बिल्किस बानो प्रकरण में सर्वोच्च न्यायालय ने गुजरात सरकार का फैसला किया रद्द

अनेक पर्यटकों ने मालदीव की अपनी बुकिंग कराई निरस्त

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 8 जनवरी 2024 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
बिलकिस बानो एक बार फिर चर्चा में हैं। अदालत से उन्हें एक बार फिर न्याय मिल गया है। सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो मामले के 11 दोषियों को जेल से रिहा करने का गुजरात सरकार का फैसला रद्द कर दिया है। गैंगरेप और 7 लोगों की हत्या के सभी दोषी एक बार फिर कानून के शिकंजे में आ गए। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस बीवी नागरत्ना की बेंच ने फैसला सुनाते हुए कहा, दोषियों की सजा माफी का फैसला गुजरात सरकार नहीं कर सकती। दोषियों को महाराष्ट्र में सजा मिली थी, इसलिए रिहाई पर फैसला देने का अधिकार भी महाराष्ट्र सरकार का है।
जनवरी 2008 में मुंबई की सीबीआई स्पेशल कोर्ट ने बिलकिस बानो के दोषियों को उम्रकैद की सजा दी थी। 14 साल के बाद 15 अगस्त 2022 को गुजरात सरकार की माफी नीति के तहत सभी दोषियों को गोधरा कारागार से रिहा कर दिया गया। दोषियों के नाम राधेश्याम शाह, जसवंत नाई, गोविंद नाई, शैलेश भट्ट, विपिन चंद्र जोशी, राजूभाई सोनी, केशरभाई वोहानिया, प्रदीप मोढ़डिया, बाकाभाई वोहानिया, मितेश भट्ट और रमेश चांदना हैं। बिलकिस बानो गैंगरेप, उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। शीर्ष अदालत ने इस मामले से जुड़े 11 दोषियों को माफी देने के गुजरात सरकार के फैसले को रद्द कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब सभी आरोपियों को दो सप्ताह के भीतर सरेंडर करना होगा।
——–
बांग्लादेश के राष्ट्रीय चुनावों में शानदार जीत दर्ज करने के बाद शेख हसीना पांचवीं बार देश की प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। पीएम के तौर पर यह उनका लगातार चौथा टर्म होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को शेख हसीना से फोन पर बातचीत की और उन्हें चुनावी जीत की बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री शेख हसीना से बात की और संसदीय चुनावों में लगातार चौथी बार ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बधाई दी। मैं बांग्लादेश के लोगों को भी सफल चुनाव के लिए बधाई देता हूं। हम बांग्लादेश के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
——–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों के बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव बढ़ गया है। अब भारत के दोस्त इजरायल ने भी मालदीव को आईना दिखाते हुए लक्षद्वीप की प्राकृतिक खूबसूरती की जमकर सराहना की है। साथ ही उसने लक्षद्वीप को लेकर एक बड़ा ऐलान भी किया है। इजरायल ने कहा है कि वह इस केंद्र शासित प्रदेश में कल से समुद्री पानी को साफ करने के प्रॉजेक्घ्ट पर काम शुरू कर देगा।
——–
अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के पहले पीएम मोदी ने जनता से स्वच्छ मंदिर अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है। 14 जनवरी को मकर संक्राति के दिन से शुरू होने वाले इस अभियान में हर स्थान के हर मंदिरों में लोग जाकर सफाई करेगें। 14 जनवरी से 22 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान में हर बड़े से लेकर छोटे मंदिरों में सफाई की जाएगी। मंदिर अभियान पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा है की प्रभु श्री राम हम सभी के है। भगवान राम जब आ रहे हैं, तो हमारा एक भी मंदिर, एक भी तीर्थ-क्षेत्र गंदा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर के लोगों से मेरी प्रार्थना है कि भव्य राम मंदिर के निर्माण के निमित्त मकर-संक्रांति के दिन से छोटे-मोटे सभी तीर्थ-स्थलों पर स्वच्छता का बहुत बड़ा अभियान चलाना चाहिए।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 8 जनवरी 2024 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।
——–
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बातचीत की। केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और स्थानीय स्तर के प्रतिनिधियों के साथ पूरे देश से हजारों विकसित भारत संकल्प यात्रा लाभार्थी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान छत्तीसगढ़ के कांकेर के एक किसान परिवार से संबंध रखने वाली महिला श्रीमती भूमिका भूआराया ने बताया कि वह अपने गांव में 29 वन धन समूहों में से एक में सचिव के रूप में काम करती हैं और उन्होंने वन धन योजना, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, जल जीवन, मनरेगा कार्ड, राशन कार्ड और पीएम किसान सम्मान निधिसहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया है। श्रीमती भूमिका द्वारा सभी सरकारी योजनाओं के नाम याद रखने से प्रधानमंत्री ने प्रभावित होकर कहा कि ऐसे अनुभव से सरकार को लोगों के लिए काम करने में काफी हद तक मजबूती मिलती है। प्रधानमंत्री ने उनसे समय पर राशन की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। उत्सुक होकर प्रधानमंत्री ने श्रीमती भूमिका से सरकारी योजनाओं के बारे में उनके स्रोत के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि उनका परिवार और माता-पिता ही इसके स्रोत हैं। श्री मोदी ने श्रीमती भूमिका के माता-पिता की अपने दोनों बच्घ्चों को शिक्षित करने में दिये गए योगदान की सराहना की। उसका छोटा भाई भी वर्तमान में कॉलेज में पढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने गांव के अन्य निवासियों से भी अपने बच्चों की शिक्षा में निवेश करने का आग्रह किया।
——–
भारतीय रिजर्व बैंक ने 2 हजार रुपये के नोट को बदलने को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि चलन से वापस लिए जा चुके 2,000 रुपये के नोट पोस्ट ऑफिस की मदद से भी बदले जा सकते हैं। रिजर्व बैंक ने अपनी वेबसाइट पर अक्सर पूछे जाने वाले सवालों (एफएक्यू) के एक समूह में कहा कि लोग अपने बैंक अकाउंट में राशि प्राप्त करने के लिए किसी भी पोस्ट ऑफिस से उसके 19 ऑफिस में से किसी को भी 2,000 रुपये के नोट भेज सकते हैं।
ऐसे में अगर आपके घर में अभी भी 2000 के नोट जमा हैं और आप इसे बदलवाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको अब सिर्फ एक ऐप्लिकेशन फॉर्म भरना होगा जो कि आपको ऑनलाइन उपलब्ध है। इसके बाद नोटों को पोस्ट ऑफिस की किसी भी सुविधा से आरबीआई के ऑफिस को भेजना होगा। जानकारी के मुताबिक, फॉर्म आरबीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
दरअसल, 2,000 रुपये के नोट बदलने के लिए आरबीआई के क्षेत्रीय कार्यालयों में अब भी लोगों की कतारें लग रही हैं। जिसे देखते हुए केंद्रीय बैंक ने यह कदम उठाया है। आरबीआई के एफएक्यू के मुताबिक, एक व्यक्ति डाकघर से मिलने वाली सुविधा के साथ रिजर्व बैंक के 19 कार्यालयों में एक बार में 20,000 रुपये की सीमा तक नोट बदल सकता है या जमा कर सकता है।
——–
लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल खोड़ा पटेल ने कहा है कि मालदीव के तीन मंत्रियों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी, भारत की गरिमा को भी चुनौती है। उन्होंने कहा कि भारत इस तरह का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। पूरे देश ने प्रधानमंत्री के साथ एकजुटता दिखाई है। मैं प्रधानमंत्री और लक्षद्वीप के साथ खड़े होने के लिए भारत के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं।
——–
दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अगले आदेश तक उनकी अंतरिम राहत बरकरार रहेगी। मामले में अगली सुनवाई मंगलवार को भी जारी रहेगी। सत्येंद्र जैन की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी कोर्ट में दलीलें जारी रखेंगे। सत्येंद्र जैन की जमानत अर्जी पर जस्टिस बेला माधुर्य त्रिवेदी और जस्टिस पंकज मित्थल की पीठ के सामने सुनवाई हुई।
——–
गुजरात में दसवें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट की पूरी तैयारियां हो गई हैं। यह शिखर सम्मेलन 10 जनवरी को गांधी नगर के महात्मा मंदिर में आयोजित होगा। दसवें सम्मेलन में वाइब्रेंट गुजरात की सफलता के 20 वर्ष पूरे होने का जश्न है। इस बार के सम्मेलन का विषय है – भविष्य का प्रवेश द्वार।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 8 जनवरी 2024 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।
——–
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और वस्त्र मंत्री श्री पीयूष गोयल ने भारत के जीवंत और विविध खाद्य इको-सिस्टम पर इंडस फूड 2024 प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जो इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित की जा रही है। इस प्रदर्शनी के उद्घाटन पर अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने भारत के विविध खाद्य उद्योग की प्रशंसा की और वैश्विक बाजारों को लुभाने की इसकी क्षमता पर जोर दिया।
——–
सतीश कुमार ने पांच जनवरी, 2024 को रेल मंत्रालय में रेलवे बोर्ड में सदस्य (ट्रैक्शन एंड रोलिंग स्टॉक) का कार्यभार संभाल लिया है। वे भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियर्स सेवा के 1986 बैच के अधिकारी हैं। श्री कुमार मार्च, 1988 में भारतीय रेलवे में शामिल हुए और उनके पास 34 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। एमटीआरएस, रेलवे बोर्ड में शामिल होने से पहले वे उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में महाप्रबंधक के रूप में काम कर चुके हैं।
वहीं, 1987 बैच की भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा (आईआरपीएस) अधिकारी और लेवल-16 पैनल में शामिल आईआरएमएस अधिकारी सुश्री अरुणा नायर को रेलवे बोर्ड के सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्होंने छह जनवरी, 2024 को कार्यभार संभाल लिया है। इसके पहले वे मई, 2023 से रेलवे बोर्ड में अतिरिक्त सदस्य (स्टाफ) के रूप में और फरवरी, 2022 से मई, 2023 तक रेलवे बोर्ड में प्रधान कार्यकारी निदेशक/स्टाफ के रूप में कार्यरत थीं।
——–
श्रीलंका में वर्ष 2023 में पर्यटन के स्रोत बाजारों में भारत का नाम शीर्ष पर रहा। श्रीलंका में पिछले वर्ष 14 लाख 87 हजार पर्यटक आए, जिनमें बीस प्रतिशत भारत से थे। 2023 में श्रीलंका में कुल तीन लाख भारतीय पर्यटक पहुंचे। दूसरा स्थान रूस का रहा, जहां से एक लाख 97 हजार पर्यटक आए। श्रीलंका की अर्थव्यवस्था में विदेशी मुद्रा अर्जित करने में पर्यटन क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत और श्रीलंका के बीच विमान सेवाओं के मामले में भी वृद्धि हुई है।
——–
एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर राइफल और पिस्टल निशानेबाजी प्रतियोगिता-2024 में आज इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भारतीय निशानेबाजों ने पुरुषों की दस मीटर एयर पिस्घ्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वरुण तोमर, अर्जुन सिंह चीमा और उज्जवल मलिक ने शीर्ष पर पहुंचने के लिए सात सौ 70 अंक हासिल किए। वरुण तोमर और अर्जुन सिंह चीमा व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी पहुंच गए हैं।
——–
कोरोना के नए वैरिएंट जेएन. वन पर नया अपडेट जारी हुआ है। सात जनवरी तक 12 राज्यों से जेएन. वन के 682 नए मामले सामने आए। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्नाटक से 199 मामले, केरल से 148, महाराष्ट्र से 139, गोवा से 47, गुजरात से 36, आंध्र प्रदेश से 30, राजस्थान से 30, तमिलनाडु से 26, दिल्ली से 21, ओडिशा से तीन, तेलंगाना से दो और हरियाणा से एक मामला सामने आया है। अधिकारियों ने कहा कि देश में संक्रमण के मामले बढ़ने और जेएन. वन सब-वैरिएंट के मामलों की पुष्टि होने के बावजूद तत्काल चिंता की कोई बात नहीं है। कारण है कि ज्यादातर संक्रमित मरीजों ने घर पर रहकर उपचार का विकल्प चुना है। उनमें संक्रमण के हल्के लक्षण हैं।
——–
इस बार मौसम ने सभी को अचरज में डाल दिया है। पहाड़ी राज्य जो बर्फ की सफेद चादर ओढ़ लेते थे वहां अभी बर्फबारी नहीं हो रही है, जम्मू काश्मीर, उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फ न के बराबर ही दिख रही है। पहाड़ी राज्यों में स्नोफाल नहीं होने से पर्यटक भी निराश ही नजर आ रहे हैं। देश भर में सर्दी का मौसम शवाब पर दिख रहा है। दिल्ली के आसपास धुंध के साथ बारिश की चेतावनी भी दी गई है। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत, पूर्वी राजस्थान आदि में भी बारिश की संभावनाएं जताई गई हैं।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में सोमवार 8, 2024 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन। मंगलवार 9, जनवरी 2024 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

——–