मध्य प्रदेश में सीएम के लिए विधायक दल की बैठक आज

लोकसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की कमान होगी कमल नाथ के हाथ!
नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 10 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की आशातीत सफलता बाद अब यह प्रश्न सियासी गलियारों में गूंज रहा है कि देश के हृदय प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपना मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैलाश विजयवर्गीय, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल, राकेश सिंह आदि जैसे लोग प्रबल दावेदार हैं।
मध्यप्रदेश में राज्य के नए मुख्यमंत्री का नाम कल घोषित हो सकता है। भाजपा ने कल विधायक दल की बैठक बुलाई है। भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए कल शाम 4 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक आयोजित की गयी है। बैठक में भारतीय जनता पार्टी संसदीय बोर्ड द्वारा नियुक्त केन्द्रीय पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के रार्ष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण, पार्टी की रार्ष्ट्रीय सचिव सुश्री आशा लाकड़ा मौजूद रहेगें। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता भी बैठक में उपस्थित रहेंगे। मप्र में भाजपा ने 230 सदस्यीय विधानसभा में 163 सीटें जीती हैं।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत प्राप्त होने के बाद आज खंडवा जिले की तीर्थ भूमि सिंगाजी पहुंचेंगे। मतगणना के बाद श्री चौहान लगातार धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर दर्शन व पूजा अर्चना कर रहे हैं और अलग-अलग जिलों में पहुंचकर जनता का आभार भी व्यक्त कर रहे हैं।
——–
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विजय दिवस के बहादुर वीरों के प्रति पूरा देश नत मस्तक है। राष्ट्र आजीवन उन परिवारों का ऋणी है जिन्होंने अपने सपूतों को मातृभूमि के लिए कुर्बान कर दिया। अंतिम साँस तक लड़ते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले हर जवान को मैं नमन करता हूँ। उन्होंने विकसित भारत एट द रेट 2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने के प्रयासों में आगे बढ़कर सहयोग का प्रदेशवासियों से आह्वान किया है।
श्री पटेल पूर्व सैनिकों के संगठन इंडियन वेटरंस आर्गनाइजेशन द्वारा शौर्य स्मारक में आयोजित विजय दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शौर्य स्मारक पर विजय दिवस वीर-शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन जोगिन्दर सिंह सेंगर उपस्थित थे।
——–
विकसित भारत संकल्प यात्रा में नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में कैम्प लगाकर सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं संबंधी लक्षित और पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सुविधाएँ सुलभ कराने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थलों पर स्वास्थ्य शिविर लगाये जा रहे हैं। इनमें सामान्य जाँच की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम स्थलों पर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के हितग्राहियों के आवेदन भी प्राप्त किये जा रहे हैं। ऐसे किसान, पशुपालक, मछुआरे, जिनके पास क्रेडिट कार्ड नहीं हैं, उनके आवेदन लेने और संबंधित बैंकों से समन्वय कर क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की कार्यवाही भी की जा रही है। कैम्प में आधार कार्ड के अपडेशन का कार्य और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया जा रहा है।
यात्रा के दौरान कार्यक्रम स्थलों पर लगाये गये कैम्प में पेंशन योजनाओं के स्टॉल भी लगाये जा रहे हैं। इसमें वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन की जानकारी देने के साथ ही प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों के स्टॉल भी लगाये जा रहे हैं। स्व-सहायता समूहों को मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी जा रही है।
——–
सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति श्री जितेन्द्र कुमार महेश्वरी ने कहा है कि समाज और सरकार की शुद्ध अंतकरणीय चेतना से बंदियों के नागरिक अधिकारों की सुरक्षा हो सकती है और वे देश के सभी मानव जैसे ही विकास में भागीदार हो सकते है। उन्होंने शासन को सुझाव दिया कि पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किसी एक जेल को आदर्श रूप देकर बंदियों को सेहतमंद बनाकर उनके सभी मौलिक अधिकारों को अमल में लाया जा सकता है। न्यायमूर्ति श्री महेश्वरी रविवार को प्रशासन और प्रबंधकीय अकादमी में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग द्वारा अंतराष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस पर बंदियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा अधिकार मानव अधिकार विषय पर सेमीनार में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 10 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
इंदौर से उज्जैन के बीच का सफर आसान होने जा रहा है। यात्रियों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विशेष पहल करते हुए दोनों शहरों के बीच वंदे मेट्रो ट्रेन शुरू करने जा रहा है। सांसद शंकर लालवानी ने घोषणा करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और उनसे ट्रेन शुरू करने का अनुरोध किया था। सांसद लालवानी के अनुरोध पर रेल मंत्री ने तुरंत सहमति भी दे दी। यह ट्रेन 8 कोच वाली फास्ट पैसेंजर के रूप में चलेगी।
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि इंदौर-नागपुर वंदे भारत ट्रेन की सौगात के बाद, इंदौर-उज्जैन के बीच वंदे मेट्रो ट्रेन मिलना शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सहूलत मिलेगी। यह कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक होगा। भारतीय रेलवे बहुत जल्द ट्रेन का शेड्यूल तैयार करेगा और इसके शुरू होने की तारीख की घोषणा करेगा। 2028 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक का दबाव कम करने में ट्रेन अहम भूमिका निभाएगी।
——–
गुना में श्वान के बच्चे की हत्या पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संज्ञान लिया है। श्री सिंधिया ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुख्यमंत्री को टेग करते हुए लिखा कि यह भयावह और परेशान करने वाला है। जिसके जवाब में श्री चौहान ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार व्यक्ति को परिणाम भुगतने होंगे। दरअसल कल गुना का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रहा था जिसमें एक शख्स एक श्वान के बच्चे को पटकते हुए और फिर पैरों से कुचलकर मारते हुए दिखाई दे रहा था। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्र वाई की मांग की है।
——–
मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में देव दर्शन करने के बाद भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हार और जीत से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता और नेताओं के प्रेम से वो पूरी तरह अभिभूत हैं।
अब उन्होंने एक बार फिर अपने ही अंदाज में सोशल मीडिया पर सक्रियता दिखाते हुए साफ कर दिया कि वे आगे भी सोशल मीडिया के साथ-साथ मैदान में भी सक्रिय रहेंगे। बीजेपी की ओर से सरकार के प्रवक्ता के रूप में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कई बार शायराना अंदाज में कांग्रेस पर निशाना साधा। उनके शेर-ओ-शायरी की वजह से उनके बयानों में और भी कसावट देखने को मिलती थी। दतिया में फिर एक बार उनका यही अंदाज देखने को मिला है।
——–
मध्य प्रदेश की छतरपुर पुलिस ने इंटरपोल की सहायता से बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री को ई-मेल के जरिए जान से मारने की धमकी भेजने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले शख्स को गिरफ्तार किया गया है, जो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने की बात कह रहा है। आरोपी को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पंडित धीरेंद्र शास्त्री को धमकी देने वाला आरोपी बिहार के नालंदा जिले के शंकरडीह इलाके का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी ईमेल आईडी से बागेश्वर धाम की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मैसेज भेजा था। ईमेल के बाद बमीठा थाने में 20 अक्टूबर 2023 को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 387 और 507 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 10 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
भारतीय जनता पार्टी में भले ही अभी मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री चुनने की रस्साकसी चल रही हो लेकिन कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली में एमपी में चुनाव में हार पर चर्चा के लिए बुलाई केंद्रीय नेताओं की बैठक में यह भी तय हो गया कि कमल नाथ के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव लड़ा जाएगा। एआईसीसी के उच्च पदस्थ समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि मध्य प्रदेश की 29 सीटों पर जीत की जिम्मेदारी कमल नाथ के कंधों पर डाल दी गई है। इसी बीच मध्य प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने लोकसभा चुनाव को लेकर एक चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जैसे परिणाम विधानसभा चुनाव में आए हैं,उसके बाद तो यही कहा जा सकता है कि विपक्ष को लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहिये।
सूत्रों के अनुसार मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली हार पर शुक्रवार (8 दिसम्बर) को दिल्ली में कांग्रेस की एक बड़ी समीक्षा बैठक रखी गई थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और शीर्ष नेता राहुल गांधी ने कमल नाथ के साथ मध्यप्रदेश के प्रभारी नेताओं के साथ चर्चा की। नेताओं ने सभी सीट की रिपोर्ट पेश की।
इसी हाई लेवल बैठक में तय किया गया कि पीसीसी चीफ कमल नाथ के नेतृत्व में लोकसभा का चुनाव लड़ा जाएगा। बैठक के बाद कमल नाथ के प्रदेश अध्यक्ष पद को छोड़ने को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।
——–
प्रदेश के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। नर्मदापुरम में पर्वतों की रानी पचमढ़ी में बीती रात पारा गिरकर 7.8 डिग्री पहुंच गया। यह इस सीजन में सबसे कम है। सुबह ओस की बूंदें पेड़ – पौधों पर जमी दिखीं। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जेन में भी पारे में गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक हवाओं का रुख उत्तरी होने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी। ठंडी हवाओं ने सिहरन बढ़ा दी है। प्रदेश के 20 से ज्यादा शहरों में 15 डिग्री से नीचे तापमान पहुंच गया है।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 10 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। सोमवार 11 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह 07 बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

——–