नगर पालिका तक सीमित होकर रह गए हैं विधायक मुनमुन राय : कांग्रेस

लंबे समय बाद अचानक हमलावर होती दिख रही कांग्रेस, निशाने पर आए सिवनी विधायक
(ब्यूरो कार्यालय)
सिवनी (साई)। लंबे समय तक सुसुप्तावस्था में बैठी रही जिला कांग्रेस अब हमलावर होती दिख रही है। सिवनी के विधायक दिनेश राय अब कांग्रेस के निशाने पर दिख रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि विधायक दिनेश राय अब सिर्फ और सिर्फ नगर पालिका तक ही सीमित होकर रह गए हैं।
सिवनी विधान सभा की जनता लगभग 32 वर्षो से भाजपा का विधायक चुन रही हैं जिसमें 20 वर्ष भाजपा की सरकार रही है। उसके बाद भी लगातार सिवनी का विकास, अन्य जिलों की तुलना में बहुत अधिक पिछड़ते गया। बीते इन 20 वर्षो में पंडित महेश शुक्ला को छोड़ भाजपा ने 4 में 3 विधायक भाजपा से जीतने के बाद किसी विधायक को मंत्री नही बनाया। सिवनी के पड़ोसी जिले में एक न एक प्रमुख विभाग का मंत्री बनाया जाता रहा है, सिवनी के साथ हमेशा ही भाजपा ने सौतेला व्यवहार किया है, विकास के नाम पर सिर्फ घोषणाएॅ हुई है जो आज दिनांक तक पूरी नहीं हुई।
उक्ताशय की बात जिला कांग्रेस द्वारा जारी विज्ञप्ति में कही गई है। विज्ञप्ति के अनुसार सुश्री विमला वर्मा जी के प्रदेश में मंत्री रहते हुये सिवनी जिला पड़ोसी जिलो का केन्द्र हुआ करता था। परिवहन, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, राज्य परिवहन निगम और ऐसे अनेक विभागों का मुख्यालय सिवनी जिला हुआ करता था। भाजपा के प्रदेश में सत्ता में आते ही धीरे-धीरे सिवनी से सब कुछ छिनता रहा और सिवनी के चुने हुये विधायक सिवनी की चिंता छोड़ खुद की आर्थिक स्थिती मजबूत करते रहे।
जिला असंगठित कामगार कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नितिन शुक्ला द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया कि वर्तमान सिवनी विधायक दिनेश राय ने चुनाव के पहले बड़ी-बड़ी घोषणाएॅ, बड़ी-बड़ी बाते, बड़े-बडे़ वादे, सिवनी की जनता से किये। सिवनी की जनता ने आप पर विश्वास करते हुये निर्दलीय विधायक बनाया, उन 5 वर्षो में भी आपके द्वारा सिवनी के विकास के लिये कोई काम नहीं किये गये। भाजपा में आप किन परिस्थिती में आये यह किसी से छिपा नही है एक बार फिर सिवनी की जनता ने आपको विधायक बनाया। लेकिन सत्ता होने के बाद भी इन 03 वर्षो में सिवनी की जनता को निराशा ही हाथ लगी। आपका दायरा सिवनी नगर पालिका तक सिमट कर रह गया, तालाब के चबूतरे, एक-दो वार्डो में बिजली के खम्बे, हाई मास्ट, स्ट्रीट लाईट, नगरपालिका में डीजल का हिसाब इत्यादि, यह ऐसे कार्य है नगरपालिका इन्हें करने में सक्षम है।
श्री शुक्ला ने आगे कहा कि आपने चुनाव में वादा किया था कि भीमगढ़ का पानी दूसरे जिले को क्यो दिया जा रहा है, सिवनी संभाग का मुख्यालय बनना चाहिये, ब्राडगेज का काम दूसरे जिले की अपेक्षा सिवनी में मंद गति से क्यो हो रहा है, सिवनी में उद्योग धंधे नही है, सिवनी में मेड़िकल कालेज और इंजीनिरिंग कालेज नही है जबकि पडोसी जिलो में दर्जनों क्यो है, सिवनी में आज भी किसानों के परिवार की आर्थिक हालत कमजोर क्यो है, सिवनी का विधायक इतना दमदार क्यो नही कि वह शासन प्रशासन से जनता के काम करा सकें।
उन्होंने कहा कि आपने यह भी कहा था मैं केवल 01 साल का विधायक बनूगा, अगर आपकी अपेक्षाओं पर खरा नही उतरा तो आपको मुझे हटाने का अधिकार होगा। लखनादौन में प्रति वर्ष जनता की अदालत में जनमत मांगने वाले सिवनी के विधायक बनते ही आपने सिवनी की जनता से जनमत क्यो नहीं मांगा। सिवनी नगर पालिका से बाहर निकलिए सिवनी नगर पालिका के छोटे छोटे कामों का भूमि पूजन कर प्रचारित करने से सिवनी का विकास नही होगा। सिवनी की जनता से आपने जो वादे किये थे उसे पूरा कीजिये।

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.