खनिज विभाग में वसूली की सुगबुगाहटें!

 

 

किस मद में एकत्र की जा रही है राशि!

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। खनिज विभाग में क्रॅशर्स संचालकों और डंपर्स के मालिकों से खनिज विभाग के द्वारा पाँच अंकों में राशि की वसूली की चर्चाएं जोरों पर हैं। यह राशि किस मद में और क्यों वसूल की जा रही है इसे लेकर तरह – तरह के कयास लगाये जा रहे हैं।

क्रॅशर्स यूनियन के पदाधिकारियों के बीच चल रहीं चर्चाओं के अनुसार खनिज विभाग के आला अधिकारियों के द्वारा क्रॅशर्स के संचालकों से पाँच अंकों में राशि दिये जाने के अघोषित निर्देश जारी किये गये हैं। कमोबेश इसी तरह की चर्चाएं डंपर्स संचालकों के बीच भी चल रही हैं।

एक क्रॅशर संचालक ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान बताया कि विभाग के अधिकारियों के द्वारा उनसे पाँच अंको में राशि की माँग की गयी है। उन्होंने बताया कि खनिज अधिकारियों के द्वारा यह राशि ऊपर के सख्त आदेश के बाद वसूलने की बात कहकर अपनी मजबूरी भी जतायी गयी है।

उक्त क्रॅशर संचालक के अनुसार अब डंपर्स संचालक और क्रॅशर्स के मालिक इस बात के शोध में लगे हैं कि किस ऊपरी अधिकारी के आदेश पर खनिज विभाग के अधिकारियों के द्वारा दबाव डालकर पाँच अंकों की राशि उनसे वसूलने का जतन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह राशि किस मद में वसूली जा रही है इस बात का खुलासा होना नितांत आवश्यक है। इस मामले में अब विपक्ष में बैठी भाजपा समर्थित पहुँच संपन्न लोग इसका प्रतिकार करने का मन भी बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इसी की देखा देखी अगर अन्य विभागों में भी इस तरह की वसूली आरंभ हो जाये तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिये।