नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में मंगलवार 02 मार्च 2021 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
——–
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का पहला बजट पेश किया। 01 घंटे 26 मिनट के बजट भाषण में फोकस आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश पर रहा। वित्तमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 9 मेडिकल कॉलेज श्योपुर, राजगढ़, मंडला, सिंगरौली, नीमच, मंदसौर, दमोह, छतरपुर, सिवनी में खोले जाएंगे। उन्होंने महेश्वर का नाम नहीं लिया। इस पर महेश्वर की विधायक और पूर्व मंत्री विजयालक्ष्मी साधौ ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सबका नाम लिया सिर्फ महेश्वर ही क्यों डॉप कर दिया।
——–
खंडवा से भाजपा के सांसद नंदकुमारसिंह चौहान का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके फेफड़ों में संक्रमण फैल गया था। इसके बाद उन्हें 5 फरवरी को मेदांता में एडमिट कराया गया था। उनकी रिपोर्ट निगेटिव भी आ गई थी। लेकिन उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हो रहा था।
नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत प्रदेश के नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया नंदकुमार सिंह चौहान का अंतिम संस्कार कल 3 मार्च को उनके गृह गांव शाहपुर में होगास उनका पार्थिव शरीर आज दिल्ली से भोपाल लाया जाएगा और प्रदेश कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगास
नंदकुमार चौहान मध्यप्रदेश विधानसभा के बुरहानपुर से विधायक रहे थे। 1996 में 11वीं लोकसभा में भाजपा ने उन्हें खंडवा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया और वे जीतकर संसद पहुंचे। इसके बाद 12वीं,13वीं और 14वीं लोकसभा के सदस्य रहे। 15वीं लोकसभा के चुनाव में खंडवा के कांग्रेस प्रत्याशी अरुण यादव से वे चुनाव हार गए।
——–
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने महज 80 लाख रुपये की वसूली के लिए नौ करोड़ रुपये की संपत्ति बेचने के आरोप के मामले में वित्त सचिव व सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब-तलब कर लिया है। प्रशासनिक न्यायाधीश प्रकाश श्रीवास्तव व जस्टिस वीरेंद्र सिंह की युगलपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान याचिकाकर्ता राजीव सराफ की ओर से अधिवक्ता धीरज तिवारी ने पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि जाली दस्तावेज के माध्यम से निजी उत्तरदाताओं ने उनकी संपत्ति पर ऋण लिया था, जिसे बैंक अधिकारियों ने एनपीए घोषित कर दिया। इसके साथ ही बैंक ने याचिकाकर्ता के घर की नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी।
इसके खिलाफ याचिकाकर्ता ने ऋण वसूली अधिकरण जबलपुर में मामला दायर किया। अधिकरण के समक्ष बैंक ने इस तथ्य को दबा दिया कि वे याचिकाकर्ता की संपत्ति की नीलामी कर रहे हैं। लेकिन उनकी पीठ के पीछे काम करते हुए उनकी संपत्ति को अवैध रूप से नीलाम करने के लिए कार्यरत रहे। मनमाने तरीके से महज 80 लाख रूपये के लिए नौ करोड़ रूपये की संपत्ति बेंच दी और बाकी रुपये भी नहीं दिए। याचिकाकर्ता को सुनवाई का अवसर दिए बिना बैंक ने गैर कानूनी रूप से सरफेसी अधिनियम के प्रविधानों का गलत इस्तेमाल किया। केवल पैसों के लालच में संपत्ति की नीलामी कर दी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने अनावेदकों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब कर लिया।
——–
एमडीएमए केस की जांच कर रही एसआइटी सम्राट उर्फ सार्थक याज्ञनिक के मोबाइल और ई-मेल की जांच में जुटी है। शक है कि वह नेताओं को लड़कियां व ड्रग सप्लाई करने लगा था। कईं विधायक और सांसदों से उसके गहरे संबंध थे। पुलिस तकनीकी जांच में जुटी है।
इंदौर के विजयनगर थाना टीआइ तहजीब काजी के मुताबिक वर्षा अपार्टमेंट साउथ तुकोगंज निवासी 35 वर्षीय सम्राट उर्फ सार्थक पुत्र नवनीत याज्ञनिक को 8 मार्च तक रिमांड पर लिया गया है। सार्थक पहले दिन खुद को वक्त का मारा बता रहा था। उसने कहा कि मुश्किल में दिन गुजारे और मेहनत के बल पर मुंबई पहुंचा। लेकिन रविवार रात एसपी (पूर्वी) आशुतोष बागरी ने आरोपी के मोबाइल की छानबीन की तो पूरा डेटा गायब मिला।
एसपी ने साइबर एक्सपर्ट की मदद से जांच की तो पता चला सार्थक के उत्तराखंड और महाराष्ट्र के नेताओं से दोस्ती है। देहरादून का दोस्त शिवा भी उसके साथ जुड़ा है। उनसे वह सरकारी ठेके और टेंडर दिलवाता है। जमीनों और गाड़ियों की खरीद-फरोख्त कर करोड़ों रुपये कमा चुका है। पुलिस को शक है कि वह नेताओं को लड़कियां और ड्रग भी सप्लाई करता था।
——–
प्रदेश सरकार ने आम लोगों से जुड़े कामों को सरल बनाने के लिए लोक सेवा गारंटी कानून में बड़ा बदलाव किया है। अब इसमें डीम्ड अप्रूवल को शामिल किया गया है। यानी आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, नल-बिजली कनेक्शन, इलाज राशि की मंजूरी सहित 258 तरह की सरकार द्वारा आम लोगों को दी जाने वाली सेवाओं के आवेदन को अफसर लटका नहीं सकेंगे। समयावधि में या तो आवेदन मंजूर कर सेवा प्रदान करनी होगी या कारण बताकर समयावधि में ही उसे निरस्त करना होगा। यदि अफसर ऐसा नहीं करते हैं तो पोर्टल आवेदन को स्वीकृत मान लेगा और खुद ही सेवा का ऑनलाइन सर्टिफिकेट आवेदक को जारी कर देगा।
——–
दो साल पहले कृषि विभाग से रिटायर्ड एसडीओ ने अपनी ही बंदूक से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। वह ग्वालियर के रतिराम गार्डन के पास विनय नगर सेक्टर-4 में रहते थे। मंगलवार सुबह हुई घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है।
रिटायर्ड एसडीओ ने सुसाइड नोट में अपना दर्द बयां किया है। लिखा- मकान के लिए बहू ने मुझे चोर कहा। उसके पिता-भाइयों ने मुझे पीटा और झूठे मामले दर्ज कराए। मेरी सामाजिक हत्या की है। अब जीना नहीं चाहता हूं। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
——–
प्रदेश में वर्ष 2020 में 54 हजार से ज्यादा महिलाओं से आपराधिक वारदातें हुईं। इसके अलावा साढ़े 14 से ज्यादा महिलाओं ने हेल्प लाइन नंबर 181 पर मदद मांगी। अब इसे देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों में महिला थाना खोलने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही 34 शहरी थाने, 220 अर्द्धशाहरी एवं ग्रामीण थाने तथा 199 नई पुलिस चौकियों का निर्माण किया जा रहा है।
इससे महिलाओं को अब किसी भी तरह की शिकायत होने पर सीधे महिला थाने में अपराध दर्ज कराने का एक और विकल्प मिल जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा उन महिलाओं और लड़कियों को होगा, जो दूसरे शहरों में अपराध का शिकार होने के बाद अपने घर आती हैं। ऐसे में वे अब अपने गृह जिले के महिला थाने में भी अपराध दर्ज करा सकेंगी।
महिला थाने में महिलाओं की सुविधा को देखते हुए थाना प्रभारी महिला को ही रखा जाता है। इसकी घोषणा मंगलवार को बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने की। अभी कुछ बड़े शहरों में ही महिला थाना संचालित किए जा रहे हैं।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
——–
मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर कमेंट्स करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने मध्य् प्रदेश के राजभवन के रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा कि नेहरू ने गांधी का सरनेम चुराया, लेकिन उनके आर्दशों को नहीं अपनाया। उन्होंने कहा कि नेहरू को सिगरेट लाने के लिए एक बार भोपाल स्थित राजभवन से सरकारी विमान इंदौर भेजा गया था। इसका जिक्र राजभवन के रिकॉर्ड से मिला है।
——–
जल संसाधन मछुआ कल्याण और मत्स्य विकास मंत्री तुलसी राम सिलावट ने विधान सभा में प्रस्तुत हुए बजट को शानदार और बेहतरीन बजट बताते हुए कहा की म.प्र. सरकार का बजट प्रदेश के विकास के लिए नए आयाम स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा। इस बजट ने कोरोना महामारी के समय प्रदेश और जनता को तरक्की की नई राह दिखाई है। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश बनाने लिए यह बजट प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा और युवाओं को स्व-रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।
किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रदेश में सिंचाई का क्षेत्र 65 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है। बजट में 1 लाख 27 हजार हेक्टेयर क्षेत्र की 164 नवीन सिंचाई परियोजनाएँ सम्मिलित की गई है। जल संसाधन विभाग का बजट इस वर्ष 6 हजार 436 करोड़ रूपये प्रस्तावित किया गया है। मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए 4 लाख 33 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में मछली पालन किया जा रहा है और मछुआरों की आय को दोगुना करने के लिए योजना लाए जाने की ऐतिहासिक पहल की गई है।
शिक्षा को बेहतर करने के लिए प्रदेश के स्कूलों के विकास के लिए 1500 करोड़ रूपये बजट का प्रावधान किया गया है। सीएम राइजिंग स्कूल के तहत 9 हजार 200 स्कूल खोले जाने से छात्र – छात्राओं को और बेहतर शिक्षा के अवसर मिलेंगे। प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज की घोषणा से बच्चों को स्वास्थ क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे। एमबीबीएस की सीटे भी बढ़ाई गई है, इससे प्रदेश को बेहतर डॉक्टर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना शुरू होने से बुजुर्ग माता पिता का आशीर्वाद प्रदेश की जनता और सरकार को मिलेगा। किसानों को शून्य ब्याज दर पर 1 हजार करोड़ रुपए की राशि के प्रावधान से कृषि क्षेत्र में विकास की नई राह खुलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में जल-जीवन मिशन से हर घर में शुद्ध जल उपलब्ध होगा। बजट में 4500 मेगावाट के नए सोलर पार्क की स्थापना ऊर्जा के क्षेत्र में ग्रीन और क्लीन ऊर्जा की और बेहतर कदम है। प्रदेश में 2 हजार 400 किमी से अधिक नई सड़कों को बनाने के प्रावधान से रोजगार, आधारभूत संरचना का निर्माण और उस क्षेत्र के विकास के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
——–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में मंगलवार 02 मार्च 2021 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। बुधवार 03 मार्च 2021 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह हर वीडियो के आखिरी में हम आपको बताते ही हैं। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.