तमान में यह आंकड़ा 62 लाख 35 हजार 143 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग 42 लाख 53 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 09 लाख 41 हजार 935 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 51 लाख 94 हजार 963 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 97 हजार 634 है। अब तक देश में कुल 07 करोड़ 41 लाख 96 हजार 729 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। वहीं, मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा सवा लाख को पार कर गया है। यहां कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 81 हजार 128 से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 01 लाख 26 हजार 43 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 21 हजार 317, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 01 लाख 02 हजार 445 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 02 हजार 281 है। प्रदेश में अब तक 20 लाख 10 हजार से ज्यादा लोगों का कोविड टेस्ट कराया जा चुका है।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में बुधवार 30 सितंबर का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। ब्रहस्पतिवार 01 अक्टूबर को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

———

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.