घर में ही हैं वे चीजें जो आपको गर्मियों में राहत देंगे

 

 

तपती गर्मी में केवल ठंडे पानी से राहत नहीं मिलती, जरूरत है कि एनर्जी बनाएं रखने के लिए एनर्जी ड्रिंक पीते रहें। इससे डिहाइड्रेशन की समस्या नहीं होती। लेकिन बाजार से खरीदे गए सॉफ्ट ड्रिंक सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए यहां जानिए होममेड सॉफ्ट ड्रिंक के बारे में जिन्हें, बनाना आसान है और पीने का अपना ही मजा…!

पुदीने का शर्बत

पुदीने का शर्बत गर्मी में डिहाइड्रेशन और लू से बचाता है। यह डाइजेस्टिव सिस्टम ठीक रखता है। इसे बनाने के लिए ब्लेंडर में शक्कर या गुड़, शहद, काला नमक, कालीमिर्च और जीरा पाउडर मिलाकर पीस लें। इस पेस्ट की कम मात्रा को पानी के साथ मिलाकर गिलास में डालें और बर्फ मिलाकर पिएं।

शिकंजी

शिकंजी पीने से तुरंत एनर्जी मिलती है। शिकंजी बनाने के लिए एक जग में पानी लें। उसमें नींबू का रस, जीरा पाउडर, काला नमक और शक्कर मिला लें। अब शिकंजी को छलनी से छालकर गिलास में डालें और बर्फ के टुकड़े मिलाकर सर्व करें।

ऐलोवेरा जूस

यह जूस गर्मी से होने वाली स्किन टैनिंग को दूर करने में मददगार है। गर्मी में भी स्किन का ग्लो बरकरार रहता है। जूस बनाने के लिए एलोवेरा के कांटेदार किनारे हटा दें। इसकी पत्तियों के बीच जमा गूदा निकालें। इसे मिक्सी में डालकर लेमन या ऑरेंज जूस और नमक मिलाकर पीस लें और बर्फ के टुकड़े डालकर सर्व करें।

छाछ

छाछ पीने से पेट की जलन और एसिडिटी दूर होती है। छाछ बनाने के लिए दही में नमक, काला नमक, जीरा पाउडर और हींग मिलाकर ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें। इसमें बर्फ मिलाकर गिलास में डालें और सर्व करें।

बेल का शर्बत

गर्मी में इसे अमृत के समान माना गया है। यह डायरिया को दूर करने में मददगार है। बेल के फल का गूदा निकालकर अच्छी तरह मैश कर दें। इसमें शक्कर, काला नमक, जीरा पाउडर और चाट मसाला मिलाकर ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें। अब इसे बर्फ डालकर सर्व करें।

मैंगो मिंट लस्सी

आम और पुदीने से बनी लस्सी गर्मी में आपको फ्रेश रखने के लिए काफी है। इसके लिए आम, शक्कर, पुदीना, इलायची पाउडर, नींबू का रस और दही को मिलाकर ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें। आम के स्मूद हो जाने पर इसे गिलास में निकालें और बर्फ डालकर पिएं।

आम का पना

इसमें विटामिन सी की मात्रा ज्यादा होती है जिससे आपको तुरंत एनर्जी मिलती है। पन्ना बनाने के लिए कच्चे आम (कैरी) को छिलकर उबाल लें। इसमें काला नमक, पुदीना, शक्कर डालकर ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें। इसके बाद बर्फ डालकर पिएं।

इमली का अमलाना

लू से राहत पाने का यह इफेक्टिव तरीका है। इसके लिए इमली और पानी मिलाकर दो घंटे के लिए रख दें। मिश्रण को छानकर इसमें शक्कर, कालीमिर्च पाउडर, इलायची पाउडर, काला नमक, सादा नमक, बर्फ और पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें।

जलजीरा

जलजीरा पीने से एसिडिटी और डिहाइड्रेशन दूर होता है। पानी में जीरा पाउडर, काला नमक, अमचूर पाउडर, नींबू का रस, थोड़ी सी शक्कर और पुदीने की पत्तियों का पेस्ट मिला लें। अब इसे ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें और कुछ देर बाद पिएं।

गुलाब का शर्बत

गुलाब का शर्बत बॉडी को कूल रखता है। इसे बनाने के लिए एक पैन में पानी और शक्कर मिलाकर चाश्नी बना लें। इसमें गुलाब जल, इलायची पाउडर और ताजी गुलाब की पत्तियों का पेस्ट डालें। इसे छानकर फ्रिज में रख दें। सर्व करते समय इस शर्बत को पानी के साथ मिलाकर बर्फ डालें।

(साई फीचर्स)