गाय सामने आने से बाईक सवार हुआ घायल

 

सड़क हादसों में 03 घायल

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। जिले की सड़कों पर स्वच्छंद विचरण करने वाले आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में विराम लगता नहीं दिख रहा है। बाईक सवार एक युवक, वाहन के सामने गाय आ जाने के कारण घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि छिंदवाड़ा जिले के चौरई थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम केदारपुर निवासी शशि कुमार (35) पिता शिव दयाल सनोडिया सिवनी आये हुए थे। बताया जाता है कि यहाँ से जब शशि कुमार वापस अपने घर लौट रहे थे तभी ग्राम बम्होड़ी के समीप एक गाय उनकी बाईक के सामने आ गयी जिसको बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई बाईक से गिरकर शशि कुमार घायल हो गये। घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय सिवनी में दाखिल करवा दिया गया है जहाँ उनका उपचार किया जा रहा है।

कुरई थाना क्षेत्र में घटित एक सड़क हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम सागर निवासी गोविंद (45) पिता रघु इनवाती जब बाईक पर सवार होकर चमारी रोड पर जा रहे थे तभी अनियंत्रित हुई बाईक से गिरकर गोविंद घायल हो गये। घायल का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।

एक अन्य दुर्घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सिवनी के भैरोगंज क्षेत्र निवासी कुन्दन (48) पिता द्वारका बघेल जब नशे में धुत्त होकर बाईक की सवारी गांठ रहा था तभी वह बाईक से नियंत्रण खो बैठा और नीचे गिरकर घायल हो गया। घायल कुन्दन का उपचार भी जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है।