उमा भारती ने कहा : मैं उनकी प्रवक्ता नहीं!

एमपी के मंत्री ने इशारों ही इशारों में पूर्व मुख्यमंत्री को घेरा!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 5 जनवरी 2024 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विंध्य क्षेत्र का समग्र विकास होगा। विंध्य क्षेत्र अब विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। वे आज रीवा के एनसीसी मैदान में 337 करोड़ 90 लाख रुपए के जनकल्याणकारी विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित कर रहें थे।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि शासन ने विकास कार्यों के विकेंद्रीकरण करने की व्यवस्था बनाई गई है। सरकार अब घर-घर तक विकास ले जायेगी। हितग्राही मूलक योजनाओ का लाभ हर पात्र व्यक्तघ् ितक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक बेरोजगार को रोजगार मिले। उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव हो। इसके लिए आने वाले समय में मानव संसाधन पर अधिक निर्भर रहने वाले उद्योगों की स्थापना की जाएगी। खनिज संसाधन की उपलब्धता वाले जिलों में विशेष सब्सिडी देकर उद्योग विकसित किए जायेंगे।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव का आज रीवा में जन आभार यात्रा में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत हुआ। विवेकानंद पार्क कालेज चौराहा से जन आभार यात्रा आरंभ हुई। मुख्यमंत्री का ढोल- ढमाकों तथा पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। फूलों से सजे वाहन में मुख्यमंत्री जन आभार यात्रा में लोगों के बीच पहुंचे। वाहन में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद श्री जनार्दन मिश्र, डॉक्टर अजय सिंह मुख्यमंत्री के साथ थे।

मुख्यमंत्री का कालेज चौराहे पर छात्र संगठन तथा खिलाड़ियों ने आत्मीय स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने सभी का अभिवादन किया। जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री को तलवार भेंट की गई। विवेकानंद पार्क से लेकर सांई मंदिर तक आभार यात्रा मार्ग को गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने संभागीय समीक्षा बैठकें शुरू करके विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा और निगरानी का अवसर दिया है। संभागीय समीक्षा बैठकों में योजनाओं के क्रियान्वयन से प्रभावी मानीटरिंग होगी। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल आज रीवा में संभागीय समीक्षा बैठक में संबोधित कर रहे थे। संभागीय समीक्षा बैठक में सांसदगण, मंत्रीगण, विधायकगण तथा सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि बरगी टनल परियोजना की कठिनाई को दूर कर इस वर्ष सितम्बर माह तक बरगी बांध का पानी सतना पहुंचाया जाएगा। बरगी बांध के पानी से सतना जिले की तस्वीर बदल जाएगी।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 5 जनवरी 2024 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

नगरीय निकाय एवं पंचायतों के उप निर्वाचन के लिये शांतिपूर्ण मतदान आज सम्पन्न हो गया है। शाम 7 बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरीय निकायों में 69.13 और पंचायतों में 63 प्रतिशत मतदान हुआ है। नगरीय निकायों में 69.86 प्रतिशत पुरुष और 68.37 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है। पंचायतों में 64.46 पुरुष एवं 61.47 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।

उल्लेखनीय है कि नगरीय निकायों की मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 9 जनवरी को सुबह 9 बजे से होगी। पंचायत उप निर्वाचन में पंचायत पद के लिये मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र में हो चुकी है। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की ईव्हीएम में की जाने वाली मतगणना 9 जनवरी को संबंधित विकासखण्ड मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से की जायेगी। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन परिणामों की घोषणा 9 जनवरी और जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम की घोषणा 11 जनवरी को की जायेगी।

——–

स्कूल शिक्षा विभाग की अभिनव योजना में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पढ़ाई में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर विभाग की अभिनव योजना में निरूशुल्क ई-स्कूटी दी गई हैं। वर्ष 2022-23 में प्रदेश के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूलों में प्रथम स्थान पाने वाले 7790 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया है। इस योजना पर विभाग ने 80 करोड़ रुपये की राशि खर्च की है।

स्कूल शिक्षा विभाग की एक अन्य योजना में वर्ष 2022-23 में 5 लाख 30 हजार साइकिल का वितरण किया गया। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिये प्रोत्साहित किया गया।

——–

राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सरकार सख्ती से निपटेगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी हमारी टीम है। राजस्व विभाग आम नागरिकों की राजस्व प्रशासन संबंधी सेवाओं को सुदृढ़ बनाया जायेगा। श्री वर्मा आज मंत्रालय में विभागीय कार्य प्रारंभ करने बाद अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री वर्मा ने कार्यभार ग्रहण करने के पहले कक्ष में पूजा-अर्चन की।

मंत्री श्री वर्मा ने भ्रष्टाचार के एक प्रकरण में अभियोजन की स्वीकृति प्रदान की। मंत्री श्री वर्मा ने पूरी ईमानदारी से निष्ठापूर्वक कर्त्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि पहली फाइल में भ्रष्टाचारी को दंडित करने की कार्यवाही करने की स्वीकृति दी है, यह स्पष्ट संदेश है।

——–

मोहन यादव मंत्रीमण्डल में शामिल एक मंत्री के द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना ही जो कहा वह चर्चा का विषय बन चुका है। हाल ही में मध्यप्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बने दिलीप अहिरवार के सुर बदले बदले से नजर आ रहे हैं। दिलीप अहिरवार राज्यमंत्री बनने के बाद बक्सवाह पहुंचे थे जहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पूर्व सीएम को लेकर ऐसा कुछ डाला जो चर्चाओं का विषय बन गया। दरअसल मीडिया ने जब राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार से सवाल किया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने बड़ा मलहरा को गोद लिया था तो मंत्री जी ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री को देखो, पूर्व को छोड़ो, पूर्व मुख्यमंत्री तो सिर्फ गोद लेते थे करते तो कुछ नहीं थे इसलिए तो ये परिणाम हुआ है। हालांकि इस दौरान उन्होंने शिवराज सिंह चौहान का नाम नहीं लिया।

——–

विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस मध्य प्रदेश में नए सिरे से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई। केंद्रीय नेतृत्व ने मध्य प्रदेश में पारंपरिक चेहरों को बदलकर युवा नेतृत्व के हाथों में कांग्रेस की कमान सौंप दी है। इसी दिशा में अब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मप्र प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे नौ जनवरी से 12 जनवरी तक दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिले का चार दिवसीय संयुक्त दौरा करेंगे।

——–

प्रदेश में एक बार फिर से मोहन सरकार ने प्रशासनिक सर्जरी की है। सरकार ने भोपाल और इंदौर के कलेक्टर को बदल दिए हैं। कुल सात आईएएस अधिकारियों का तबादला हुआ है। भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह का तबादला इंदौर हो गया है। वह पहले उज्जैन के भी कलेक्टर रह चुके हैं। वहीं, 2010 बैच के आईएएस अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भोपाल का कलेक्टर बनाया गया है। इससे पहले भी उनकी नियुक्ति शिवराज सरकार में भोपाल कलेक्टर के लिए हुई थी लेकिन ज्वाइन करने से पहले ही आदेश बदल गया था।

दरअसल, मध्य प्रदेश में सात आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। इसे लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। रीवा संभाग के आयुक्त अनिल सुचारी को हटा दिया गया है। उन्हें मंत्रालय में सचिव बनाया गया है। वहीं, 2007 बैच के आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता को श्रम आयुक्त इंदौर बनाया गया है। इसके साथ ही आयुक्त चिकित्सा शिक्षा गोपाल चंद्र डाड को रीवा और शहडोल संभाग का कमिश्नर बनाया गया है।

इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी को प्रबंध संचालक पर्यटन विकास निगम बनाया गया है। 2009 बैच के आईएएस अधिकारी श्रीकांत बनोठ को विकास आयुक्त सह संचालक, नगर और ग्राम निवेश बनाया गया है। वहीं, पर्यटन निगम के प्रबंध संचालक कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भोपाल का कलेक्टर बनाया गया है। भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह को इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है। आशीष सिंह को इंदौर में काम करने का अनुभव है। वह नगर निगम के कमिश्नर रहे हैं। आने वाले दिनों में कुछ और बड़े अधिकारियों के तबादले होंगे।

——–

कांग्रेस नेता और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से शुरू हो रही है। ये भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश से भी होकर गुजरेगी। ये यात्रा मध्य प्रदेश में ग्वालियर से उज्जैन तक नौ जिलों से होकर गुजरेगी। एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को राज्य पीसीसी प्रमुखों, एलओपी और पार्टी महासचिवों की एक बैठक को संबोधित किया। बैठक में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की रणनीति बनाई गई। बैठक में मध्य प्रदेश पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और एलओपी उमंग सिंघार मौजूद रहे।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 5 जनवरी 2024 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती गुरुवार 4 जनवरी को सीहोर पहुंचीं। यहां पूर्व सीएम उमा भारती ने भगवान गणेश के दर्शन किए। इस दौरान पूर्व सीएम उमा भारती ने मीडिया से बातचीत करते हुए शिवराज सिंह चौहान को लेकर भी दो टूक कह दिया। साथ ही पूर्व सीएम उमा भारती ने राजनीति को लेकर बात करने से इनकार कर दिया।

सीहोर के गणेश मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद मंदिर से आईं बीजेपी की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से जब मीडिया ने पूर्व सीएम शिवराज सिंह द्वारा दिए गए बयान राजतिलक से पहले वनवास को लेकर बात की तो पूर्व सीएम उमा भारती ने कहा कि मैं उनकी प्रवक्ता नहीं हूं।

——–

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 32 दिन पुरानी डॉक्टर मोहन यादव की सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अपने चुनावी संकल्प पत्र को गीता-रामायण बताने वाली इस सरकार ने ना तो धान और गेहूं का मूल्य बढ़ाया है और ना ही जनता को साढे़ चार सौ रुपये में सिलेंडर देने का वादा पूरा किया है।

दरअसल, जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले जबलपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पर भी तीखा हमला बोला। यहां पत्रकारों से बातचीत में जीतू पटवारी ने कहा, मुंह चलाने से नहीं बल्कि कलम चलाने से सरकार चलती है। हमारे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मुख्यमंत्री कलम चलाएं और आदेश-निर्देश जारी करें। पटवारी ने आरोप लगाया कि रामायण-गीता जैसे संकल्प पत्र का एक भी वचन नहीं बीजेपी सरकार ने नहीं निभाया है।

वहीं तीन दिन पहले जबलपुर में हुई कैबिनेट बैठक पर जीतू पटवारी ने कहा कि विभागों के बंटवारे के बाद ये पहली बैठक थी। ठीक उसी दिन ये भी पता चला कि जनवरी से मार्च के बीच प्रदेश सरकार 28 हजार 500 करोड़ रुपए कर्ज लेगी, जबकि पहले से ही मध्य प्रदेश सरकार कर्ज में है।

——–

जबलपुर जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर पाटन तहसील में धरने पर बैठे किसान प्रशासन की बेरुखी से नाराज हैं। भारतीय किसान संघने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे। अभी तक उनकी मांगें नहीं मानी गई हैं। उन्होंने ना सिर्फ धरना शुरू किया है बल्कि अब तो वे रात का खाना भी धरना स्थल पर बना रहे हैं। यह देखकर लग रहा है कि किसान अब आसानी से मानने वाले नहीं हैं और लंबी लड़ाई की तैयारी करके आए हैं।

किसानों का आरोप है कि जिला प्रशासन की ओर से धान खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था ना होना, बारदाना की कमी, परिवहन व भंडारण में अव्यवस्था, सर्वेयरों की मनमानी, वेयर हाउस लिंकेज, स्लॉट बुकिंग में आ रही समस्या, सर्वर की समस्या, ब्लैक लिस्टेड वेयर हाउस में रखे किसानों के धान की खरीदी शुरू न होना, खरीदी की तिथि बढ़ाने सहित कई समस्याएं हैं।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 5 जनवरी 2024 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन। शनिवार 6 जनवरी 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)

 

——–