नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में सोमवार 08 मार्च 2021 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
——–
प्रदेश सरकार महिलाओं को पुरुषों के समान खड़ा करने के उद्देश्य से कई योजनाएं चला रही है। थोड़ा जागरुक रहकर आप भी इनका लाभ उठा सकती हैं। कई महिलाएं इनका लाभ उठा भी रही हैं, इसलिए हमें जानना चाहिए कि सरकार महिलाओं को क्या-क्या छूट और रियायतें प्रदान करती है। मसलन, मुफ्त ड्राइविंग लाइसेंस, नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में 50ः आरक्षण और नौकरी में 33 प्रतिशत रिजर्वेशन जैसी कई योजनाएं हैं।
आईए बताते हैं महिलाओं को क्या-क्या सुविधाएं हैं, महिलाओं के लिए निशुल्क ड्राईविंग लाईसेंस की सुविधा के अलावा 06 महीने का वैतनिक मातृत्व अवकाश एवं नौकरी में 33 प्रतिशत आरक्षण के अलावा नगर निगम और पंचायत चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित कर दी गई हैं। इन आरक्षित सीटों पर महिलाएं ही चुनाव लड़ सकती हैं।
महिला को प्रॉपर्टी खरीदने में कोई छूट नहीं है। पर, यदि कोई व्यक्ति अपनी पत्नी या बेटी को सह-मालिक बनाता है तो स्टाम्प ड्यूटी 1 हजार रुपए और 100 रुपए रजिस्ट्रेशन फीस ही चुकानी होगी। वहीं, बहू को सह-मालिक बनाने पर 1 प्रतिशत स्टाम्प ड्यूटी के साथ अन्य खर्च नियमानुसार ही रहेगा। जबकि बेटे को सह-मालिक बनाने पर प्रॉपर्टी के संबंधित हिस्से की मार्केट वैल्यू की 12.50 प्रतिशत राशि स्टाम्प ड्यूटी, रजिस्ट्रेशन समेत अन्य फीस जमा करनी होगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं के नाम पर ही रजिस्ट्री हो रही है। यदि महिला के नाम कोई जमीन नहीं है, तो उसमें महिला का नाम शामिल करना अनिवार्य है। बालिकाओं को 6वीं, 10वीं और 11वीं में प्रवेश लेने और आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए कन्या साक्षरता राशि प्रदान की जाती है। गांव की बेटी योजना में भी 12वीं में 60ः अंक लाने पर प्रतिमाह 500 रुपए की राशि 10 माह तक उपलब्ध कराई जाती है।
——–
महिला दिवस के दिन सीएम शिवराज सिंह चौहान सुबह से ही सक्रिय दिख रहे हैं। महिला सुरक्षाकर्मियों के सुरक्षा घेरे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सुबह ही सीएम हाउस से निकल गए हैं। इस दौरान उन्होंने सड़क पर महिला सफाईकर्मियों से बात की है। साथ ही उनकी समस्याएं भी सुनी हैं। महिला दिवस के दिन सीएम शिवराज ने भोपाल की सड़कों पर झाड़ू लगाई है।
झाड़ू लगाने के बाद सीएम ने सड़क पर ही महिला सफाईकर्मियों के साथ चौपाल लगाई है। इसके बाद उन्होंने चाय की चुस्की के साथ चर्चा शुरू की। महिलाएं सीएम को सामने देख बोलने में संकोच कर रही थीं, इस दौरान सीएम ने उनसे पूछा कि तुम लोग कुछ बताओ। साथ ही सीएम ने पूछा कि महिलाओं के लिए और क्या होना चाहिए। महिला सफाईकर्मियों ने सीएम से कहा कि हमारे आने का टाइम तो होता है लेकिन जाने का कोई समय नहीं होता है। इस पर सीएम ने कहा कि ये तो विभागीय मसला है।
यहीं, नहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में भी आज पूरी तरह से महिलाएं तैनात हैं। महिला दिवस के दिन सीएम की सुरक्षा पूरी तरह से महिलाओं के हाथ में हैं। सीएम ने कहा कि मैंने यह दिखाने की कोशिश की है कि महिलाएं सब कुछ कर सकती हैं। सीएम ने कहा कि आज महिलाएं सफाई करने से लेकर अंतरिक्ष तक में जा रही हैं। वे हर काम बखूबी से करना जानती हैं। कई बार पुरुषों की अकड़ बहनों को पीछे रखती है। महिला दिवस पर मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि इन सफाईकर्मी बहनों के कल्याण के लिए जो भी करना पड़े, मैं करूंगा।
——–
लव जिहाद रोकने के लिए मध्यस प्रदेश विधानसभा सभा से धार्मिक स्वातंत्रता विधेयक ध्वंनिमत से पारित कर दिया गया। विपक्षी दल कांग्रेस ने विधेयक के प्रविधानों का विरोध किया। सत्ताि पक्ष की ओर से कहा गया कि बेटियों को बचाने के लिए इस विधेयक की आवश्याकता थी। विधेयक पारित होने के बाद सदन में जय श्रीराम का उदघोष भी किया गया।
शुक्रवार को सदन में इस पर चर्चा प्रस्तावित थी लेकिन अन्य कार्यों में समय अधिक लगने की वजह से इस पर चर्चा नहीं हो पाई थी। सोमवार को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग (संशोधन) विधेयक को भी चर्चा करके पारित किया जाएगा। सरकार इन कानूनों को अध्यादेश के माध्यम से प्रभावी कर चुकी है।
वहीं, नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के खातों में दूसरी किस्त की राशि जमा होनी है। इसके लिए 12 मार्च को कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसलिए संभावना है कि इसके बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित हो जाए। उधर, राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी कलेक्टरों को चुनाव के लिए तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
——–
प्रदेश में बिजली कंपनियों ने राजस्वे वसूली अभियान के तहत बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक करना शुरू कर दिया है। चौक-चौराहों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर इनके नाम सार्वजनिक किए जा रहे हैं। बकायादारों से जुड़े प्रतिद्वंद्वी इन पोस्टरों को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल कर रहे हैं। इस वजह से बकायादारों में हड़कंप मचा हुआ है।
राजधानी भोपाल में मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सुल्तानिया जोन कार्यालय ने बीते दिनों 10 बड़े बकायादारों के पोस्टर चौराहें पर लगाए थे। इनमें से तीसरे नंबर पर शामिल एक बकायादार पर एक लाख 30 हजार रुपये बकाया था, जो कि वह सालों से जमा नहीं कर रहा था। उक्त बकायादार ने जैसे ही पोस्टर में नाम देखा, तो दो दिन के भीतर एक लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद कंपनी ने पोस्टेर में उक्त बकायादार के नाम पर अलग से टेप लगा दिया है। यही स्थिति भोपाल के सभी जोन में पोस्टर लगाने के बाद बन रही है। कंपनी ने पुराने शहर में 64 बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए हैं। इन सभी के विद्युत कनेक्शन भी काटे हैं। यहां तक कि बड़े बकायादारों की दुकान, गाड़ी कुर्क करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
——–
मीनाक्षी वर्मा आज प्रदेश की गृहमंत्री हैं। मीनाक्षी गृहमंत्री बनकर दिनभर लोगों की शिकायतें सुनेंगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आरक्षक मीनाक्षी को खुद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अपनी कुर्सी पर मीनाक्षी को बैठाया। इसके बाद वे खुद बगल की आम जन की कुर्सी पर बैठे। इस अवसर पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मीनाक्षी वर्मा आज मध्यप्रदेश की गृहमंत्री हैं। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को सशक्त बनाने की पहल की जा रही है।
गृहमंत्री ने बताया कि भोपाल में महिला आरक्षक मीनाक्षी वर्मा, महिला मार्शल में तैनात हैं। वे मेरे निवास कार्यालय पर सुरक्षा में तैनात रहती हैं। भारत ही एक देश है, जो महिलाओं को मां की तरह सम्मान देता है। भारत ही एक मात्र देश है, जो देश को मां का दर्जा देता है। यह उसके लिए सबसे ऊपर है। किसी और देश को देख लो क्या वे अपने देश को इस तरह के किसी सम्मान या दर्जे से पहचाने जाते हैं। चाहे पाकिस्तान हो या दूसरा कोई देश। भारत में महिलाओं को सम्मान हमारी संस्कृति है और हम इसी से जाने जाते हैं।
——–
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मध्यप्रदेश विधानसभा की कमान महिलाओं को सौंपी गई है। विधानसभा में ऐसा पहली बार हुआ जब आसंदी पर महिला विधायक बैठीं और प्रश्नकाल की कार्यवाही हुई। विधानसभा में आज सदन की कार्रवाई से लेकर सुरक्षा का जिम्मा भी महिलाओं के हाथ में दिया गया। गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण विधानसभा में आज पेश हुआ।
अमूमन विधानसभा में सुरक्षाकर्मी पुरुष रहते हैं, लेकिन आज मार्शल की भूमिका भी महिला सुरक्षाकर्मियों को सौंपी गई। महिला दिवस के मौके पर विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने महिला मार्शल के साथ सदन में प्रवेश किया। अध्यक्ष का दंड लेकर सदन में महिला मार्शल पहुंची।
अध्यक्ष ने आसंदी पर बैठते ही महिला दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि आज विधानसभा की कार्यवाही का संचालन महिला विधायक करेंगी। अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायक एवं सभापति झूमा सोलंकी को आसंदी पर आमंत्रित किया। इसके बाद विधानसभा में प्रश्नकाल की प्रक्रिया शुरू हुई।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
——–
प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। भोपाल, इंदौर के बाद खरगोन में भी कोरोना तेजी से फैल रहा है। जिले के एक थाने में टीआई समेत नौ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उसके बाद सभी को क्वारंटीन कर दिया गया है।
जिला मुख्यालय खरगौन से 40 किलोमीटर दूर भीकनगांव थाने के थाना इंचार्ज, महिला आरक्षक सहित नौ आरक्षक कोरोना संक्रमित हैं। जैसे ही ये सूचना फैली पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भीकनगांव के सरकारी अस्पताल में रविवार को 23 पुलिस कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट किया गया। इनमें से भीकनगांव थाना इंचार्ज सहित 9 पुलिस कर्मचारियों के कोरोना निकलने के चलते खलबली मच गई। इनमें एक महिला आरक्षक भी कोरोना पॉजिटिव है। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने इसकी पुष्टि भी की है।
भीकनगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर जीएस तावड़े ने कहा कि भीकनगांव थाने के 23 पुलिस कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट किया गया। इनमें से थाना इंचार्ज सहित 9 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक महिला आरक्षक भी कोरोना पॉजिटिव है। सभी को क्वारंटीन किया गया है। गौरतलब है कि जिले अब तक 5 हजार 562 कोरोना संक्रमित लोग मिले हैं। इनमें से 110 की मौत हो गई है।
——–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में सोमवार 08 मार्च 2021 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। मंगलवार 09 मार्च 2021 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह हर वीडियो के आखिरी में हम आपको बताते ही हैं। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.