दिल्ली की राजनीति नहीं, एमपी में ही बने रहेंगे पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ!

पद से हटते ही शिवराज की फोटो बेनर्स से गायब, छलका दर्द!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 8 जनवरी 2024 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

व्यक्ति जब तक पद पर रहता है तब तक उसकी गणेश परिक्रमा करने वालों की कमी नहीं होती है। पद से हटते ही लोग उसे बिसारने लगते हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भाजपा के बैनर-पोस्टरों से फोटो गायब होने पर दर्द छलकता नजर आने लगा है। ने कहा है कि राजनीति में कई लोग ऐसे होते हैं जो रंग देखते हैं। मुख्यमंत्री हैं तो भाई साहब आपके चरण तो कमल के समान हैं। यानी चरण कमल हो जाते हैं। बाद में मुख्यमंत्री नहीं रहे तो होर्डिंग से फोटो ऐसे गायब होते हैं जैसे वो कहा वत है कि गधे के सिंर से सींग गायब हुए हैं।

दरअसल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नीलबड़ इलाके में स्थित ब्रह्माकुमारी सुख शांति भवन के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कहा कि जिंदगी में जब हम दूसरे को लिए काम करने का लक्ष्य तय कर लें तो जिंदगी आनंद से भर जाती है। मुझे अभी भी एक मिनट के लिए फुर्सत नहीं है। लगातार काम में लगा हूं। शिवराज का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

——–

पहली बार विधायक प्रदेश की मोहन सरकार में राज्यमंत्री बनाए गए दिलीप अहिरवार सोमवार को अचानक पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के बंगले पर पहुंचे। हाल ही में राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे कह रहे थे कि पूर्व सीएम को छोड़िए, वे कुछ करते नहीं थे। इसके बाद प्रदेश की सियासत गर्मा गई थी। इस मुलाकात के अब कई मायने निकाले जा रहे हैं।

——–

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद अब लोकसभा की तैयारियों में कांग्रेस जुट गई है। एक माह बाद मध्यप्रदेश लौटे कमलनाथ ने सोमवार को बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। कमलनाथ ने कहा है कि वे मध्यप्रदेश में ही एक्टिव रहेंगे और दिल्ली नहीं जाएंगे। कमलनाथ के इस बयान के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

मध्यप्रदेश विधानसभा में सोमवार को कमलनाथ ने विधायक पद की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उन्हें शपथ दिलाई। उनके शपथ लेने के साथ ही पूरे 230 विधायकों की शपथ पूरी हो गई।

——–

राज्यपाल मंगूभाई पटेल एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा विकसित भारत संकल्प यात्रा में मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव सूठोद में शामिल हुए। यात्रा के दौरान आयोजित शिविर में राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से सरकार आपके आंगन तक आई है। इसका लाभ जरूर उठाएं। देश बहुत अच्छे भविष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि केन्द्र और राज्य शासन द्वारा समाज के सभी वर्गाे के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पहले योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों को कार्यालयों तक जाना पड़ता था, लेकिन अब संकल्प यात्रा के माध्यम से अधिकारी स्वयं नागरिकों के पास पहुंच कर उनका आवेदन प्राप्त कर रहे हैं।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 8 जनवरी 2024 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि विकास कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों के ध्यान में रहे। सभी विभागों के अधिकारी विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी जन प्रतिनिधियों को दें। निर्माणाधीन विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने बैठक में निर्देश दिये है कि जारी शीत ऋतु को देखते हुए प्रदेश में स्कूलों का समय सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक किया जायें। रोजगार और उद्योगों को प्रोत्साहन देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में बेहतर कार्य हो। मुख्यमंत्री डॉ यादव कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में भोपाल संभाग के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस गरिमापूर्वक मनाया जाए। राज्य एवं जिला स्तर पर बेहतर आयोजन हों। जनपद पंचायत, नगरपालिका, नगर परिषद, ग्राम पंचायत मुख्यालय तक गरिमापूर्वक आयोजन हों। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव आज मंत्रालय में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2024 की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल में जोन और थानों की सीमाओं के प्रस्तावित युक्तियुक्तकरण का कार्य जनप्रतिनिधियों की सहमति से किया जाए। ऐसी व्यवस्था करें कि किसी भी जुलूस का संचालन देर रात तक न हो, आयोजन निश्चित समय सीमा में पूर्ण हों। इसके लिए शांति समितियों के साथ पहले से ही बैठक कर कार्य योजना बनाकर उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सघन बस्तियों से त्योहारों के समय निकलने वाले जुलूसों में जिन क्षेत्रों में अपराध, हिंसा, अव्यवस्था की संभावना रहती है, उन क्षेत्रों का विकास पुलिस तथा नगरीय निकाय सहित अन्य ऐजेंसियों के साथ मिलकर समन्वित रूप से किया जाए। उद्देश्य यह हो कि इन क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के साथ-साथ एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड आदि का आवागमन भी सुगम हो सके। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव आज कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में भोपाल संभाग की कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।

——–

आवास एवं नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि हाउसिंग बोर्ड समाज के कमजोर और मध्यम वर्ग के आवास एवं व्यावसायिक गतिविधियों के लिये प्राथमिकता से कार्य करे। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। मंत्री श्री विजयवर्गीय आज भोपाल में मध्यप्रदेश हाउसिंग एण्ड इन्फ्रा-स्ट्रक्चर डेव्हलपमेंट बोर्ड की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर प्रमुख सचिव श्री नीरज मण्डलोई भी मौजूद थे।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 8 जनवरी 2024 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

मध्य प्रदेश शासन के वर्ष 2024 के कैलेंडर में विक्रम संवत का उल्लेख है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हाल ही में इस कैलेंडर का विमोचन किया। कैलेंडर में तिथियां का उल्लेख विक्रम संवत के हिसाब से लिखा गया है। अंग्रेजी तारीखों के साथ ही यह उल्लेख कैलेंडर को समग्रता प्रदान करता है। शासकीय मुद्रणालय द्वारा आत्मनिर्भरता की दिशा में कैलेंडर के संपूर्ण मुद्रण का कार्य भी संपन्न कराया गया है। इसके लिए निजी मुद्रण संस्थान की सेवाएं नहीं ली गईं।

——–

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक ली। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण के लिये अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिये युवा शक्ति का विकास होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभाग खेल और खिलाड़ियों के उन्नयन के साथ ही युवा कल्याण की दिशा में भी विशेष ध्यान दें। मंत्री श्री सारंग ने बैठक में विभागीय गतिविधियों की जानकारी लेकर आगामी कार्ययोजना के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

——–

शताब्दी एक्सप्रेस में उस समय बड़ा हादसा टल गया जब सी-7 कोच में आग की घटना से हड़कंप मच गया। धुआं निकलने से बोगी में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि यदि यह आग फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। टिकट चेकिंग के लिए पहुंचे मनीष दुबे की सूझ-बूझ से बड़ा हादसा टल गया।

——–

रीवा जिल के जिला पंचायत सीईओ संजय सौरभ सोनवणे ने भ्रष्टाचार के मामले में शनिवार को 43.50 लाख रुपये की वसूली के आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993-94 की धारा 89 की सुनवाई के बाद हुई है। तत्कालीन सरपंच सहित संलिप्त शासकीय कर्मचारियों और इंजीनियरों को भी दोषी पाया गया है। राशि की भरपाई के लिए सात दिन का समय भी दिया गया था, लेकिन समय अवधि अब पूर्ण हो गई है।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 8 जनवरी 2024 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन। मंगलवार 9 जनवरी 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)

 

——–