सीएए: मध्य प्रदेश में महिला डिप्‍टी कलेक्टर ने मारा तो बीजेपी वर्कर ने खींच ली चोटी

 

(ब्यूरो कार्यालय)

राजगढ (साई)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। इसी दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं को मार और घसीट रहीं डिप्‍टी कलेक्टर प्रिया वर्मा के साथ बदसलूकी की गई। सामने आए विडियो में देखा जा सकता है कि किसी कार्यकर्ता ने प्रियंका वर्मा के बाल खींच लिए।

बताते चलें कि एक तरफ जहां सीएए के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं, बीजेपी के कार्यकर्ता भी इस कानून के समर्थन में जगह-जगह रैलियां निकाल रहे हैं। कई जगहों पर बीजेपी कार्यकर्ता तिरंगे के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में आयोजित ऐसे ही एक कार्यक्रम के दौरान स्थिति संभालने पहुंचीं डेप्युटी कलेक्टर प्रिया वर्मा के साथ बदसलूकी की गई।

सामने आए विडियो में देखा जा सकता है कि प्रिया वर्मा प्रदर्शनकारियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर रही हैं। उन्होंने तिरंगा लिए एक प्रदर्शनकारी को पकड़कर खींचने की कोशिश की तो वह जमीन पर बैठ गया। इसके बाद उन्होंने एक और प्रदर्शनकारी का कॉलर पकड़ा और उसपर थप्पड़ बरसाने लगीं।

अपने साथी को इस कदर पिटता देख बाकी प्रदर्शनकारियों ने प्रिया वर्मा को घेर लिया और उसे छुड़ाने लगे। इसी का फायदा उठाकर किसी ने पीछे से उनकी चोटी पकड़कर जोर से खींच ली। इसके तुरंत बाद ही पुलिसकर्मियों ने उन्हें घेर लिया और सुरक्षा घेर में कर लिया। अपने साथ हुई इस बदसलूकी के बाद प्रिया वर्मा महिला पुलिसकर्मी को डांटती दिखाई दीं।