बंग्लुरू में एक महिला यात्री से छेड़छाड़ का मामला आया प्रकाश में . . .

अंततः पहुंच ही गया सूर्य मिशन एल वन अपने मुकाम पर
नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 8 जनवरी 2024 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लक्षद्वीप यात्रा पर जहर उगलने वाले मालदीव के तीनों मंत्रियों को सस्पेंड कर दिया गया है। मोहम्मद मुइज्जू की सरकार के ये तीनों मंत्री अपने ही देश में विपक्ष के निशाने पर थे। सस्पेंड होने वाले मंत्रियों में मरियम शिउना, मालशा और हसन जिहान शामिल हैं। इन तीनों ने पीएम मोदी और भारतीयों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। मालदीव की सरकार ने पहले ही इन तीनों मंत्रियों के बयान को निजी बताकर पल्ला झाड़ लिया था। इन मंत्रियों के निलंबन का फैसला राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने लिया है। मुइज्जू को चीन का करीबी नेता माना जाता है। वह चंद दिनों बाद चीन की पांच दिवसीय यात्रा पर भी जाने वाले हैं।
——–
2014 के बाद लगभग एक दशक में जिस भारत ने आकार लिया है, उसमें कांग्रेस शासित भारत इतना पीछे छूट गया है कि पार्टी के अस्तित्व तक पर संकट खड़ा हो गया है। सत्ता में लौटना तो दूर की बात है, उसके मुख्य विपक्षी दल तक बने रहने की संभावनाएं धूमिल हो रही हैं। उक्ताशय की बात का एक नई किताब में दावा किया गया है। व्हाट इफ देयर वाज नो कांग्रेस : द अनसेंसर्ड हिस्ट्री ऑफ़ इंडिपेंडेंट इंडिया में, राजनीतिक टिप्पणीकार प्रियम गांधी-मोदी ने यह विचार व्यक्त किया है कि अगर पिछले 80 साल के अधिकांश समय में कांग्रेस सत्ता में नहीं होती तो भारत कितना अलग होता।
रूपा पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित पुस्तक, पिछले 80 वर्षों में भारत के राजनीतिक इतिहास को आकार देने वाली कुछ प्रमुख घटनाओं – विभाजन, कश्मीर, शासन, घोटाले, लोकतंत्र और इसकी बाधाएं, आर्थिक नीति, बौद्धिक उपनिवेशीकरण और विदेश नीति – पर नये सिरे से रोशनी डालती है और भविष्य के भारत के लिए रूपरेखा भी प्रस्तुत करती है। प्रियम ने दावा किया देश की जनता भ्रष्टाचार के मुकाबले प्रगति, गढ़े हुए झूठ के मुकाबले सच, आतंकवाद के मुकाबले सुरक्षा और अवरोधों के मुकाबले तरक्की को चुनती आ रही है। मेरे विचार से निकट भविष्य में कांग्रेस की सत्ता में वापसी असंभव नहीं है तो बहुत मुश्किल जरूर है।
——–
आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी को जीत की हैट्रिक लगाने से रोकने के लिए विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने तैयारियां तेज कर दी है। हालांकि अभी तक सीट शेयरिंग को लेकर इंडिया के घटक दलों के बीच आपसी राय नहीं बन पाई है। इस बीच कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि सोमवार को दोपहर 12 बजे आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस की सीटों के बंटवारे पर बात होगी। जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी की तरफ से सांसद संदीप पाठक, कैबिनेट मंत्री अतिशी और सौरभ भारद्वाज बैठक में शामिल होंगे। कांग्रेस ने आज से तीन दिन तक दिल्ली में सहयोगी दलों के साथ मंथन शुरू कर दिया है। आज बिहार के नेताओं की बारी है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 8 जनवरी 2024 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।
——–
उत्तरी दिल्ली में गैंगरेप एक मामला सामने आया है। जहां एक व्यक्ति और तीन नाबालिगों ने 12 साल की एक लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया है। जानकारी में जिस तरह का खुलासा सामने आया है काफी स्तब्ध करने वाला है। पुलिस ने कहा इस मामले में एक महिला भी शामिल है जिसने आरोपियों से पैसे लिए थे और 12 साल की मासूम लड़की को लालच दिया था। अधिकारियों के मुताबिक नाबालिग लड़की और महिला इलाके में कूड़ा बीनने का काम करती हैं। आरोपी व्यक्ति एक चाय की दुकान का मालिक है और तीन नाबालिग जिनकी उम्र 12 साल 14 साल और 15 साल है उसके लिए काम करते हैं।
——–
6 जनवरी 2024, भारत के इतिहास में इस तारीख को हमेशा याद रखा जाएगा। इसी दिन शाम के करीब 4 बजे भारत के पहले सूर्य मिशन- आदित्य एल वन ने अपने लक्ष्य पर पहुंचने में कामयाबी हासिल कर ली। भारतीय स्पेस एजेंसी इसरो ने आदित्य एल वन को कमांड देकर इसे लैंग्रेज पॉइंट 1 की हेलो ऑर्बिट पर पहुंचाकर इतिहास रच दिया। यानी आदित्य-एल1 अंतरिक्ष में उस स्थान पर पहुंच गया जहां से वह लगातार सूर्य को देख सकेगा। इस मिशन की शुरुआत 2 सितंबर 2023 को हुई। जब आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से सूर्य यान आदित्य एल1 लॉन्च किया गया था। पूरे चार महीने बाद बीते शनिवार ये स्पेसशिप अपने आखिरी और बेहद जटिल प्रक्रिया से होकर गुजरा।
——–
बेंगलुरु में मेट्रो में सफर कर रही एक लड़की के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। 23 साल की लड़की ने आरोप लगाया है कि वो जिस मेट्रो में सफर कर रही थी, उसमें काफी भीड़ थी। इस दौरान एक शख्स ने उसे गलत तरीके से टच किया। ये घटना मैजेस्टिक मेट्रो स्टेशन की है। पेशे से टीचर लड़की ने अपनी शिकायत में कहा है कि खचाखच भरी मेट्रो ट्रेन में सफर के दौरान जेपी नगर मेट्रो स्टेशन से एक शख्स चढ़ा। वो विजयनगर जा रहा था। उसने उसे गलत तरीके से छुआ। इसके बाद मेट्रो से उतरते ही लड़की ने मेट्रो स्टाफ से इसकी शिकायत की। इस पर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
——–
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह कल नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र के रूप में प्राथमिक कृषि ऋण समितियों महा सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। सहकारिता मंत्रालय, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम के सहयोग से इस सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव और सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों के संचालन के लिए दवा लाइसेंस लेने वाले प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के अध्यक्ष, सचिव और फार्मासिस्ट भी सम्मेलन में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र आम जनता को खुले बाजार में उपलब्ध ब्रांडेड दवाओं की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक औषधियां उपलब्घ्ध कराते हैं। इन केंद्रों से दो हजार से अधिक जेनेरिक दवाएं और लगभग 300 सर्जिकल सामग्री किफायती कीमतों पर उपलब्ध कराई जाती हैं। इस पहल से प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को अपनी आर्थिक गतिविधियों के विविधीकरण और विस्तार के लिए नए अवसर मिलेंगे और उनसे जुड़े लाखों लघु और सीमांत किसानों की आय में वृद्धि होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी मदद मिलेगी।
——–
एक राष्ट्र, एक चुनाव के विषय पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में गठित समिति ने लोगों से सुझाव मांगे हैं। देश में एक साथ चुनाव कराने के लिए वर्तमान कानूनी प्रशासनिक ढांचे में सुधार के लिए 15 जनवरी तक सुझाव भेजे जा सकते हैं। पिछले वर्ष सितम्बर में गठित समिति की दो बैठकें हो चुकी हैं। समिति ने इस विषय पर विचार-विमर्श के लिए हाल ही में सात राष्ट्रीय दलों, 33 क्षेत्रीय दलों और सात गैर-मान्यता प्राप्घ्त दलों को पत्र भी लिखे थे।
——–
भारतीय जनता पार्टी ने सिक्किम से राज्यसभा चुनाव के लिए दोरजी छेरिंग लेप्चा को अपना प्रत्याशी बनाया है। चुनाव 19 जनवरी को होगा। सिक्किम से मौजूदा राज्यसभा सदस्य हिशे लाचुंगपा का कार्यकाल अगले महीने पूरा हो रहा है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 8 जनवरी 2024 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।
——–
तेलंगाना सरकार को प्रजा पालन कार्यक्रम के दौरान प्रस्तावित छह गारण्टियों के लिए आम लोगों से एक करोड़ 24 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। कल शाम सम्पन्न हुआ प्रजा पालन कार्यक्रम 28 दिसंबर से पूरे राज्य में ग्राम सभाओं में आयोजित किया गया था। हालांकि राज्य सरकार ने घोषणा की है कि लोग अपने आवेदन संबंधित कार्यालय में जमा करा सकते हैं। हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने छह गारण्टी देने का वादा किया था।
——–
नागर विमानन महानिदेशालय ने घरेलू विमान कंपनियों को अपने सभी बोइंग 737-8 मैक्स विमानों में आपात निकास द्वार का तत्काल निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। महानिदेशालय ने अलास्का एयरलाइन्स के विमान बोइंग 737-9 मैक्स विमान की घटना के बाद यह निर्देश दिया है। शुक्रवार को अलास्का एयरलाइन्स के विमान की खिडकी सहित आउटर सैक्शन उडान के समय हवा में ही गिर गया था, जिसके कारण उसे आपातस्थिति में उतारना पडा था। इस समय, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइस जैट और अकाशा विमान कंपनियों के बेडे में 737-8 मैक्स विमान शामिल हैं। इस बीच, अमरीका की विमान विनियामक संस्था फैडरल एविएशन एडमिनिशट्रेशन (एफएए) ने बोइंग 737-9 मैक्स विमानों को संचालित न करने का आदेश दिया हैं। इसी कंपनी के विमान को शुक्रवार को पोर्टलैंड में आपात लैंडिंग करनी पडी थी। घटना के समय विमान में 177 यात्री और चालक दल के सदस्घ्य सवार थे।
——–
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राष्ट्र दो महत्वपूर्ण बुनियादी सिद्धांतों की ओर बढ़ रहा है जिसका उद्देश्य महिलाओं के नेतृत्व में विकास और भारत को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। श्री गोयल ने आज तमिलनाडु के चेन्नई में वैश्विक निवेशकों की बैठक का उद्घाटन करते हुए कहा कि देश में सात दशमलव सात प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है और मुद्रास्फीति में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के गतिशील नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्घ्था में पिछले दस वर्षों में मजबूती आई है और वह विश्व में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। दो दिन का वैश्विक निवेशक सम्मेलन आज चेन्नई में शुरू हुआ। निवेश सम्मेलन में 12 हजार 800 करोड रुपये के निवेश से टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, एक हजार करोड रूपये के निवेश से पेगाट्रॉन, 12 हजार करोड रूपये के निवेश से जेएसडब्ल्यू एनर्जी के विस्तार के लिए सहमति पत्रों का आदान-प्रदान हुआ।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 8 जनवरी 2024 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।
——–
पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में सब्सिडी वापस लेने और गेहूं के बढ़ते दामों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन आज 11वें दिन भी जारी हैं। इन विरोध प्रदर्शन से स्पष्ट है कि लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इन विरोध-प्रदर्शनों का नेतृत्व कर रहे संगठनों की मांग है कि सरकार द्वारा गेहूं के बढे हुए दाम वापिस लिये जाने तक विरोध जारी रहेगा। खबरों के अनुसार, पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के स्कर्दू, गंचे और शिगर में लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। पीपल एंड आवामी एक्शन कमेटी के नेताओं ने आरोप लगाया है कि गिल्गित-बाल्तिस्तान की सरकार हठधर्मिता दिखाते हुए गेहूं के बढे हुए दामों को वापस लेने के फैसले को नजरअंदाज कर रही है।
——–
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिन के दौरे पर कल लंदन जाएंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री, ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ग्रांट शैप्पस से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि दोनों मंत्रियों के बीच रक्षा, सुरक्षा और औद्योगिक सहयोग के मुद्दे पर व्यापक बातचीत होने की आशा है। श्री सिंह के ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से भी मिलने और विदेश मंत्री डेविड कैमरून से विचार-विमर्श करने की संभावना है।
——–
संयुक्त अरब अमीरात में केरल की सुचेता सतीश ने एक ही संगीत कार्यक्रम में सबसे अधिक भाषाओं में गायन करके गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है। सुचेता का यह अभूतपूर्व प्रदर्शन कॉन्सर्ट फॉर क्लाइमेट का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के महत्वपूर्ण मुद्दे के बारे में जागरूकता पैदा करना था।
——–
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ, जम्मू, उत्तर प्रदेश और बिहार में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्यप्रेदश और त्रिपुरा में भी घना कोहरा बना रहा। मध्यप्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ में सामान्य कोहरा छाया रहा। उत्तर रेलवे के अनुसार घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 22 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कडकडाती ठंड के मद्देनजर अगले पांच दिनों तक नर्सरी से कक्षा पांच तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। दिल्ली की शिक्षा मंत्री अतिशी ने एक सोशल मीडिया पोस्घ्ट में इसकी जानकारी दी है।
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत कोहरे और भीषण शीतलहर की चपेट में है। आलम यह है कि दिल्ली और आस-पास के राज्यों में 10 दिनों से सूर्य देवता के दर्शन तक नसीब नहीं हुए हैं। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव, गर्म कपड़े और मोटी रजाई का उपयोग कर रहे हैं। सुबह के वक्त कोहरा तो बाकी समय पारा गिरने से लोग जबरदस्त ठिठुरन महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग ने तो पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश में सोमवार यानी 8 जनवरी को ओले गिरने की भी संभावना जताई है वहीं तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में रविवार 8, 2024 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन। सोमवार 9, जनवरी 2024 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

——–