झिलमिल रौशनी के बीच लंकापति का हुआ वध

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। जिले के सबसे बड़े दशहरा उत्सव में रंगीन रौशनी, सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच लंकापति रावण का दहन हुआ। पूरे जिले में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। दशहरा मैदान पर श्रीराम के बाण से रावण के पुतले का दहन किया गया।

दशहरा मैदान पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में यहाँ कई प्रदेशों से आये कलाकारों ने अपनी – अपनी प्रस्तुतियां दी। बनारस की गंगा आरती की तर्ज पर महाआरती की गयी, जो आकर्षण का केंद्र रही। स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी अनूठी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोहा।

दशहरा मैदान में श्रीरामदल समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में काफी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। रावण के पुतला दहन के समय हुई रंग – बिरंगी आतिशबाजी का श्रद्धालुओं ने लुत्फ उठाया। इसके बाद लॉटरी का ड्रॉ खोला गया। समिति ने वर्षभर कराये जाने वाले सामाजिक कार्यों के बारे में जानकारी दी। साथ ही भविष्य की योजना से श्रद्धालुओं को अवगत कराया गया।

कलेक्टर, एसपी ने पूरी रात किया भ्रमण : दशहरा पर्व पर पूरी रात शहर गुलजार रहा। सभी चौक – चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कलेक्टर प्रवीण सिंह अढ़ायच और पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने देर रात तक शहर का भ्रमण किया। दशहरा पर्व शांति पूर्वक संपन्न हुआ।

दशहरा पर्व पर पुलिस काफी सक्रिय नज़र आयी। कोतवाली व आसपास के थानों की पुलिस ने बाहर से आये जवानों के साथ शहर में पैदल भ्रमण किया। तहसीलदार प्रभात मिश्रा भी टीम के साथ शहर में नज़र आये। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया था। सभी तरफ कैमरों से निगरानी रखी गयी।