कायाकल्प अभियान : टॉप 10 में सिवनी ने पाया स्थान!

 

86 फीसदी अंक लेकर पहली बार प्रदेश की अव्वल रैंकिंग में आया सिवनी अस्पताल

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। प्रदेश भर के अस्पतालों में चलाये जा रहे कायाकल्प अभियान में सिवनी के लिये खुशखबरी है। प्रियदर्शनी जिला अस्पताल को प्रदेश में छटवां स्थान प्राप्त किया है। सिवनी के अस्पताल को निरीक्षण दल के द्वारा 100 में से 86 अंक प्रदाय किये गये हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि प्रदेश भर के जिला मुख्यालय के अस्पतालों की दशा और दिशा में सुधार के लिये कायाकल्प अभियान चलाया गया था। इस अभियान की सफलता की जिम्मेदारी जिलाधिकारियों को सौंपी गयी थी।

सूत्रों ने बताया कि कायाकल्प अभियान हेतु सात घटकों को निर्धारित किया गया था। इसमें अस्पताल के रखरखाव पर 100, सेनेटाईजेशन और हाईजीन पर 100, वेस्ट वाटर मैनेजमेंट पर 100, संक्रमण नियंत्रण पर 100, मरीज़ों को सहयोग की सेवाओं पर 50, सेनेटाईजेशन और हाईजीन प्रमोशन पर 50 एवं अस्पताल परिसर के बाहर (बियान्ड हॉस्पिटल पर 100 अंकों में से हालात देखकर अंक देने की बात कही गयी थी।

सूत्रों ने बताया कि इस अभियान में भिण्ड का जिला अस्पताल 98.2 अंक पाकर अव्वल स्थान पर है। इसके बाद जबलपुर का जिला अस्पताल 89.8 लेकर दूसरी पायदान पर, उज्जैन का जिला अस्पताल 89.5 अंक लेकर तीसरे, सतना का अस्पताल 87.8 लेकर चौथे तो खरगौन का अस्पताल 87.6 अंक लेकर पाँचवे स्थान पर है।

सूत्रों की मानें तो सिवनी के इंदिरा गांधी अस्पताल को अस्पताल के रखरखाव पर 100 में से 97, सेनेटाईजेशन और हाईजीन पर 100 में से 69, वेस्ट वाटर मैनेजमेंट पर 100 में से 74, संक्रमण नियंत्रण पर 100 में से 91, मरीज़ों को सहयोग की सेवाओं पर 50 में से 45, सेनेटाईजेशन और हाईजीन प्रमोशन पर 50 में से 43 एवं अस्पताल परिसर के बाहर (बियान्ड हॉस्पिटल पर 100 अंकों में से 97 अंक प्राप्त हुए हैं।

सूत्रों ने बताया कि इस अभियान में बालाघाट का अस्पताल 60.2 अंक लेकर अंतिम दस में शामिल हुआ है। इसके अलावा अंतिम दस अस्पतालों में डिण्डोरी का अस्पताल (58.3) नरसिंहपुर का जिला अस्पताल (42.7 अंक) लेकर अंतिम दस में शामिल हुआ है। छिंदवाड़ा के अस्पताल को 71.3 अंक मिले हैं।

सूत्रों ने बताया कि इस रैंकिंग को जारी कर दिया गया है। इसके बाद भी जिला अस्पताल प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग के द्वारा टॉप टेन में स्थान पाये जाने के बाद भी किसी तरह की विज्ञप्ति आदि जारी न किया जाना आश्चर्य जनक ही है। देखा जाये तो यह सिवनी के लिये एक उपलब्धि से कम नहीं है।

सूत्रों ने बताया कि इंदिरा गांधी जिला अस्पताल के निरीक्षण के लिये छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल के सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ.एस.के. दुबे के नेत्तृत्व में एक दल, निरीक्षण करने आया था। अब इस अस्पताल का निरीक्षण क्षेत्रीय संचालक स्तर के अधिकारी के द्वारा किया जा सकता है।