कब मिल पायेगा सिवनी को क्रिकेट मैदान

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। सिवनी में सार्वजनिक पार्क के साथ ही साथ खेल मैदानों की कमी भी जबर्दस्त तरीके से महसूस की जा रही है। स्थिति यह है कि पालिका के साथ ही साथ जिला प्रशासन भी इस दिशा में कदम उठाना तो दूर विचार करता तक नहीं दिख रहा है जिसके कारण खिलाड़ियों में निराशा का भाव है।

इस कमी को देखते हुए कुछ युवाओं ने खाली पड़े स्थान को अपनी तरफ से खेल मैदान की शक्ल में परिवर्तित करने का प्रयास आरंभ किया है। शहर की कुछ शालाओं के खेल के मैदान का उपयोग कुछ हद तक खिलाड़ी कर पा रहे हैं। शहर में टेनिस, बास्केट बाल, हॉकी और फुटबाल के लिये तो मैदान हैं, पर क्रिकेट के लिये मैदान अब तक मुहैया नहीं करवाया जा सका है।

खिलाड़ियों का कहना है कि जिले में अस्तित्व वाले खेल संघों के द्वारा अपने – अपने खेलों के लिये मैदान मुहैया करवाने के लिये जी तोड़ प्रयास किये जाते रहे हैं, इसका परिणाम है कि जिला मुख्यालय में हॉकी के लिये एस्ट्रोटर्फ तो फुटबाल के लिये भी स्टेडियम उपलब्ध है।
खिलाड़ियों की मानें तो जिला क्रिकेट संघ सिवनी के द्वारा अब तक क्रिकेट मैदान के लिये किसी तरह के प्रयास करने में संजीदगी नहीं दिखायी गयी है। इसका ही कारण है कि डेढ़ दो दशकों से अस्तित्व वाले जिला क्रिकेट संघ सिवनी के पास आज, अपना खुद का एक भी मैदान नहीं है।

खिलाड़ियों का कहना है कि क्रिकेट के खेल के अभ्यास के लिये पॉलीटेक्निक का मैदान ही शेष बचा है। इस मैदान पर भी जब चाहे तब बड़े सरकारी आयोजन होने के कारण कई दिनों तक क्रिकेट का अभ्यास करने में भी खिलाड़ियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।