22 दिसंबर होगा साल का सबसे छोटा दिन

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। 22 दिसंबर को सूर्य आकाश में अपने दक्षिणतम बिंदु पर होगा। इस दौरान सूर्य आकाश में क्षितिज पर अपने सबसे निम्नतम उन्नयन पर आयेगा।

मराही माता स्थित कपीश्वर हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी उपेंद्र महाराज ने बताया कि 22 दिसंबर का दिन सबसे छोटा होगा और रात सबसे लंबी होगी। इसी दिन से शिशिर ऋतु का प्रांरभ होने सर्दी और बढ़ जायेगी। साथ ही शीत लहर भी दस्तक दे देगी। इस दौरान जम्मू कश्मीर, उत्तराखण्ड, हिमाचल आदि प्रदेशों में जोरदार बर्फबारी होगी। इसके चलते फसलों को सर्दी के कारण पाला नुकसान पहुँच सकता है।

22 को सूर्य होगा दक्षिणायन से उत्तरायण : ज्योतिषाचार्य के अनुसार पृथ्वी अपने अक्ष पर साढ़े तेईस डिग्री झुकी है। इसके कारण सूर्य की धुरी पृथ्वी के उत्तरी गोलार्ध से अधिक हो जाती है। ऐसे में सूर्य की किरणें पृथ्वी पर कम समय तक रहेगी। 22 दिसंबर को सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण में प्रवेश करेंगे। इस दिन सूर्य मकर रेखा के लंबवत होगा और कर्क रेखा को तिरछा स्पर्श करने के कारण इस दिन सूर्य जल्दी अस्त होगा।