जीते जी मार डाला नगर पालिका ने!

 

नगर पालिका के रिकॉर्ड में जीवित व्यक्ति दर्ज है मृत के रूप में!

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। भाजपा शासित नगर पालिका परिषद के द्वारा जो किया जाये कम ही है। नगर पालिका परिषद के रिकॉर्ड में एक जीवित व्यक्ति को मृत दर्शा दिया गया है। इतना ही नहीं उक्त व्यक्ति के निधन की तारीख भी दर्शायी गयी है।

नगर पालिका के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि टैगोर वार्ड में काली चौक निवासी सोमनाथ (73) पिता छिदामी लाल सराठे को मृत दर्शा दिया गया है। उनके परिजनों ने बताया कि उनके परिवार की समग्र आईडी के रिकॉर्ड को जब उनके द्वारा देखा गया तो उनके होश उड़ गये।

उन्होंने बताया कि इस रिकॉर्ड में परिवार से हटाये गये सदस्यों के बारे में सोमनाथ सराठे का नाम इसलिये हटाया गया है क्योंकि उनका निधन इसी साल 25 अगस्त को टैगोर वार्ड में हुआ था। परिजनों की मानें तो सोमनाथ सराठे आज भी स्वस्थ्य हैं।