चार पहिया वाहन की टक्कर से रीवा निवासी युवक की मौत

 

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। सिवनी में नागपुर रोड पर अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से बाईक सवार एक युवक की जहाँ मौत हो गयी, वहीं दो अन्य घायल हो गये। मृतक रीवा निवासी बताया गया है।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार रीवा के हनुमना निवासी ननकाऊ (20) पिता कन्हैया लाल यादव, राजेश (19) पिता रामा पाल और रोहित डहेरिया (25) सिवनी आये हुए थे। बताया जाता है कि ये तीनों युवक एक बाईक पर सवार होकर शुक्रवार 14 जून को खवासा की ओर जा रहे थे।

बताया जाता है कि उसी दौरान शाम लगभग चार बजे नागपुर रोड पर ग्राम खैरी के समीप अज्ञात चार पहिया वाहन ने इनकी बाईक को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में राजेश की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गयी जबकि बाईक सवार ननकाऊ और रोहित घायल हो गये।

दोनों घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय सिवनी में किया जा रहा है। मृतक के शव का पोस्ट मार्टम करवाने के उपरांत उसे रीवा रवाना करवा दिया गया है।