कब पूरी होगी जलावर्धन योजना!

 

 

तीन कलेक्टर भी नहीं करा पाए इसका काम पूरा!

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। जिस जलावर्धन योजना को 2016 में शुरू हो जाना चाहिए था उसका काम आज तक पूरा नही हुआ है। देखते देखते गर्मी के तीन मौसम बीत गए, और तीन कलेक्टर भी, लेकिन इस महान जलावर्धन योजना का काम कोई पूरा न करा पाया।

उक्ताशय की बात नागरिक मोर्चा द्वारा जारी विज्ञप्ति में कही गई है। विज्ञप्ति के अनुसार भाजपा के तथाकथित बड़े बड़े नेताओं ने तो कभी सिवनी की गरीब जनता की इस छोटी सी समस्या पर ध्यान ही नही दिया और दें भी क्यों! देश विदेश के इतने अंतरराष्ट्रीय विषयों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिवनी के इन नेताओं की प्रतिक्रिया का इंतज़ार करते हैं।

जिले के नेताओं पर तंज कसते हुए विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये स्थानीय नेता अब केंद्र सरकार चलायें अथवा नल, नाली, आवारा पशु ही करते हैं। खैर भाजपा नेताओं पर तो बड़ी जिम्मेदारी है ही, अब बात रही कांग्रेस की। तो जब तक मध्य प्रदेश में सरकार नही थी, तब तक कॉंग्रेसियो को कभी कभी जलावर्धन की याद आ जाती थी। लेकिन जब से प्रदेश में कांग्रेस सरकार आई है तब से उन्होंने भी ट्रान्सफर पोस्टिंग की बड़ी ज़िम्मेदारी सिवनी वालों को दे दी गई है। अब कांग्रेसी बेचारे भोपाल की सरकार चलाएं या सिवनी वालों की समस्या देखें।

नागरिक मोर्चा की विज्ञप्ति के अनुसार अब इस स्थिति में जहां भाजपाइयों पर दिल्ली की जवाबदारी है और कांग्रेसियों पर भोपाल की, सिवनी की जनता भगवान भरोसे ही है। हालाकि सिवनी की जनता भी बहुत धैर्यवान और शांतिप्रिय है, जहां जलावर्धन के नाम पर तीन साल तक शहर की सड़कें खुदी पड़ी रही, नलों से पानी नदारत रहा, पार्षद ठेकेदारी में व्यस्त रहे, मज़ाल है जो कोई शिकायत करता!