न खरीदें इस रोते बच्‍चे की तस्‍वीर . . .

 

 

 

 

दुनिया में कुछ चीजें या कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं जो इंसानी समझ और वैज्ञानिक सिद्धान्त से बेहद परे होते हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही तस्वीर के बारे में बताने जा रहे हैं जिसने कई घरों को तबाह कर रख दिया। द क्राइंग ब्‍वॉयके नाम से मशहूर इस चित्रकारी को शापित करार दिया गया है। आइए जानते हैं क्या है इसकी पूरी कहानी।

पेंटिंग को बनाने वाले चित्रकार का नाम जियोवनी ब्रागोलिन हैं जो कि इटली के मशहूर चित्रकार थे। जब यह तस्वीर बनकर तैयार हुई तो ब्रागोलिन की सबसे सर्वश्रेष्ठ कृतियों में इसे भी स्थान मिला।

ब्रागोलिन द्वारा बनाई गई इस पेंटिंग को पहले पहल लोगों ने खूब पसंद किया, लेकिन बाद में इसकी जमकर बदनामी हुई क्योंकि यह शापित तस्वीर कई हादसों के लिए जिम्मेदार मानी गई, जिधर भी यह पेंटिंग लगाई गई वहां बुरी तबाही मची।

आपको बता दें कि एक वक्त था जब इस तस्वीर को खूब प्रसिद्धि मिली थी। उस दौर में इस खास पेंटिंग की 50,000 तक प्रतियां बनाई गईं। इसकी खूब बिक्री हुई। बस इसके बाद से अजीबोगरीब घटनाएं होने लगी।

कहा जाता है कि जिन लोगों ने भी इन पेंटिंग्स को खरीदकर अपने घरों की दीवारों पर सजाया, तभी से उनके घर में अनहोनी होने लगी, उनकी जिंदगी तबाह हो गई, मकानों में हादसों का सिलसिला शुरू हो गया।

उस वक्त इस तस्वीर का नाम सबसे ज्यादा उछला जब एक अग्‍निशमन रक्षक का इससे जुड़ा एक बड़ा बयान सामने आया।

दरअसल, इस दमकलकर्मी ने कहा था कि वह अपनी टीम के साथ करीब 15 घरों में आग लगने पर उसे बुझाने गया था। जहां भी वह जाता वहीं उसे द क्राइंग ब्‍वॉय पेंटिंग मिलती। हैरान कर देने वाली बात तो यह थी कि आग लगने की वजह से घर का सारा सामान जल चुका होता था, लेकिन तस्वीर पर तेज आंच का कोई प्रभाव तक नहीं पड़ता था। वह हमेशा सही सलामत ही मिलती।

(साई फीचर्स)