अवैध बीयर बार पर पुलिस का टूटा नज़ला

 

 

नगर निरीक्षक ने की ताबड़तोड़ कार्यवाही

(ब्यूरो कार्यालय)

लखनादौन (साई)। शराब दुकानों में अहातों की अनुमति न होने के कारण शहर में जगह – जगह अघोषित बीयर बार अस्तित्व में आ चुके हैं। स्थान – स्थान पर देर रात उठते धुंए के छल्लों और सोडे की डकारों के बीच वाद विवाद होना आम बात हो चुकी है। इन परिस्थितियों में पुलिस के द्वारा इसके खिलाफ कार्यवाही का आगाज़ किया गया है।

लखनादौन थाना प्रभारी महादेव नागोतिया ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान बताया कि उन्हें इस तरह की जानकारी मिल रही थी कि लखनादौन क्षेत्र में अनेक होटल्स, ढाबों पर अवैध रूप से शराब पिलवायी जा रही है। उन्होंने इस मामले में तीन होटल्स पर कार्यवाही की है। उन्होंने बताया कि यह कार्यवाही सतत जारी रहेगी।

महादेव नागोतिया ने कहा कि शहर में अनेक स्थानों पर रेस्टॉरेंट और होटल्स में अवैध रूप से शराब पिलवाये जाने की बात उनके संज्ञान में आयी। उन्होंने कहा कि इस तरह के होटल्स में लोग परिवार सहित भी खाना खाने जाते हैं। इन परिस्थितियों में सरेआम शराब के सेवन को देखकर महिलाओं और बच्चों पर बुरा असर पड़ना स्वाभाविक ही है।

उन्होंने बताया कि उनके द्वारा तीन स्थानों पर छापामार कार्यवाही की गयी है। इसके अलावा एक होटल संचालक मौके से फरार भी हो गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस के द्वारा इस कार्यवाही को लगातार जारी रखा जायेगा। आने वाले समय में लखनादौन थाना क्षेत्र के ढाबों पर भी छापामार कार्यवाही की जायेगी।

उन्होंने अगो बताया कि उनके द्वारा बस स्टैण्ड में सागर बिरयानी, चट्टी स्थित सोनी फैमिली रेस्टॉरेंट, तरंग लॉज सहित अनेक स्थानों पर कार्यवाही की है। इसमें से सोनी रेस्टॉरेंट का संचालक फरार हो गया। उन्होंने बताया कि इस रेस्टॉरेंट को बंद करा दिया गया है। पुलिस के द्वारा आबकारी एक्ट के तहत इनके खिलाफ कार्यवाही को अंजाम दिया गया है।

लखनादौन थाना के अन्तर्गत किसी भी तरह से अनैतिक तौर से संचालित हो कारनामों पर कार्यवाही अवश्य की जायेगी. अभी तीन चार जगह छापे मारे गये हैं. यह कार्यवाही सतत जारी रहेगी.

महादेव नागोतिया,

नगर निरीक्षक, लखनादौन.