महिला चिकित्सक ने जमकर हड़काया बीएमओ को!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 अप्रैल 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
प्रदेश में कोरोना की चौथी लहर का खतरा तेजी से बढ़ सकता है। चाथी लहर का डर इसलिए भी है क्योंकि शालाएं खुलने और परीक्षाओं के दौरान 50 दिन में ही प्रदेश भर में 95 बच्चे संक्रमित मिल चुके हैं। सभी की उम्र 10 साल से कम है अर्थात इन्हें टीका नहीं लगा है। चौथी लहर की आहट इसलिए भी है कि मार्च में हुई होल जीनोम सीक्वेंसिंग में हर 10वें सैंपल में ओमिक्रॉन या फिर इसके सब वैरिएंट मिले हैं। विशेषज्ञों की मानें तो 12 या इस साल से कम उम्र के बच्चे नॉन वैक्सीनेटेड हैं, ऐसे में संक्रमण से इस एजग्रुप को सुरक्षित रखने के लिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है।
——–
देवास जिले में सोनकच्छ सिविल हॉस्पिटल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला डॉक्टर कार में बैठे ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर पर अपनी भड़ास निकाल रही है। महिला डॉक्टर की नाराजगी देख ऑफिसर वहां से चुपचाप चलते दिखाई देते हैं। महिला डॉक्टर रोजाना ही 12 – 12 घंटे की ड्यूटी लगाए जाने से नाराज थी। 12 घंटे की ड्यूटी की वजह से ही वह बीएमओ पर भड़क गई। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
——–
खरगोन में रामनवमी जुलूस के दौरान उपद्रवियों ने एसपी को गोली मार दी थी। एसपी सिद्धार्थ चौधरी को गोली मारने वाले आरोपियों की पहचान हो गई है। इसके साथ ही पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। गोली और तलवार चलाने वाले आरोपियों के नाम सामने आए हैं। दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से अभी बाहर हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही खरगोन दंगे के अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई चल रही है।
——–
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ व दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से करीब एक घंटे तक मुलाकात की है। दोपहर में शुरू हुई इस मुलाकात के दौरान एआईसीसी के महासचिव मुकुल वासनिक और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। इस मुलाकात को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की तरफ से कहा गया कि देश में मौजूदा स्थिति, नए राजनीतिक घटनाक्रम, देश भर में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव और कुछ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 अप्रैल 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन।
——–
कांग्रेस में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) की भूमिका अभी तय होनी बाकी है, पर उनकी सक्रियता को लेकर माना जा रहा है कि वे प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वर्ष 2020 के विधानसभा उपचुनाव के समय सत्ता में वापसी के लिए पार्टी ने उनसे संपर्क साधा था, पर बात नहीं बन पाई थी। वे सभी फैसलों में भागीदारी चाहते थे, जिसके लिए प्रदेश कांग्रेस तैयार नहीं थी। उधर, प्रदेश भाजपा ने कहा कि प्रशांत किशोर या कोई भी आए, हमें कोई चिंता नहीं है। सूत्रों के मुताबिक प्रशांत किशोर की सेवाएं मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा लिए जाने की चर्चाएं काफी समय से चल रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ से उनके व्यक्तिगत संबंध हैं। वे भोपाल भी आ चुके हैं। वर्ष 2020 में कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने के बाद हुए 28 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में भी उनकी सेवाएं लेने को लेकर बात चली थी, लेकिन यह अंतिम रूप नहीं ले पाई।
——–
नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा के तहसील कार्यालय में बंदर के बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। इससे यहां एक अजीबो गरीब स्थिति बन गई। बच्चे की मौत के बाद यहां बंदरों का झुंड पहुंच गया। बंदरों ने तहसील कार्यालय में घंटों उत्पात मचाया। वे यहां आने वाले लोगों को मारने के लिए दौड़ रहे थे।
——–
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा है कि उत्तरप्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए लिया गया नीतिगत निर्णय अभिनंदनीय है। हम भी मध्यप्रदेश में इस प्रकार का निर्णय लें। उमा भारती ने ट्वीट कर यह बयान जारी किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने लाउडस्पीकर को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सभी लोगों को अपनी धार्मिक विचारधारा के अनुसार अपनी उपासना पद्धति को मानने की स्वतंत्रता है। इसके लिए माइक और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल भी किया जा सकता है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाए कि साउंड सिस्टम की आवाज उस धार्मिक परिसर से बाहर न जाए।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार की शाम भेल क्षेत्र के जंबूरी मैदान पहुँचकर आगामी 22 अप्रैल को वन समितियों के सम्मेलन के कार्यक्रम की तैयारियाँ देखी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अनेक जन-प्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के वनवासियों को तेंदूपत्ता बोनस का वितरण भी किया जाएगा। साथ ही उपलब्धियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों के मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रबंधों की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी व्यवस्थाएँ 21 अप्रैल दोपहर तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 अप्रैल 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वनांचल के संरक्षित क्षेत्रों से विस्थापित परिवारों को आजीविका से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास आवश्यक है। प्रवेश में विस्थापित ऐसे परिवारों के युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाकर उनका कौशल उन्नयन कर रोजगार गतिविधियों से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में बढ़ रही बाघों की संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बाघों के व्यवस्थित प्रबंधन की आवश्यकता बताई।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर प्रदेश में माफिया के विरुद्ध कार्यवाही का सिलसिला लगातार जारी है। माफिया विरोधी अभियान में आज जबलपुर प्रशासन द्वारा बड़ी कार्यवाही कर करीब 23 हजार वर्गफुट शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई शासकीय भूमि की कीमत लगभग 13 करोड़ 80 लाख रूपये है। बुधवार को हुई कार्यवाही में आधारताल तहसील के अंतर्गत मनमोहन नगर गायत्री मंदिर के पास उद्योग विभाग की 10 हजार वर्गफुट भूमि को गोहलपुर निवासी माफिया आसिफ के अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। आसिफ द्वारा इस शासकीय भूमि पर बाउंड्रीवाल एवं सड़क निर्माण कर कब्जा कर लिया गया था, जिसे नगर निगम और पुलिस के सहयोग से हटा दिया गया। बाउंड्रीवाल की आड़ में यहाँ अनैतिक गतिविधियाँ भी संचालित की जाती थी। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई इस शासकीय भूमि का बाजार मूल्य लगभग 6 करोड़ रुपये है, यहाँ बनाई गई कांक्रीट सड़क एवं बाउंड्रीवाल की कीमत लगभग 12 लाख रूपये आंकी गई है। एक अन्य कार्यवाही में राजेश खटीक के अवैध कब्जे से 3 हजार वर्गफुट भूमि को भी मुक्त कराया गया। राजेश खटीक द्वारा उद्योग विभाग को आवंटित भूमि के हिस्से पर अतिक्रमण कर गौ-शाला का निर्माण कर लिया गया था। अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई इस भूमि की अनुमानित कीमत करीब 1.80 करोड़ रूपये बताई है। इसके साथ ही उद्योग विभाग को आवंटित भूमि में से 10 हजार वर्गफुट भूमि पचौरी पेट्रोल पंप के संचालक के कब्जे से मुक्त कराई गई। पेट्रोल पंप के संचालक को किसी अन्य व्यक्ति द्वारा यह भूमि बेच दी गई थी। इस भूमि की कीमत लगभग 6 करोड़ रूपये बताई गई है।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 अप्रैल 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। ब्रहस्पतिवार 21 अप्रैल 2022 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना दोपहर दो बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.