2023 के अंतिम दिनों में देश के हृदय प्रदेश में जमकर बरस रहा सर्दी का सितम

सतपुड़ा टाईगर रिजर्व में कथित तौर पर चिकन पार्टी करते देखे गए पूर्व मंत्री विजय शाह!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

मध्यप्रदेश विधानसभा के तीसरे दिन बुधवार को नरेंद्र सिंह तोमर विधानसभा अध्यक्ष बन गए। नरेंद्र सिंह तोमर ने एक दिन पहले नामांकन जमा कर दिया था, विपक्ष का भी समर्थन मिलने के बाद उनका निर्विरोध अध्यक्ष चुना तय था।

——–

मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में पूर्व वनमंत्री विजय शाह ने नियमों का उल्लंघन कर कथित तौर पर चिकन पार्टी करने की बात सामने आ रही है। इससे संबंधित दो वीडियो भी वायरल हो गए हैं। मामले की शिकायत प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) असीम श्रीवास्तव से की गई है। इसके बाद जांच के निर्देश दिए गए हैं। वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट अजय दुबे ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) असीम श्रीवास्तव से शिकायत की। इसमें कहा है कि उन्हें स्थानीय सूत्रों ने बताया कि पिछले हफ्ते विधायक विजय शाह और उनके मित्र प्रतिबंधित पर्यटन क्षेत्र में बाघ देखने गए थे। विधायक के स्वागत में रिजर्व एरिया में आग जलाकर चूल्हे में चिकन पकाया गया। वन विभाग की गाड़ियां बाघ के नजदीक लगाई गईं। यह गंभीर लापरवाही है। वहीं, वायरल वीडियो में फॉरेस्ट गार्ड चिकन, बाटी और भरता पकाते दिख रहे हैं। एक वीडियो हरसूद भाजपा विधायक विजय शाह और उनके मित्र का है। यह शाह ने खुद बनाया है। दोनों वीडियो 15 से 18 दिसंबर के बीच के बताए जा रहे हैं।

——–

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर का कुलपति प्रोफेसर राजेश कुमार वर्मा, प्राध्यापक वाणिज्य श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय इंदौर को नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि 4 वर्ष की कालावधि अथवा 70 वर्ष की आयु जो भी पूर्वतर होगी रहेगा।

——–

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री नरेन्द्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष पद की शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएँ दीं। श्री तोमर 16वीं विधानसभा के 19वें अध्यक्ष हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री तोमर का नाम विधानसभा अध्यक्ष के लिये सर्वमान्य रहा। उनके व्यक्तित्व का ही प्रभाव है कि उनके नाम को सभी दलों ने स्वीकारा और उन्हें समर्थन दिया। उनका सुदीर्घ प्रशासनिक अनुभव, सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण और सबको साथ लेने की क्षमता उन्हें सर्वमान्य बनाती है। श्री तोमर के पुरुषार्थ, परिश्रम, विनम्रता और सहज सरल स्वभाव से सदन गौरवान्वित है। निश्चित ही उनके अध्यक्षीय दायित्व निर्वहन से सदन की गरिमा में वृद्धि होगी।

——–

नए साल में बाबा महाकाल, मंगलनाथ और हरसिद्धि में अभी से भीड़ बढ़ने लगी है वहीं 30, 31 दिसंबर और 1 जनवरी की तारीख की बुकिंग फुल हो चुकी है। मंगलनाथ, अंगारेश्वर में भात पूजा तो हरसिद्धि मंदिर में दीपमाला के लिए श्रद्धालुओं को तारीख खाली नहीं मिल रही है। महाकाल के बाद मंगलनाथ ही ऐसा मंदिर है, जहां हर मंगलवार को बाहरी श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ता है। यहां मंगलदेव की भातपूजा कराने की परंपरा है जोकि मंगलदोष दूर करने मंगलदेव की प्रसन्नता के लिए की जाती है। भातपूजा में हजारों रुपए का खर्च है लेकिन लोग खुशी खुशी यह राशि देते हैं।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

साल के अंतिम दिनों देश के साथ साथ मध्य प्रदेश के मसीही समाज के इबादतघरों और मिशनरी स्कूल्स में क्रिस्मस की तैयारियां चल रही है। इसी बीच सूबे के शाजापुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे द्वारा जिले के स्कूलों के लिए जारी किया गया अजब गजब आदेश सामने आया है। खास बात ये है कि आदेश की सिर्फ शाजापुर ही नहीं, बल्कि प्रदेशभर में चर्चा होने लगी है। उक्त आदेश की बात करें तो उसके मुताबिक कोई भी गैर सरकारी स्कूल क्रिस्मस प्रोग्राम में बच्चों को सांता क्लॉज की वेशभूषा पहनाने से पहले उनके पालकों की अनुमति जरूर लें। आदेश में सख्त शब्दों का प्रयोग करते हुए ये भी कहा गया है कि जो स्कूल पालकों की अनुमति के बिना ऐसा करेगा तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

——–

केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने एवं इनसे लाभ लेने वाले हितग्राहियों से संवाद करने तथा शेष पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये विकसित भारत संकल्प यात्रा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निकाली जा रही है। कटनी में विकसित भारत संकल्प यात्रा के आयोजन में संशोधन किया गया है अब 21 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक दो पालियों में इसका आयोजन किया जाएगा। गुना जिले के प्रत्येक ब्लॉक की दो पंचायतों में यात्रा निकाली जा रही है जहां केंद्र सरकार की महती योजनाओं के स्टॉल लगाकर प्रचार प्रसार और लाभान्वित हितग्राहियों द्वारा केंद्र सरकार का आभार माना जा रहा है।

——–

इस खबर को वीडियो मे देखिए . . .
सतपुड़ा टाईगर रिजर्व में कथित तौर पर चिकन पार्टी करते देखे गए पूर्व मंत्री विजय शाह!
https://www.youtube.com/watch?v=jyJcu7DWF9w

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा भारिया, सहरिया और बैगा जनजाति की बसाहटों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं और सेवा केन्द्रों की उपलब्धता को सुनिश्चित किया जाए। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान की समीक्षा के दौरान कहा कि भारिया, सहरिया और बैगा जनजाति की बसाहटों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं और सेवा केन्द्रों की उपलब्धता को सुनिश्चित किया जाए। राज्यपाल ने मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, आवश्यकता और पूर्ति की जानकारी को तहसीलवार संकलित करने के निर्देश दिए हैं।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने एवं इनसे लाभ लेने वाले हितग्राहियों से संवाद करने तथा शेष पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये विकसित भारत संकल्प यात्रा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निकाली जा रही है। इंदौर जिले में इस दौरान जरूरतमंद पात्र परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन देने के लिये आवेदन लिये जा रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा के शुभारंभ अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में 51 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन का वितरण किया गया। मंगलवार को खंडवा जिले के खालवा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत राजपुरा बखार, खारकलां, खंडवा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत रनगांव, कवेश्वर, पंधाना विकासखण्ड की ग्राम पंचायत भिलाईखेड़ा, छिरवा एवं पुनासा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत जलकुआं व बिजोरामाफी में कार्यक्रम आयोजित हुए।

——–

मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत उप निर्वाचन 2023 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी कार्यक्रमानुसार सिवनी जिले में जिला पंचायत सदस्य के रिक्त एक पद के लिए क्षेत्र क्रमांक एक में शामिल 35 पंचायतों के साथ ही जनपद पंचायत सिवनी की ग्रामपंचायत उमरिया, लखनादौन जनपद की ग्राम पंचायत गनेशगंज के सरपंच पद तथा विभिन्न जनपदों के कुल 52 पंचों के लिए उप निर्वाचन होना है।

जारी कार्यक्रमानुसार 15 दिसम्बर को निर्वाचन की सूचना उपरांत प्रारंभ हुई नाम निर्देशन पत्र प्राप्ति की कार्यवाही में बुधवार 20 दिसम्बर को जिला पंचायत सदस्य के लिए एक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया गया है। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 22 दिसम्बर को दोपहर तीन बजे तक होगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 23 दिसम्बर को तथा अभ्यार्थियों से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 दिसम्बर दोपहर 3 बजे तक होगी। निर्वाचन कार्यक्रमानुसार रिक्त पदों के लिए पांच जनवरी 2024 को प्रातः सात बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा।

——–

प्रदेश के सभी जिलों में इन दिनों ठंड का असर देखा जा रहा है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में कमी देखी जा रही है। खंडवा बैतूल मलाजखंड और सिवनी में तापमान में गिरावट ज्यादा देखी वहीं सिवनी और सागर में शीतलहर का प्रकोप रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दतिया में दर्ज किया गया है। इस बीच ठंड ने जबलपुर जिले सहित पूरे सम्भाग को चपेट में लिया है। अधिकांश स्थानों पर धूप होने के बावजूद ठंड का अहसास बराबर बना हुआ है। नर्मदापुरम जिले में भी ठंड ने अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। यहां दिन में धूप खिल रही है, लेकिन सर्द हवाओं से लोग परेशान हैं।

उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के असर से मध्यप्रदेश का तापमान भी तेजी से गिरने लगा है। यहां आज सुबह से ही ठंडी हवाएं बह रही हैं। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रात थी। इस दौरान राज्य के 24 शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। सबसे ठंडा ग्वालियर रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं राजधानी भोपाल में रात का तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी हुई थी। अब वह जमी बर्फ पिघल रही है और वहां से आ रही हवा वातावरण को ठंडक घोल रही है। जिस वजह से तापमान में इस तरह का बदलाव आया है।

वहीं मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में बना वेस्टर्न डिस्टरबेंस मध्यप्रदेश को भी प्रभावित कर सकता है। ऐसे में यहां के कुछ इलाकों में 22 और 23 दिसंबर के बीच हल्की बारिश हो सकती है।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन। ब्रहस्पतिवार 21 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)

 

——–