सिवनी में महिला अधिकारी 20 हजार रूपए की रिश्वत लेते धराई . . . .

जानिए कौन कौन हैं मोहन यादव मंत्रीमण्डल में मंत्रियों के संभावित नाम!
नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में मंगलवार 12 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
नवनियुक्त मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्यों, पार्टी के वरिष्ठ सदस्यगण सहित जनप्रतिनिधियों, परिचितों और अनुयायियों द्वारा नए दायित्व के लिए बधाईयों का क्रम जारी रहा। उज्जैन, भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और जनसामान्य ने विंध्य कोठी तथा प्रोफेसर कॉलोनी स्थित विश्राम भवन में गुलदस्तों और नारों के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं। नवनियुक्त मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनका अभिवादन स्वीकार कर धन्यवाद दिया।
——–
नवनियुक्त मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती के निवास पहुंच कर उनसे भेंट की और आशीर्वाद प्राप्त किया। सुश्री उमा भारती ने तिलक कर तथा मिष्ठान खिलाकर डॉ. मोहन यादव का अभिवादन किया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें बधाई दी है।
——–
भाजपा ने उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव को मध्य प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री चुना है। अब सियासी गलियारों में उज्जैन में मुख्यमंत्री के रात्रि विश्राम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री उज्जैन में रात नहीं गुजार पाएंगे। दरअसल, इसके पीछे एक प्राचीन मान्यता को माना जा रहा है। उज्जैन को महाकाल की नगरी माना जाता है। उज्जैन को लेकर मान्यता यह है कि इस शहर के मालिक महाकाल हैं। इसी वजह से कोई अतिविशिष्ट व्यक्ति या मुख्यमंत्री उज्जैन में रात को नहीं रुकता है। लोग कहते हैं कि जब भी कोई सीएम या राजा उज्जैन में रात्रि विश्राम करता है तो उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका रहती है।
सोशल मीडिया पर भी यह बात तेजी से चल रही है कि क्या नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जो उज्जैन के रहने वाले हैं और दक्षिण उज्जैन से विधायक के तौर पर निर्वाचित हुए हैं, क्या वह अपने घर पर रात्रि विश्राम कर पाएंगे? इस सवाल पर महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी कहते हैं कि मुख्यमंत्री मोहन यादव जिले का बेटा बनकर शहर में रह सकते हैं, मुख्यमंत्री बनकर नहीं। महेश पुजारी कहते है की सिंधिया राजघराने के लोग भी शहर से 15 किलोमीटर दूर निवास करते थे। महाकाल की नगरी में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री नहीं रुकते हैं। यह भी कहा जाता है कि जिसने भी उज्जैन में रात को विश्राम किया उसकी कुर्सी चली गई।
——–
मुख्यमंत्री मोहन यादव अपना मंत्रीमण्डल जल्द ही बनाएंगे, ऐसे में अब कौन मंत्री बनेगा इसे लेकर भी कयास तेजी से लगने लगे हैं। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि मंत्री बनने की जिनकी संभावनाएं हैं उनमें सिंधिया समर्थक सुमावली विधायक एंदल सिंह कंसाना, सांची से प्रभुराम चौधरी, ग्वालियर के प्रद्युम्न सिंह तोमर, ओबीसी कोटे से खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह, नरसिंहपुर से प्रहलाद पटेल, छतरपुर की ललिता यादव, एससी कोटे से गुना के पन्ना लाल शाक्य, जतारा के हरीशंकर खटीक, सहित जबेरा से धर्मेंद्र लोधी, सुरखी से गोविंद राजपूत, पन्ना से ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, सिरमौर से दिव्यराज सिंह, सीधी से रीति पाठक, जयसिंहनगर से मनीषा सिंह, अनूपपुर से बिसाहूलाल सिंह, विजयराघव गढ़ से संजय पाठक, पाटन से अजय विश्नोई, जबलपुर से राकेश सिंह, मण्डला से संपतिया उईके, आमला से योगेश पंडाग्रे, ब्यावरा से नारायण सिंह पंवार, शाजापुर से अरूण भीमावद, सोनकच्छ से राकेश सोनकर, हरसूद से विजय शाह, पेटलावद से निर्मला भूरिया, खातेगांव से आशीष शर्मा, इंदौर से रमेश मेंदोला, महू से उषा ठाकुर, बरघाट से कमल मर्सकोले, सांवेर से तुलसी सिलावट, रतलाम से चेतन कश्यप, मल्हारगढ़ से जगदीश देवड़ा, इंदौर से कैलाश विजयवर्गीय, सुवासरा से हरदीप डंग आदि नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा प्रहलाद पटेल अथवा कैलाश विजयवर्गीय को भाजपा की प्रदेश इकाई की कमान दिए जाने की चर्चाएं भी चल रही हैं।
——–
163 सीटों पर भाजपा की जीत के बाद हुई बिदाई पर शिवराज सिंह चौहान भावुक हुए और उन्होंने याद किया कि किस तरह 2003 में उमा भारती के नेतृत्व में भाजपा को बहुमत मिला था और उन्होंने मुख्यमंत्री बनाया गया था। शिवराज ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि जब बिदाई हुई है तो भाजपा को भारी बहुमत से जीत मिली है और अब तक की सर्वाधिक वोट शेयर वाली अर्थात 48.55 फीसदी वाली सरकार बनाकर जा रहे हैं। उन्होंने इस बात का भी संतोष जाहिर किया कि जब उन्होंने कमान संभाली थी तो यह बीमारू राज्य था और उन्होंने विकास का लंबा सफर तय किया। शिवराज ने कई आंकड़े पेश करते हुए अपनी रिपोर्ट कार्ड भी सामने रखी और बताया कि कैसे उनके कार्यकाल में मध्य प्रदेश का विकास हुआ।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में मंगलवार 12 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।
——–
शिवराज सिंह चौहान का एक बयान कि मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा बहुत चर्चाओं में है। हाल ही दिए गए इस तरह के बयान को लेकर जब शिवराज सिंह चौहान से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, उस दिन जो संदर्भ था वह यह था कि बाकी दिल्ली में हैं, आप दिल्ली जाएंगे क्या। एक बात मैं बड़ी विनम्रता से कहता हूं कि अपने लिए कुछ मांगने जाने से बेहतर मैं मरना समझूंगा। वह मेरा काम नहीं है। इसलिए मैंने कहा था कि मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा।
——–
मध्य प्रदेश में साढ़े सोलह साल तक सत्ता संभालने वाले शिवराज सिंह चौहान की बिदाई हो गई है। भाजपा ने अब उनकी जगह मोहन यादव को नया मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है। इस बीच एक बेहद भावुक वीडियो सामने आया है। शिवराज को पकड़कर दो लाडली बहनें जोर-जोर से रोने लगीं। शिवराज सिंह चौहान भी भावुक हो गए। शिवराज ने उन्हें चुप कराते हुए कहा कि वह उन्हें छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं।
——–
प्रदेश में घूसखोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दूसरे दिन प्रदेश में कहीं न कहीं भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारी रिश्वत लेते पकड़ा रहे हैं लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोर रिश्वत लेने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला प्रदेश के सिवनी जिले का है जहां मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने बीज निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। सीड इंस्पेक्टर महिला अधिकारी 20 हजार रुपए की रिश्वत ले रही थीं जिनके खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत की गई थी।
जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने सिवनी में बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सिवनी बीज निगम कार्यालय में पदस्थ बीज निरीक्षक तृष्णा चौहान को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। सीड इंस्पेक्टर तृष्णा चौहान ने एक बीज व्यापारी शिवनाथ चंद्रवंशी से बीज की प्रमाणिकता और उसकी टैगिंग के एवज में घूस की मांग की थी।
——–
प्रदेश सरकार के नए मंत्रियों के लिए गृह विभाग ने 20 वाहन तैयार किए हैं। ये इनोवा क्रिस्टा हैं। 14 और यही गाड़ियां खरीदने का प्रस्ताव है। नए वाहनों की खरीदी नहीं हो पाती है तो 20 के अतिरिक्त मंत्रियों को फिलहाल एक से आठ साल के पुराने वाहनों में ही सफर करना पड़ेगा। गृह विभाग ने 20 गाड़ियां पिछले वर्ष ही खरीदी थीं। सबसे पहले यही वाहन मंत्रियों को दिए जाएंगे। स्टेट गैराज के अधिकारियों ने बताया कि मंत्रियों को वाहन उपलब्ध कराने की पूरी तैयारी है।
अभी यह तय नहीं है कि शुरुआत में कितने मंत्री बनेंगे, लेकिन पुरानी और नई सभी गाड़ियों को अच्छी तरह से दुरुस्त कराया गया है, जहां पर मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा, वहीं पर सरकारी वाहन उन्हें उपलब्ध कराए जाएंगे।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में मंगलवार 12 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।
——–
हिंदूवादी व भाजपा नेता जयभान सिंह पवैया की सुरक्षा को बढ़ाया गया है। बताया जा रहा है कि पवेया को कट्टरवादी संगठनों से खतरा है। बताया जाता है कि यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि जनवरी माह में अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर को जनता का समर्पित किया जाएगा। इसके मद्दे नजर कट्टरवादी संगठन 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस में शामिल हिदूं वादी नेताओं के खिलाफ साजिश रच सकते हैं। चूंकि जयभान सिंह पवैया तात्कालीन समय में बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और रामंदिर आंदोलन के प्रमुख नेता था। ऐसे में उन्हें खतरा हो सकता है। इस बात का देखते हुए उनकी सुरक्षा को बढ़ाया गया है।
——–
प्रदेश के अलीराजपुर जिले के ग्राम खंडाला डावरी फलिया में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया, यहां करीब 5 साल का मासूम बोरवेल में गिर गया। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, सूचना के बाद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और एस डी आर एफ़ की टीम मौके पर पहुंच गई है। मासूम को बचाने के लिए बचाव कार्य शुरु कर दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मासूम 20 फीट की गहराई पर फंसा है। बच्चों को बचाने के लिए जेसीबी से खुदाई शुरु कर दिया गया है। बच्चे को नली के जरिये ऑक्सीजन सप्लाई की जा रही है। बोरवेल के दोनों तरफ से जेसीबी की मदद से खुदाई की जा रही है। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिकोण से बोरवेल के चारों तरफ बैरिकेड्स लगाए गए हैं और पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
——–
जाड़ा अर्थात सर्दी की याद करते ही दिसंबर का महीना जेहन में आने लगता है दिसंबर माह में रात के साथ-साथ दिन में भी ठंड का सामना करना पड़ता है। दिसंबर के पहले सप्ताह में रात की तुलना में दिन ज्यादा ठंडे रहे। बादल, बारिश व कोहरे के कारण दिन में तापमान सामान्य से नीचे रहा। इस कारण ठंड रही, लेकिन रात में ठंड नहीं रही। इस हफ्ते मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इससे सक्रिय होने से दो दिन उत्तरी हवा शांत रहेगी। इसके कमजोर पडऩे पर 48 घंटे में उत्तरी हवा जोर पकड़ सकती है। जिससे रात में कड़ाके की ठंड शुरू होगी।
सूत्रों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम कमजोर पड़ चुके है। इससे पूर्वी हवा शांत है। पिछले दो दिनों से उत्तरी हवा चल रही थी। इससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। आसमान साफ होने पर दिन में धूप निकलने लगी है। दिन का तापमान बढ़ गया है और सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। पहले सप्ताह में जो ठंडक थी, अब उतनी नहीं रही है। जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। यहां पर बर्फबारी हो रही है। दूसरा अरब सागर में चक्रवातीय घेरा बना है, जिससे हवा में नमी आ रही है। दोनों सिस्टम की वजह से उत्तरी हवा शांत है। दिन में उत्तरी हवा शांत रहने से धूप तेज हो गई है। हालांकि रात में ओस गिरने से ठंडक बढी है। 14 दिसंबर से रात में तेज गति से ठंड बढ़ सकती है, क्योंकि मौसम को प्रभावित करने वाले सिस्टम बनने की संभावना नहीं दिख रही है। इस वजह से रात में ठंड बढ़ेगी।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में मंगलवार 12 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन। मंगलवार 12 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

——–