नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में सोमवार 19 अक्टूबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
—–
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमल नाथ ने इमरती देवी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा ने मौन व्रत रखकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा इस मुद्दे को चुनावी मुद्दा बना पाती इससे पहले अनूपपुर से भाजपा उम्मीदवार औऱ मध्यप्रदेश के खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में मंत्री कांग्रेस उम्मीदवार की पत्नी को लेकर विवादित टिप्पणी कर रहे हैं।
दरअसल्र, मंत्री बिसाहूलाल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मंत्री अनूपपूर से कांग्रेस प्रत्याशी विश्वनाथ सिंह की पत्नी को लेकर विवादित बयान देते हुए नजर आ रहे है। बिसाहू लात्र ने विश्वनाथ की पत्नी के लिए रखैल शब्द प्रयोग किया है।
—–
कमल नाथ के विवादित बयान के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा है। रविवार को डबरा विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने कप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी को लेकर विवादित बयान दिया था। इमरती देवी को उन्होंने आइटम कहकर संबोधित किया था।
शिवराज ने लिखा- अत्यंत व्यधित मन से आपको यह पत्र लिख रहा हूं। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा उप चुनाव में प्रचार के दौरान आपकी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश की कैबिनेट मंत्री व अनुसूचित जाति की महिला नेत्री इमरती देवी पर अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी ठहाके लगाते हुए की। वह टिप्पणी इतनी अभद्र है कि मैं उसका उल्लेख अपने पत्र में करना किसी महिला का पुनः अपमान करना जैसा मानता हूं। देश के सभी राष्ट्रीय न्यूज चौनलों ने कमल नाथ द्वारा इमरती देवी पर अभद्र टिप्पणी बताकर प्रमुखता से इस खबर को दिखाया।
—–
मध्य प्रदेश में विधानसभा उप चुनाव में प्रचार के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की भाजपा महिला प्रत्याशी पर की गई टिप्पणी पर बवाल मच गया है। इस मामले को लेकर बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने कमल नाथ की बीजेपी की महिला प्रत्याशी इमरती देवी पर की गई टिप्पणी को आपत्तिजनक बताया और कांग्रेस को घेरा।
मायावती ने कहा कि इसका संज्ञान लेकर कांग्रेस आलाकमान को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। मायावती ने ट्वीट किया, मध्यप्रदेश में ग्वालियर की डबरा रिजर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव लड़ रही दलित महिला के बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम द्वारा की गई घोर महिला-विरोधी अभद्र टिप्पणी अति-शर्मनाक व अति-निन्दनीय। इसका संज्ञान लेकर कांग्रेस आलाकमान को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।
—–
प्रदेश के सिवनी जिले के अरी क्षेत्र में स्थित सुकला डैम में फेंक गए सात साल के मासूम आर्यन गुनभरे का शव रविवार दोपहर पुलिस व एसडीआरएफ ने कई घंटों की खोजबीन के बाद बरामद किया है। घुमाने के बहाने सुकला डैम लाकर मासूम को पानी में फेंकने वाले आरोपी 20 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र सुखमन तयकर निवासी सुकला को अरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो साल पुराने झगड़े का बदला लेने आरोपी धर्मेंद्र शनिवार सुबह पड़ोसी के एकलौते बेटे आर्यन को डैम लेकर गया था। मौका देखकर आरोपी ने लबालब डैम में आर्यन को फेंक दिया और वापस घर लौट गया। आर्यन के वापस घर नहीं पहुंचने पर खोजबीन शुरू की गई, लेकिन मासूम का पता नहीं चला। घटनाक्रम का पर्दाफाश करने पर अरी पुलिस ने मौके पर पहुंची और डैम से मासूम का शव निकाला।
मृतक व आरोपी दोनों पड़ोसी है। आरोपी धर्मेंद्र तयकर ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि दो साल पहले मृतक के पिता संतोष व उसके पिता सुखमन के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े के बाद पिता सुखमन को हार्ट अटैक का दौरा पड़ गया था। हालांकि इलाज के बाद पिता ठीक हो गए थे। आरोपी ने तभी पिता के साथ हुए झगड़े का बदला पड़ोसी से लेने का मन बना लिया था। मौके का इंतजार कर रहे धर्मेंद्र ने योजना बनाकर शनिवार को पड़ोसी संतोष गुनभरे के एकलौते बेटे आर्यन को साइकिल से सुकला डैम घूमाने ले गया। और मौका पाकर आर्यन को डैम में फेंक दिया, जहां पानी में डूबने से मासूम की मौत हो गई।
—–
अक्टूबर माह में एक के बाद एक कम दबाव के क्षेत्र बनने से मानसून की विदाई टल गई है। सोमवार को भी दक्षिणी आंध्रा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस सिस्टम का मप्र के मौसम पर विशेष प्रभाव पड़ने की उम्मीद काफी कम है। संभवतः इस सप्ताह प्रदेश से मानसून विदा हो जाएगा।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अमूमन प्रदेश से अक्टूबर के मध्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून विदा हो जाता है। इस बार मानसून की विदाई की शुरुआत अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने लगी थी, लेकिन ग्वालियर संभाग और रतलाम को छोड़कर कई स्थानों पर रुक-रुक कर बौछारें पड़ने का सिलसिला चलता रहा।
इस वजह से मानसून की विदाई टल गई। अक्टूबर में इस बार सोमवार को आंध्रा तट क्षेत्र में बनने जा रहा सिस्टम इस माह का चौथा कम दबाव का क्षेत्र है। हालांकि इस सिस्टम का विशेष असर मप्र पर पड़ने की संभावना कम है। उधर, एक पश्चिमी विक्षोभ भी अफगानिस्तान से उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है। मंगलवार को इसके उत्तर भारत में पहुंचने के आसार हैं। इससे हवाओं का रुख भी बदलेगा। मौसम साफ होने लगेगा और रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी। संभवतः एक सप्ताह में मानसून के विदा होने की घोषणा भी कर दी जाएगी।
—–
संस्कारधानी जबलपुर में पत्रकार जगत के तीन पत्रकारों के दुनिया से विदा होने पर भावभीनी श्रद्घांजलि दी गई। सिविक सेंटर स्थित प्रेस काम्पलेक्स में शोकसभा का आयोजन किया गया। पत्रकार हरीश चौबे, जहीर अंसारी और गोपाल अवस्थी के निधन पर शहर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पत्रकारों ने शोक जाहिर किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि तीनों पत्रकार अपने-अपने क्षेत्र के महारथी थे। अप्रत्याशित रूप से इनका जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है।
—–
उज्जैन के जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अजय निगम पर एक बुजुर्ग के इलाज के लिए उसके स्वजन से 15 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप लगे हैं। मामले में एक वीडियो भी वायरल हुआ है। स्वजन की शिकायत पर कलेक्टर आशीष सिंह ने डॉ. निगम के निलंबन का प्रस्ताव संभागायुक्त आनंद कुमार शर्मा को भेजा है।
सेठी नगर निवासी रतनलाल राठौर उम्र 59 साल बीमार होने पर 10 अक्टूबर को जिला अस्पताल पहुंचा था। उसके फेफड़ों में संक्रमण था। आरोप है कि इलाज के लिए डॉ. निगम ने इलाज के लिए 15 हजार रुपये मांगे। मरीज के बेटे प्रीतम का कहना है कि उन्होंने तीन-तीन हजार रुपये करके निगम को छह हजार रुपये दे भी दिए हैं। इसी दौरान प्रीतम ने डॉ. निगम का रुपये लेते वीडियो भी बना लिया।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
राजधानी भोपाल में अब किन्नरों का झगड़ा चरम पर पहुंच गया है। इलाकों को लेकर पहले से ही कई गुट हैं, अब वे एक दूसरे पर जानलेवा हमला करने करने लगे हैं। ऐसे ही एक मामले में सालभर पहले 30 साल की किन्नर देवीसिंह पर जानलेवा हमला करने वाले किन्नर मुस्कान मिर्जा, काजल ठाकुर, काजल बंबईया ने राजीनामे के लिए उसे बुलाकर एक फिर हमला कर दिया। उन्होंने उसके सिर के बाल काटे और फिर सिर में कैंची घोंप दी। लहूलुहान हालत में थाने पहुंची देवी सिंह ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कराया।
देवीसिंह ने बताया कि वह तलैया इलाके में रहती है। रविवार को उसकी गुरु सुरिया ने टीटी नगर मामले में सुलह करवाने के लिए उसे इमामबाड़ा बुलाया। यहां पर उनके बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान मुस्कान ने उसे पीछे से पकड़ लिया। काजल ठाकुर और काजल बंबईया उसके बाल काटने लगी। उसने छूटने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने नहीं छोड़ा। भागने का प्रयास करने पर उन्होंने उसके सिर में कैंची घोंप दी। उसने थाने जाकर तीनों के खिलाफ एफआईआर करवाई। देवी ने तीनों से उसकी जान को खतरा बताया है। उसने कहा कि उसकी हत्या करने के लिए लड़के लगाए गए हैं।
—–
देश प्रदेश में कोरोना के मरीजों की तादाद में आश्चर्य जनक तरीके से कमी आई है। अचानक कमी आना अनेक संदेहों को भी जन्म दे रही है। देश में यह आंकड़ा साढ़े 75 लाख को पार कर गया है। वर्तमान में यह आंकड़ा 75 लाख 52 हजार 262 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग 58 लाख 90 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 07 लाख 73 हजार 325 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 66 लाख 63 हजार 41 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 01 लाख 14 हजार 670 है। अब तक देश में कुल 09 करोड़ 50 लाख 83 हजार 976 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। वहीं, मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा एक लाख 60 हजार को पार कर गया है। यहां कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 01 लाख 30 हजार 853 से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 01 लाख 60 हजार 188 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 13 हजार 281, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 01 लाख 44 हजार 134 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 02 हजार 773 है। प्रदेश में अब तक 25 लाख 90 हजार से ज्यादा लोगों का कोविड टेस्ट कराया जा चुका है।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में सोमवार 19 अक्टूबर का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। मंगलवार 20 अक्टूबर को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह हर वीडियो के आखिरी में हम आपको बताते हैं। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.