ब्रहस्पतिवार 01 अक्टूबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में ब्रहस्पतिवार 01 अक्टूबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन, अब आप शरद खरे से समाचार सुनिए.
—–
कोरोना के बीच अनलॉक-5 की गाइडलाइंस बुधवार को जारी कर दी गईं। त्योहारों के सीजन को देखते हुए सरकार ने अनलॉक-5 में छूट बढ़ा दी है। केंद्र ने 15 अक्टूबर से सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स खोलने की स्वीकृति दे दी है। खिलाड़ियों की ट्रेनिंग के लिए स्विमिंग पूल भी खोले जा सकेंगे। इसके अलावा, एंटरटेनमेंट पार्क को खोलने की स्वीकृति भी सरकार ने दी है।
इसके तहत मल्टीप्लेक्स, थिएटर और सिनेमा को कुल क्षमता के 50 फीसदी सिटिंग कैपेसिटी के साथ खोला जाएगा। इसके लिए केंद्र एसओपी जारी करेगी। स्कूल और कोचिंग संस्थानों को खोलने के लिए राज्य सरकारों को 15 अक्टूबर के बाद फैसला लेने की इजाजत होगी। लेकिन, इसके लिए परिवार की स्वीकृति, आवश्यक होगी।
कंटेनमेंट जोन के बाहर बिजनेस टू बिजनेस एग्जीबिशन हो सकेंगीं। इसके लिए मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स अलग से गाइडलाइन जारी करेगी।
स्कूल, कोचिंग इंस्टिट्यूट्स के बारे में कहा गया है कि राज्य, 15 अक्टूबर के बाद फैसला कर पाएंगे और एसओपी बनाएंगे। पेरेंट्स की स्वीकृति आवश्यक, लेकिन उपस्थिति आवश्यक नहीं।
जमावड़ों पर सामाजिक, शैक्षणिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक समारोह को कंटेनमेंट जोन के बाहर 100 लोगों के साथ आयोजित करने की स्वीकृति दी जा चुकी है। 15 अक्टूबर के बाद राज्य और केंद्र शासित प्रदेश, इन गतिविधियों को 100 से ज्यादा लोगों के साथ करने की स्वीकृति दे सकते हैं। बंद स्थानों पर क्षमता से 50 प्रतिशत और अधिकतम 200 लोगों की अनुमति होगी।
—–
उत्तर प्रदेश पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, प्रशांत कुमार ने मंगलवार को दावा किया कि हाथरस में 19 साल की युवती के साथ रेप नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि युवती की मौत, गले में चोट लगने और उसके कारण आये, सदमे की वजह से हुई थी। फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट से भी यह साफ जाहिर होता है कि उसके साथ बलात्कार नहीं हुआ।
प्रशांत कुमार ने कहा कि वारदात के बाद युवती ने पुलिस को दिए बयान में भी अपने साथ बलात्कार होने की बात नहीं कही थी। उन्होंने कहा कि उसने सिर्फ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने और जातीय हिंसा भड़काने के लिए कुछ लोग तथ्यों को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कि पुलिस ने हाथरस मामले में तुरंत कार्रवाई की और अब हम, उन लोगों की पहचान करेंगे जिन्होंने माहौल खराब करने, और प्रदेश में जातीय हिंसा भड़काने की कोशिश की।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के लिए, विशेष अनुसंधान दल गठित किया। उन्होंने कहा कि इस घटना में जो लोग भी शामिल हैं उन्हें कतई बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, कि मेडिकल रिपोर्ट आने से पहले ही, सरकार के खिलाफ गलत बयानी की गई और पुलिस की छवि को खराब किया गया। हम पड़ताल करेंगे कि यह सब किसने किया। यह एक गंभीर मामला है और सरकार, तथा पुलिस, महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों को लेकर बेहद संजीदा है।
—–
कुवैत के प्रशासक शेख सबा-अल-अहमद,अल जाबेर-अल-सबा के निधन पर गृह मंत्रालय ने 4 अक्टूबर को देश में एक दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। शोक के दौरान सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक इस दिन सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया जाएगा और कोई सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।
—–
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए विशेष रूप से निर्मित बी-सात सौ सतत्तर विमान बृहस्पतिवार को अमेरिका से भारत पहुंच गया। सरकारी अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि विमान को जुलाई में ही विमान निर्माता कंपनी बोइंग द्वारा एअर इंडिया को सौंप दिया जाना था, लेकिन दो बार इसमें देरी हुई। पहली बार कोविड-19 महामारी के कारण देरी हुई, फिर तकनीकी कारणों से इसमें कुछ हफ्तों की देरी हुई। एअर इंडिया-वन लिखा विमान बृहस्पतिवार को अपराह्न लगभग तीन बजे टेक्सास से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। अधिकारियों ने बताया कि बोइंग से विमान प्राप्त करने के लिए एअर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी अगस्त में ही अमेरिका पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी की यात्रा के लिए एक और विशेष रूप से निर्मित बी-सात सौ सतत्तर, विमान बाद में बोइंग से प्राप्त होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों विमानों की खरीद और इनके पुनर्निर्माण की कुल लागत लगभग 8,400 करोड़ रुपये आंकी गई है। बी-सात सौ सतत्तर, विमानों में अत्याधुनिक मिसाइल रोधी प्रणाली होगी, जिसे लार्ज एयरक्राफ्ट इन्फ्रारेड काउंटरमेजर्स और सेल्फ-प्रोटेक्शन सूट्स कहा जाता है। एक अधिकारी ने बताया कि वीवीआईपी की यात्रा के दौरान, दोनों बी-सात सौ सतत्तर, विमानों को एअर इंडिया के पायलट नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना के पायलट उड़ाएंगे। वर्तमान में, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री एअर इंडिया के बी-सेवन फोर सेवन विमानों से यात्रा करते हैं।
—–
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी गुरुवार को हाथरस, गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे थे। उत्तर प्रदेश पुलिस ने उन्हें ग्रेटर नोएडा पर रोका और फिर वापस दिल्ली भेज दिया। इससे पहले पुलिस ने राहुल गांधी को अरेस्ट किया। नोएडा असिस्टेंट डीसीपी, रणविजय सिंह ने कहा कि यहां महामारी अधिनियम का उल्लंघन हो रहा है। माननीय हाई कोर्ट की अवमानना हो रही है। अभी हम इनको यहां से आगे नहीं जाने देंगे। उधर, राहुल गांधी ने कहा कि अभी पुलिस वालों ने मुझे धकेल के लाठी मारकर गिराया ठीक है, मैं कुछ नहीं कह रहा हूं, कोई प्रॉब्लम नहीं। इस हिंदुस्तान में क्या आर.एस.एस. और बीजेपी के लोग ही चल सकते हैं? क्या आम आदमी नहीं चल सकता? क्या इस देश में नरेंद्र मोदी ही पैदल जा सकते हैं? उधर, इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी, योगी सरकार को लेनी होगी, जिस तरह से प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहें, ये बंद होने चाहिए। यही स्थिति पिछले साल भी थी। उन्होंने कहा कि पिछले साल तकरीबन इसी समय हम उन्नाव की बेटी की लड़ाई लड़ रहे थे। प्रदेश में प्रतिदिऩ 11 रेप हो रहे हैं। उधर, जिला प्रशासन ने हाथरस में गैंगरेप पीड़िता के घर पर किसी के भी जाने पर पूरी तरह से रोक लगाई है। घर का इलाका बेरिकेडिंग करके सील किया गया। इसके साथ ही पूरे जिले में धारा-144 लागू कर, सीमाएं सील कर दी गई हैं। इस दौरान मीडिया की एंट्री पर भी रोक दी गई है।
—–
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में जान गंवाने वाली पीड़िता के परिवार की ओर से कुछ गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद जिलाधिकारी सवालों के घेरे में हैं। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार पर, पीड़िता की भाभी ने भी आरोप लगाते हुए कहा है कि डीएम ने उनके ससुर (पीड़िता के पिता) से कहा है कि अगर तुम्हारी बेटी अभी कोरोना से मर जाती तो क्या तुमको मुआवजा मिल पाता? इसके अलावा सोशल मीडिया पर जिलाधिकारी, और पीड़िता के पिता के बीच हुई बातचीत की एक फुटेज के कारण भी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में डीएम पीड़िता के पिता से कह रहे हैं कि आप अपनी विश्वसनीयता खत्म मत करो। ये मीडिया वाले मैं आपको बता दूं, आधे आज चले गए और आधे कल चले जाएंगे। हम आपके साथ खड़े हैं, आपकी इच्छा है कि आपको बार-बार बयान बदलना है कि नहीं बदलना है। अभी हम भी बदल जाएं।
इस वीडियो के अलावा पीड़िता की भाभी का आरोप है कि यहां बोल रहे हैं कि तुम्हारी लड़की कोरोना से मर जाती तो तुमको मुआवजा मिल पाता। पापा को धमकाया जा रहा है। से सब धमकियां मिल रही हैं। ये लोग हमें यहां रहने नहीं देंगे, डीएम ज्यादा चालबाजी कर रहे हैं। ये हम लोगों पर प्रेशर डाल रहे हैं। हालांकि मीडिया में, वायरल वीडियो पर अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने गुरुवार को कहा कि वे कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने नई दिल्ली स्थित अपने आवास में सेल्फ क्वारंटाइन करते हुए पिछले कुछ दिनों के दौरान अपने संपर्क में आए लोगों से खुद को क्वारंटाइन कर लेने की अपील भी की है।
इससे पहले, कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी, तरूण गोगोई, उप-राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गड़करी और प्रहलाद पटेल समेत कई नेताओं के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर सामने आई है।
—–
उत्तर प्रदेश में हाथरस के बाद अब बलरामपुर जिले के, गैंसड़ी इलाके में दलित युवती से गैंगरेप की घटना सामने आई है। यहां 22 साल की छात्रा को पहले किडनैप किया गया, फिर नशे के इंजेक्शन से बेहोश कर 02 आरोपियों ने दुष्कर्म किया। लड़की की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने साहिल और शाहिद नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ गैंगरेप और हत्या का केस दर्ज किया गया है।
युवती कॉलेज की फीस जमा करने के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे घर से निकली थी। शाम तक नहीं लौटी तो घरवालों ने फोन किया, लेकिन फोन बंद था। शाम लगभग 7 बजे युवती गंभीर हालत में रिक्शे से घर पहुंची। उसके हाथ पर कैनुला लगा था, बेहोशी की हालत में थी। बोल भी नहीं पा रही थी। परिजन तुरंत चिकित्सक के पास ले गए। फिर चिकित्सक के कहने पर लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही युवती की मौत हो गई।
———
भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद 63 लाख 26 हजार 373 पहुंच गई है। इसमें से सक्रिय मरीजों की तादाद 09 लाख 43 हजार 148 और रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 52 लाख 83 हजार 451 है। इस बीमारी से हुईं मृत्यु का आंकड़ा 98 हजार 862 हो गया है। कोरोना संक्रमितों के एक्टिव मरीजों की तादाद जिन राज्यों में 20 हजार से अधिक हो गयी है उनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 02 लाख 59 हजार 33 और कर्नाटक में 01 लाख 07 हजार 616 एक्टिव मरीज हैं।

कर्नाटक के बाद केरल में 67 हजार 62 एक्टिव मरीज, आंध्र प्रदेश में 58 हजार 445, उत्तर प्रदेश में 50 हजार 883, तमिलनाडु में 46 हजार 263, उड़ीसा में 36 हजार 122, असम में 34 हजार 496, छत्तीसगढ़ में 30 हजार 927, तेलंगाना में 29 हजार 58, दिल्ली में 26 हजार 908, पश्चिम बंगाल में 26 हजार 332, मध्य प्रदेश में 20 हजार 997 और राजस्थान में 20 हजार 581 एक्टिव मामले हैं।
————
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में ब्रहस्पतिवार 01 अक्टूबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। शुक्रवार 02 अक्टूबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.