महामंच ने किया 108 दीपमालिकाओं से श्रीलक्ष्मीनारायण का स्वागत

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। गौ, गीता, गंगा महामंच द्वारा दीपोत्सव पर्व पर भगवान श्री लक्ष्मी नारायण का पूजन अर्चन कर 108 दीप मालिकाओं से आरती उतारकर दीपदान किया गया।

भगवान श्री लक्ष्मी नारायण का श्रीविग्रह दीप मालिकाओं के प्रकाश में आलौकिक छटा बिखेर रहा था। भगवान श्री लक्ष्मी नारायण के श्रीविग्रह की यह आलौकिक छटा भक्तों के मन को आनंदित उल्लासित कर रही थी। भक्तों द्वारा लक्ष्मी नारायण के जयकारों के साथ सुख समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की गयी।

गौ, गीता, गंगा महामंच के सदस्यों द्वारा संपूर्ण कार्तिक मास में नदी तटों सरोवर आदि विभिन्न स्थानों पर दीपदान का क्रम जारी है। दलसागर तालाब में प्रतिदिन, सदस्यों द्वारा लोक कल्याण की कामना से दीपदान किया जा रहा है। इसी क्रम में दीपोत्सव पर्व के दौरान लक्ष्मी नारायण मंदिर मंे भी दीपदान किया गया।

इस दीपदान कार्यक्रम में भक्तों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शैल पाण्डेय, सपना, नेहा, सोना, दीपाली, ऋषिका, गौरी, अनुश्री, कृति, रमा, अर्पणा, सुनिता आदि उपस्थित थीं। भक्तों द्वारा लक्ष्मी नारायण के जयकारों के साथ सुख समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की गयी।