शिद्दत से याद किए गए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी

कोविड के नया वेरिएंट को लेकर दुनिया भर में एलर्ट!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 25 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

महाराष्ट्र के ठाणे में कोरोना तेजी से पैर पसार रहा है। यहां 20 सैंपल में से 5 में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट जे एन1 पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ठाणे शहर में 30 नवंबर से लेकर अब तक 20 मरीजों का सैंपल लिया गया, जिसमें से जे एन1 वैरिएंट के 5 मामले सामने आए हैं। बता दें कि अभी ठाणे में कोरोना के 28 एक्टिव केस हैं। इनमें से दो का ही इलाज अस्पताल में किया जा रहा है, बाकी अपने घरों में उपचार करा रहे हैं।

वहीं, दुनिया भर की मीडिया रिपोर्टस पर अगर यकीन किया जाए तो कोरोना का नया वैरिएंट जेएन 1 दुनिया भर में कहर बरपा रहा है। खासतौर पर ब्रिटेन, चीन और अमेरिका में जेएन 1 के चलते काफी ज्यादा परेशानी है। बताया गया है कि चीन में कोरोना के चलते बड़े पैमाने पर मौतें हो रही हैं। मरने वालों की संख्या इतनी अधिक है कि यहां पर शवदाह गृह 24 घंटे चल रहे हैं। डेली स्टार अखबार के मुताबिक स्थानीय अखबारों में यह जानकारी दी गई है। इसके मुताबिक इन मौतों का जिम्मेदार जेएन.1 वैरिएंट है। बता दें कि डब्लूएचओ ने जेएन 1 को वैरिएंट ऑफ इंट्रेस्ट के तहत क्लासीफाइड किया है।

डब्लूएचओ ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि हालिया हफ्तों में जेएन 1 वैरिएंट के केसेज अलग-अलग देशों में बढ़ रहे हैं। इस बीच चीन के हेनान प्रांत में स्थानीय अखबारों से बात करते हुए लोगों ने हालात की जानकारी दी है। इसमें एक व्यक्ति ने दावा किया है कि सरकारी शवदाहगृह बिना रुके लगातार जल रहे हैं। इस व्यक्ति का नाम मिस्टर झू बताया गया है। उनका कहना है कि फ्यूरनल होम में कुल आठ शवदाहगृह हैं। इन सभी में 24 घंटे लाशें जल रही हैं। उस शख्स ने इसे बेहद भयावह बताया है।

——–

देश में होने वाले लोकसभा चुनाव को चंद महीने का वक्त रह गया है। देशभर में इसे लेकर हलचल भी नजर आ रही है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी हलचल देखने को मिल रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, सभी कैबिनेट मंत्रियों, मुख्य संसदीय सचिवों, हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली बुलाया है। 27 दिसंबर को दोपहर 12 बजे एआईसीसी दफ्तर में यह अहम बैठक होगी। इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा होनी है।

——–

तृणमूल कांग्रेस के निलंबित सांसद कल्याण बनर्जी की ओर से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करने का विवाद गरमाया हुआ है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे उपराष्ट्रपति का अपमान बताया है और इसे लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है। दरअसल, राहुल संसद परिसर में अपने मोबाइल फोन से बनर्जी की मिमिक्री का वीडियो रिकॉर्ड करते देखे गए थे। अब राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने राहुल गांधी का बचाव किया है। सिब्बल ने कहा कि आखिर वीडियो बनाने में क्या गलत है? उन्होंने कहा, राहुल ने खुद तो वीडियो को आगे बढ़ाने के लिए किसी मंच का इस्तेमाल नहीं किया।

कपिल सिब्बल ने कहा, क्या कोई वीडियो नहीं बना सकता है? अगर कोई मिमिक्री कर रहा है तो उसका वीडियो बनाने का तो अधिकार है। आखिर इसमें गलत काम क्या है? इसमें कोई गलत काम नहीं है। कांग्रेस के सीनियर नेता ने कहा कि उन्होंने (राहुल गांधी) इस वीडियो को किसी प्लेटफार्म से शेयर नहीं किया। जिसने मिमिक्री की उसने कुछ सोच-समझकर किया होगा। इसे लेकर मैं टिप्पणी नहीं करूंगा। उन्होंने कहा, मैं होता तो शायद ये न करता, मगर ये तो उसका अपना अधिकार है। ये राजनीति से जुड़ा मामला नहीं है। संवैधानिक पदों का जो अपमान हो रहा है वो लोकतंत्र को खत्म करने के लिए हो रहा है।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 25 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।

——–

देश आज क्रिसमिस का पर्व मना रहा है। इस बीच, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल कैथोलिक चर्च पहुंचे और प्रेयर में शामिल हुए। वहां पादरी ने नड्डा की अगुवानी की और प्रभु यीशु के बारे में जानकारी दी। नड्डा ने प्रभु यीशु मसीह से संबंधित झांकी भी देखी। बाद में नड्डा ने दान पात्र में पैसे रखे और प्रभु यीशु को नमन किया। ये चर्च दिल्ली में गोल डाकखाना इलाके में स्थित है। नड्डा के साथ अन्य बीजेपी नेता भी चर्च पहुंचे थे।

——–

पंजाब के लुधियाना में दर्ज एक बलात्कार मामले का मुख्य आरोपी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की हिरासत से भाग गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उस व्यक्ति की पहचान फतेहगढ़ साहिब निवासी अमनदीप सिंह के रूप में हुई है, जो 20 दिसंबर को बहरीन से हवाई अड्डे पर आया था। उसके आगमन पर अधिकारियों ने रोक लिया जिन्हें पता चला कि उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) है। इसके बाद उसे हवाई अड्डे पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों को सौंप दिया गया। आरोपी, जो अप्रैल 2020 से फरार था, आखिरकार पकड़ लिया गया।

——–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में सांसदों ने आज महामना पंडित मदन मोहन मालवीय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में वाजपेयी जी और मालवीय जी के चित्रों पर अनेक नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि देने वालों में कई केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा के उपसभापति और संसद सदस्य शामिल थे। लोकसभा सचिवालय द्वारा हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित पंडित मदन मोहन मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन-वृत वाली पुस्तिकाएं गणमान्य व्यक्तियों को भेंट की गईं।

——–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने पंडित मदन मोहन मालवीय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी ने अपना जीवन भारत और भारतीयता के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका अतुलनीय व्यक्तित्व और उनके कार्य देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे।

——–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनके लिए देश में सबसे बडी चार जातियां है और वे हैं गरीब, युवा, महिला, और किसान बंधु। उन्होंने कहा कि गरीबों की सेवा और वंचितों का सम्मान हमारी सबसे बडी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री आज मजदूरों के हित मजदूरों को समर्पित कार्यक्रम में इंदौर की हुकुमचंद मिल के कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रूप से संबोधित कर रहे थे। इन कर्मचारियों का बकाया भुगतान तीस साल से लंबित पडा था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जब हुकुमचंद मिल के श्रमिकों के लिए पैकेज का ऐलान हुआ तो इंदौर में उत्सव का माहौल हो गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केन्द्र सरकार के संकल्प पत्र और उसकी गारंटी को पूरा करने के लिए तेजी से काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने सभी लोगों से विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की।

आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है। इस दिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने उनकी समाधि सदैव अटल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सर्व धर्म सभा का भी आयोजन किया गया।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 25 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।

——–

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वाजपेयी जी जीवन भर राष्ट्र निर्माण में लगे रहे। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत माता के प्रति वाजपेयी जी का समर्पण और सेवा हर युग में प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। अटल बिहारी वाजपेयी की 99वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। श्री वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर, 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था और उन्हें तीन बार देश के प्रधान मंत्री के रूप में चुना गया था।

——–

केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं के बारे में जानकारी देने और उनका लाभ देश के हर कोने तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा आज दिल्ली के विभिन्न इलाकों में पहुंची। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ पिछले महीने किया था। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में कई शिविर आयोजित किए गए हैं जिनमें लोगों को आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, भारत डाक भुगतान बैंक और आधार सेवा केंद्र जैसे कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

——–

क्रिसमस का त्यौहार आज देश-विदेश में श्रृद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह वार्षिक त्यौहार प्रभु ईसा मसीह के पैदा होने की खुशी में दुनियाभर में मनाया जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर जारी एक संदेश में कहा कि प्रभु ईसा मसीह के जन्म पर मनाया जाने वाला क्रिसमस पर्व प्रेम और सदभावना का संदेश देता है।

——–

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड ने कहा है कि प्रभु ईसा मसीह का जीवन सदभाव, क्षमा, प्रेम और सहानुभूति का प्रतीक है। श्री धनखड ने इन मूल्यों का स्मरण रखने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि त्योहारों का यह मौसम सभी के लिए खुशी, शांति और समृद्धि लेकर आए।

——–

क्रिसमस और नव वर्ष के जश्न के लिए हिमाचल प्रदेश के सभी पर्यटक स्थलों में पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। सप्ताह के अंतिम 3 दिनों में 55 हजार से अधिक वाहन राजधानी शिमला पहुंच चुके हैं पर्यटन की बढती संख्या को देखते हुए एक विशेष रेल भी चलाई गई है।

——–

उत्तर भारत में शीत लहर जारी है राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज घने कोहरे के साथ सुबह का तापमान नौ दशमलव चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के कई हिस्सों में दृश्यता कम रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी के साथ 400 के आसपास है। घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कुछ उड़ान प्रभावित हुई है। यात्रियों को संबंधित विमान सेवा से संपर्क करने के लिए कहा गया है।

——–

पेटीएम की पैरेंट कंपनी ओएनई 97 कम्युनिकेशन ने 1 हजार से ज्यादा लोगों को नौकरी से निकाल दिया है। ये कंपनी की अलग-अलग यूनिट्स में काम करते थे। कंपनी अपने अन्य बिजनेस पर फोकस करने के लिए कोस्ट कटिंग पर फोकस कर रही है। छंटनी का ये दौर पिछले कुछ महीनों से चल रहा है।

कंपनी ने कुल कर्मचारियों के 10 फीसदी को लोगों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है। इसके अलावा कंपनी ने अपने स्मॉट-टिकट कंज्यूमर लैंडिंग और बाय नाउ पे लेटर में भी बदलाव किया है। त्ठप् के अनसिक्योर लोन्स के फैसले को देखते हुए भी ऐसा किया गया है। कुछ समय पहले ही कंपनी ने कहा था कि वह अब छोटे लोन्स देने बंद करने जा रही है। यानी अब सिर्फ बड़े लोन्स देने पर ही काम किया जाएगा।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में सोमवार 25 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन। मंगलवार 26 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)

 

——–