दिल्ली एनसीआर में हवा का स्तर बहुत खराब श्रेणी में . . .

2025 में 01 अक्टूबर से ट्रक्स में वातानुकूलित केबिन अनिवार्य

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 10 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

भाजपा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद पर नाम का ऐलान कर दिया है। विष्णुदेव साय को प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी ने बड़ा दांव खेलते हुए आदिवासी नेता को सूबे का चेहरा बनाया है। भाजपा सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने विष्णुदेव साय का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया है। इस तरह तमाम अटकलों पर विराम लग गया है।

विधायक दल की बैठक में लिए गए इस फैसले में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और अर्जुन मुंडा और दुष्यंत कुमार गौतम के अलावा छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रभारी ओम माथुर भी मौजूद रहे। सुबह करीब नौ बजे केंद्रीय पर्यवेक्षक रायपुर पहुंचे। दोपहर बारह बजे से विधायकों के साथ सीएम के नाम पर मंथन चला।

——–

राजस्थान में भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को होगी। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडे मंगलवार की सुबह जयपुर पहुंचेंगे। इसी दिन उनकी विधायकों के साथ बैठक होगी और उम्मीद है की मुख्यमंत्री के नाम से कुहासा हट जाएगा। इस बीच आज भाजपा विधायकों प्रताप सिंह सिंघवी, अजय सिंह किलक और अंशुमान भाटी ने वसुंधरा राजे सिंधिया से उनके आवास पर मुलाकात। बीजेपी नेता प्रहलाद गुंजल और पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी भी राजे से मिले।

——–

विपक्षी इंडिया गठबंधन की बैठक अगले 7 से 8 दिनों में होने वाली है। कांग्रेस के उच्च पदस्था सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस बैठक में कॉमन प्रोग्राम और सीट शेयरिंग पर बातचीत होने वाली है। इस बैठक में विपक्ष दल बैठकर ये तय करेंगे कि चुनाव के लिए कॉमन एजेंडा क्या होने वाला है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष ने इंडिया गठबंधन बनाया है, जिसका मकसद बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को हराना है।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पार्टी को लगता है कि अब उनके पास 2024 लोकसभा चुनाव के लिए ज्यादा वक्त नहीं बचा हुआ है। मार्च के पहले हफ्ते में आम चुनाव की तारीख का ऐलान हो सकता है। सूत्र ने बताया कि इस तरह पार्टी और इंडिया गठबंधन के पास सिर्फ ढाई महीने का वक्त बचा हुआ है। अभी से ही इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।

——–

देश में ट्रकों की बदहाल व्यवस्था को देखते हुए भारत सरकार ने सभी ट्रकों में वातानुकूलित अर्थात एसी केबिन को अनिवार्य कर दिया है, सड़क परिवहन मंत्रालय ने एक नोटिस जारी करते हुए कहा है कि 2025 से सभी नए ट्रकों में चालकों के लिए फैक्ट्री फिटेड एसी केबिन होना अनिवार्य होगा। पिछले पांच सालों में कई बार की कवायदों के बाद आखिरकार सरकार ने इम्प्लिमेंटेशन की तारीख तय कर दी है। मंत्रालय ने शुक्रवार रात जारी एक राजपत्र अधिसूचना में कहा कि, 1 अक्टूबर, 2025 या उसके बाद बने सभी एन 2 और एन 3 कैटेगरी के ट्रकों के केबिन के लिए एयर कंडीशनिंग सिस्टम लगाया जाएगा।

अधिसूचना में कहा गया है कि एयर कंडीशनिंग सिस्टम से लैस केबिन की टेस्टिंग अधिसूचित ऑटोमोटिव मानकों के अनुसार होगा। इसमें एन 2 और एन 3 कैटेगरी के कमर्शियल वाहन शामिल होंगे। ये मानक ट्रक निर्माताओं को एसी सिस्टम वाले केबिन के साथ चेसिस बेचने का मार्ग भी प्रशस्त करेंगे। मौजूदा समय में, ट्रक बॉडी बनाने वाले बिल्डर फिट करते हैं। इसलिए ट्रक के डैशबोर्ड सहित एसी केबिन्स में मॉडिफिकेशन की जरूरत होगी, इसलिए ट्रक निर्माता कंपनियों को स्वयं लगाना होगा। जिससे केबिन को फिट करने के लिए वाहन बॉडी बिल्डरों की जरूरत समाप्त हो जाएगी। बता दें कि एक नॉन-प्रॉफ़िटेबल ऑर्ग्नाइजेशन ने 2020 में 10 राज्यों में ट्रक ड्राइवरों का सर्वेक्ष।ा किया था जिसमें लगभग आधे से ज्यादा ट्रक ड्राइवरों ने इस बात को स्वीकार किया था कि वे थकान या नींद महसूस होने पर भी ट्रक चलाते हैं।

आईए अब आपको बताते हैं कि एन सीरीज के वाहन कौन से होंगे। एन 2 कैटेगरी में वे भारी मालवाहक वाहन आते हैं जिनका कुल वजन साढ़े तीन टन से ज्यादा और 12 टन से कम होता है। इसी तरह एन 3 कैटेगरी में वे भारी मालवाहक वाहन आते हैं जिनका कुल वजन 12 टन से अधिक है।

——–

विश्वभर में तबाही मचा चुके कोरोना वायरस ने सर्दियां आते ही फिर से भारत में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों की मानें तो पिछले 24 घंटे के भीतर देश में कोविड 19 के संक्रमित मामलों की संख्घ्या 166 रिकॉर्ड की गई, इसके बाद सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 895 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार 10 दिसंबर सुबह 8 बजे तक के कोरोना संक्रमित मरीजों के आंकड़े जारी किए गए। सबसे ज्घ्यादा मामले केरल से दर्ज किए गए हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दी के मौसम में इन्फ्लुएंजा के मामलों के बढ़ने के साथ लोगों में खांसी, जुकाम और निमोनिया जैसी बीमारियां भी तेजी से बढ़ने लगती है। इस सबसे बचने के लिए भी लोगों को एहतियाती कदम उठाने की जरूरत है।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 10 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन।

——–

बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने आज अपने भतीजे आकाश आनंद को अपना राजनैतिक उत्तराधिकारी घोषित कर दिया। लखनऊ में आयोजित पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में मायावती ने आकाश को लेकर ये बड़ी घोषणा की। आकाश आनंद मायावती के भाई आनंद कुमार के बेटे हैं। उन्होंने स्कूली पढ़ाई गुरुग्राम से और उच्च शिक्षा विदेशों से की है। हाल ही में आकाश की शादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक सिद्धार्थ की बेटी डॉ प्रज्ञा सिद्धार्थ से हुई है।

बीएसपी के नेशनल कॉर्डिनेटर आकाश आनंद अब घोषित तौर पर मायावती के उत्तराधिकारी होंगे। आकाश का राजनीति में प्रवेश 2017 में हुआ, जब वो मायावती के साथ सहारनपुर में एक कार्यक्रम में मंच पर दिखे। इसके बाद वो अक्सर पार्टी की बैठकों में भी शामिल होते रहे और धीरे धीरे उनका राजनैतिक कद भी बढ़ता गया। मायावती ने उन्हें नेशनल कॉर्डिनेटर बनाया है। हाल ही में हुए राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिज़ोरम के चुनाव में आकाश को ज़िम्मेदारी दी गई थी।

——–

इंडोनेशिया सरकार भारत सहित 20 देशों के पर्यटकों को निःशुल्क प्रवेश वीसा जारी करने पर विचार कर रही है। यह प्रस्ताव पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर को तेज करने के उद्देश्य से किया गया है। इंडोनेशिया सरकार का अनुमान है कि फ्री एंट्री वीसा से घरेलू उपभोग बढ़ेगा और डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। फिलहाल मलेशिया और थाइलैंड के लिए भी भारतीय पर्यटकों को फ्री एंट्री वीसा उपलब्ध है।

——–

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के उद्देश्य से युवाओं के विचार जानने के लिए कल एक कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीवीआर सुब्रमण्यम ने आज नई दिल्ली में कहा कि इस कार्यक्रम में लगभग सात सौ विश्वविद्यालयों के कुलपति और संस्थानों के प्रमुख उपस्थिति रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राजभवन में विकसित भारत पर एक दिन की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। श्री सुब्रमण्यम ने कहा कि विद्यार्थियों के विचारों को विकसित भारत के दृष्टिकोण में शामिल किया जाएगा।

——–

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार कल 11 दिसम्बर, 2023 को डॉ. अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय सेंटर (डीएआईसी), नई दिल्ली के सम्मेलन कक्ष 1 में विशिष्ट अग्रणी भारतीय आईक्यू परीक्षण उपकरण का उपयोग करके बनाए गए विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र  यूडीआईडी प्रदान करेंगे। यह कार्ड 7 दिव्यांगजनों को दिए जाएंगे। वंशिका नंद किशोर माने नाम की 2 वर्षीय दिव्यांग बालिका को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार एक करोड़वां विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र सौंपेंगे। यह यूडीआई परियोजना के दूरगामी प्रभाव का एक प्रमाण है। इस परियोजना का शुभारंभ 27 जनवरी, 2017 को मध्य प्रदेश के दतिया में किया गया था।

——–

उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड ने कहा कि मानवाधिकारों के प्रसार और सशक्तिकरण के लिए देश में बुनियादी ढांचे का व्यापक विकास आवश्यक है। आज नई दिल्ली में भारत मंडपम में मानवाधिकार दिवस पर उन्होंने कहा कि मानवाधिकार का विकास उसी समाज में होता है जहां सबके लिए कानून और न्याय एक समान हो। श्री धनखड ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेह शासन मौजूदा सरकार की कार्यशैली का हिस्सा है और इससे मानवाधिकारों को बढ़ावा मिला है। इस अवसर पर राष्ट्रीय मावनाधिकार आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत न्यायाधीश अरूण कुमार मिश्रा ने कहा कि पूरी दुनिया में आतंकवाद के कारण नागरिकों के मानवाधिकारों का गंभीर हनन हुआ है।

——–

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में राजघाट के पास महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गांधी अब भी प्रासंगिक बने हुए हैं और उनकी विशालकाय प्रतिमा की स्थापना एक सराहनीय कदम है। रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारा है और देश की जनता की सेवा की है।

——–

सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडेय आज नई दिल्ली के जवाहरलाल स्टेडियम में सेवानिवृत सैनिकों की सम्मान दौड में शामिल हुए। इसका आयोजन भारतीय सेना ने सेवानिवृत सैनिकों के असाधारण शौर्य के सम्मान में किया था। भारतीय सेना के सेवानिवृत सैनिकों की हॉफ मैराथन करगिल युद्ध के राष्घ्ट्रीय रजत जयंती समारोह का एक हिस्सा है। यह मैराथन करगिल युद्ध में सैनिकों के बलिदान और शौर्य के प्रति सम्मान और उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

——–

नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज आन्ध्रप्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में राजा महेन्द्रवर्मन हवाईअड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी। इस टर्मिनल के निर्माण पर साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसकी क्षमता प्रतिवर्ष 30 लाख यात्रियों को हैंडल करने की होगी। श्री सिंधिया ने कहा कि अत्याधुनिक सुविधा वाले इस टर्मिनल से गोदावरी डेल्टा क्षेत्र खुशहाल होगा।

——–

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा है कि वर्ष 2070 तक ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन से पूर्ण मुक्ति का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए परिवहन क्षेत्र को कार्बन से मुक्त करना आवश्यक है। भारत अमरीका भुगतान सुरक्षा तंत्र पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कार्बन मुक्ति का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए भारत में इलेक्ट्रिक बसों को अपनाना जरूरी है।

——–

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली एनसीआर में हवा की गुणवत्ता लगातार बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आज सुबह 10 बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 313 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार तक हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रहने की आशंका व्यक्त की है।

कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से नीचे जाना जारी है। दक्षिण-कश्मीर के अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम सबसे अधिक ठंडा रहा। यहां तापमान शून्य से पांच दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान चार दशमलव चार डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।

——–

प्रथम खेलो इंडिया पैरा गेम्स आज से नई दिल्ली में शुरू हो चुके हैं। आठ दिन के इस आयोजन में सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड सहित 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एक हजार चार सौ से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पैरा गेम्स में शामिल खिलाड़ी सात प्रतिस्पर्धाओं एथलेटिक्स, निशानेबाजी, तीरंदाजी, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और भारोत्तोलन के लिए स्पर्धा करेंगे।

——–

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी 20 क्रिकेट श्रृंखला का पहला मैच आज शाम साढ़े सात बजे डरबन में खेला जाएगा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली युवा टीम में कई नए खिलाडी हैं।

उधर, महिला टवेन्टी-टवेन्टी क्रिकेट श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच आज शाम मुम्बई के वानखेडे स्टेडियम में खेला जाएगा। इस श्रृंखला में इंग्लैंड पहले ही दो शून्य की बढ़त बना चुका है।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में रविवार 10 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। सोमवार 11 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)