स्वप्रेरणा से विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों को क्रियान्वित करें अधिकारी- नवागत कलेक्टर

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। भारतीय प्रशासनिक सेवा 2015 बेंच की अधिकारी सुश्री संस्कृति जैन ने सोमवार को सिवनी कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया।

नवागत कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने सोमवार को आयोजित समय सीमा बैठक में विभागवार अधिकारियों से औपचारिक परिचय प्राप्त कर उनके विभाग अंतर्गत संचालित  योजनाओं तथा योजना की प्रगतिरत विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से शासन की मंशानुसार योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सक्रिय भागिदारी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्वप्रेरणा से विभागीय योजनाओं, परियोजना तथा विकास कार्यों को क्रियान्वित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने सीएमहेल्प लाईन की शिकायतों, समय सीमा में दर्ज प्रकरणों को समय सीमा में निराकृत करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। उन्होंने विधान सभा प्रश्नों के उत्तर भी समय सीमा में प्रस्तुत करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। बैठक में सी ई ओ जिला पंचायत श्री नवजीवन विजय, अपर कलेक्टर सी एल चिनाप, अपर कलेक्टर सुनीता खण्डायत सहित सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे।