आज़ाद वार्ड में सूअरों की आमद!

 

स्वच्छता अभियान को पलीता लगाती दिख रही पालिका!

(सादिक खान)

सिवनी (साई)। आगे – आगे पाठ, पीछे सपाट की तर्ज पर जिला मुख्यालय में चलाये जा रहे स्वच्छता अभियान की कलई खुलती दिख रही है। जिस वार्ड में सफाई के लिये पालिका का दल जा रहा है वहाँ से आवारा मवेशी विशेषकर सूअरों को अन्य वार्ड की सीमाओं में खदेड़ा जा रहा है।

अनेक नागरिकों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि शुरूआती दौर में जिलाधिकारी प्रवीण सिंह के द्वारा इस अभियान में खुद जाकर निरीक्षण किया जाने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हडकंप मचा हुआ था, किन्तु जब से वे अन्य दीगर व्यस्तताओं के चलते इस ओर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं तो पालिका के द्वारा इस काम को बला टालू तरीके से ही संपादित करवाया जा रहा है।

नागरिकों की मानें तो जिस वार्ड में इस अभियान को चलाया जाना प्रस्तावित होता है उस वार्ड से आवारा जानवरों विशेषकर सूअरों को सूअर पालकों के द्वारा अन्य वार्ड में हकाल दिया जा रहा है, जो नागरिकों के लिये परेशानी का सबब बन रहे हैं। इसी तरह की स्थिति शुक्रवार को आज़ाद वार्ड में देखने को मिली।

नागरिकों ने बताया कि आज़ाद वार्ड में शुक्रवार को अचानक ही सौ से डेढ़ सौ सूअर अचानक ही दिखायी देने लगे। लोग आशचर्य चकित थे कि अचानक ही इतने सारे सूअर कहाँ से आ गये! जब जानकारी ली गयी तो पता चला कि जिलाधिकारी के द्वारा किये जा रहे निरीक्षण के डर से सूअर पालकों के द्वारा सूअरों को सीमावर्ती वार्ड में हकाल दिया गया है।

आज़ाद वार्ड के वासियों ने जिला कलेक्टर से माँग की है कि अवैध रूप से हो रहे सूअर पालन के कार्य को बंद करवाया जाये जिससे कि स्वाईन फ्लू और इस जैसी अन्य बीमारियां जो कि इस नमी भरे मौसम में और तेजी से फैलती हैं, उनसे बचाव किया जा सके और जैसा कि उनकी मंशा है कि मेरा सिवनी बने नंबर वन, स्वच्छ हो सिवनी हमारा वह सपना पूरा हो सके।