बादलों से बढ़ने लगा दिन में तापमान

 

 

गुलाबी सर्दी हुई गायब, सर्दी के लिये अभी करना होगा इंतज़ार

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। बादलों की आवाजाही से एक बार फिर मौसम का मिज़ाज गरम नज़र आने लगा है। दिन में चुभने वाली धूप के बाद रात में भी तापमान में बढ़ौत्तरी दर्ज की गयी है। दिन में तापमान बढ़ने से गर्मी का अहसास होने लगा है।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अरब सागर में आये क्यार तूफान की वजह से शहर के ऊपर बादल छाये हुए हैं। साथ ही उत्तर भारत से हवाओं का आना बंद हो गया था। इससे हिमालय की ओर से हवा बंद हो गयी और दक्षिण दिशा से हवा आना आरंभ हो गयी। इसके कारण बादल छा रहे हैं, तापमान में वृद्धि हो रही है, ठण्ड का असर कम हो गया।

ज्ञातव्य है कि दीपावली के आसपास बारिश होने के चलते जिले की फिजा में ठण्डक घुल गयी थी। कुछ दिनों तक भगवान भास्कर की चुभन कम होने के बाद अब एक बार फिर गर्मी बढ़ गयी है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दो तीन दिनों तक मौसम इसी तरह का रहने की उम्मीद है।

सूत्रों ने बताया कि अमूमन दशहरे के बाद सर्दी अपना असर दिखाती है तो दीपावली के बाद सर्दी पूरे शवाब पर आ जाती है, किन्तु इस बार अनेक सिस्टम बने रहने के कारण मौसम का चक्र कुछ परिवर्तित होता दिख रहा है। सूत्रों ने बताया कि आने वाले दो-तीन दिनों तक दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तो रात में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

भू-अभिलेख से सिवनी के स्थानीय तापमान के संबंध में अधिकृत जानकारी देते हुए राकेश विश्वकर्मा ने बताया कि बुधवार 30 अक्टूबर को दिन में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस तो इसके पहले के चौबीस घण्टों में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सुबह आद्रता जहाँ 85 थी वहीं शाम को यह 69 दर्ज की गयी।