आज होगा वरिष्ठ नागरिकों का होगा सम्मान

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। वृद्धजनों के द्वारा समाज को दिये गये अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने हेतु सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण सिवनी के तत्वावधान में 01 अक्टूबर को कलेक्टर प्रवीण सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिवनी सुनील दुबे के मार्गदर्शन में अंर्तराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन स्मृति लॉन बारापत्थर सिवनी में किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम 01 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से सांसद डॉ.ढाल सिंह बिसेन के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत सिवनी अध्यक्ष श्रीमति मीना बिसेन की अध्यक्षता में संपन्न होगा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सिवनी दिनेश राय, विधायक बरघाट अर्जुन सिंह काकोड़िया, विधायक केवलारी राकेश पाल, विधायक लखनादौन योगेन्द्र सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष जिला पंचायत चन्द्रशेखर चतुर्वेदी, अध्यक्ष नगर पालिका सिवनी श्रीमति आरती शुक्ला, अध्यक्ष जनपद पंचायत सिवनी श्रीमति प्रतिक्षा राजपूत की उपस्थिति में होगा।

इस कार्यक्रम में 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले वृद्धजनों को शतायु सम्मान स्वरूप शॉल, श्रीफल एवं नगद राशि 1000 रूपये प्रदाय करते हुए उपस्थित समस्त वृद्धजनों का श्रीफल एवं गमछा से सम्मानित किया जायेगा। दोपहर 02 बजे से सायंकाल 05 बजे तक स्वास्थ्य विभाग – आयुष विभाग द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाईयों का वितरण किया जायेगा।

सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग के उप संचालक वीरेश सिंह बघेल द्वारा सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गयी है कि उक्त समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर कार्यक्रम को सफल बनायें।