इन स्थानों पर होती है सर्वाधिक बारिश

 

बारिश का नाम लेने से ही हमारा मन रोमांचित हो जाता है और जब बारिश का मौसम आता है तो हमारा मन बच्चों की तरह उछल-कूद करने का होने लगता है। ये मौसम ही ऐसा है जो खुशी, प्यार और आनंद से भरपूर होता है। दुनिया में ऐसे कितने ही स्थान हैं जहाँ बारिश बहुत ज्यादा होती है जबकि ऐसे स्थानों की भी कमी नहीं हैं जहाँ नाममात्र की बौछारें आती हैं। ऐसे में, क्यों ना आज बात की जाए दुनिया के ऐसे स्थानों की जहाँ सबसे ज्यादा बारिश होती है। तो चलिए, आज जानते हैं विश्व के ऐसे स्थानों के बारे में जहाँ सबसे ज्यादा बारिश होती है :

चेरापूंजी, भारत (वर्षा 498 इंच) : भारत का एक खूबसूरत पर्यटन स्थल, जहाँ बहुत से रेन रिसॉर्ट्स बनाये गए हैं क्योंकि यहाँ बहुत ज्यादा बारिश होती हैं। मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में मौजूद इस स्थान को सर्वाधिक बारिश के कारण दुनिया की बारिश राजधानी भी कहा जाता है।

मासिनराम, भारत (वर्षा 468 इंच) : चेरापूंजी से सिर्फ 15 किमी. की दूरी पर स्थित है मासिनराम। चेरापूंजी और मासिनराम में से सबसे ज्यादा बारिश किस स्थान पर होती है, ये अभी भी स्पष्ट नहीं है लेकिन गिनीज बुक आॅफ वर्ल्ड रिकार्ड्स के अनुसार, मासिनराम में साल 1985 में कुल 1000 इंच बारिश दर्ज की गयी थी।

वैयलील, संयुक्त राज्य अमेरिका (वर्षा 451 इंच) : वैयलील का अर्थ होता है अत्यधिक पानी। हवाई द्वीप पर वैयलील पर्वत के स्थान पर होने वाली सालाना बारिश 451 इंच होती है और इतनी अधिक वर्षा के कारण ही यहाँ एस्टेलिया वैयलील और मेलिसोप वैयलील जैसे पौधों की नयी प्रजातियां उत्पन्न हुयी हैं। वर्षा के पानी को जमा करने के लिए यहाँ एक सुन्दर झील भी है।

देबद्शचा, कैमरून (वर्षा 404.6 इंच) : अफ्रीका की सबसे ऊँची छोटी माउन्ट कैमरून का नाम तो आप जानते ही हैं। इसी माउन्ट कैमरून के आधार में स्थित गांव में सालाना वर्षा 404.6 इंच होती है और दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में स्थित ये गाँव दक्षिण अटलांटिक महासागर के एकदम सामने है। इस स्थान पर इतनी अधिक वर्षा का कारण है माउन्ट कैमरून पहाड़ी द्वारा काले बादलों को रोक लेना और उनसे बरसात होना। इसी कारण यहाँ बारिश का स्तर इतना ऊँचा है।

कुइब्दो, कैमरून (वर्षा 353.9 इंच) : कैमरून के ही एक और शहर कुइब्दो में भी बारिश का स्तर ऊँचा हैं और चोको विभाग की राजधानी वाला ये शहर दुनिया में सर्वाधिक वर्षा वाले स्थानों में पांचवें पायदान पर है। अत्रातो नदी के तट पर स्थित इस शहर में 353.9 इंच वार्षिक वर्षा होती है।

बैलेंडेकर, क्वींसलैंड, आॅस्ट्रेलिया (वर्षा 340 इंच) : उत्तर पश्चिम आॅस्ट्रेलिया के माउन्ट बैलेंडेकर की तलहटी में स्थित इस स्थान पर होने वाली सालाना औसत वर्षा 340 इंच है। इस स्थान के नाम पर एक पर्वत श्रृंखला भी है और बहुत अधिक वर्षा के कारण यहाँ बहुत सारे झरने भी हैं। इस स्थान के दक्षिण पूर्वी भाग में रसेल नदी बहती है और दक्षिण पश्चिम तट पर मूलग्रेव्स नदी बहती है।

अन्दगोया, कोलंबिया (वर्षा 281 इंच) : स्पेनिश आक्रांता पास्कुअल डे अन्दगोया के नाम पर स्थित इस गाँव में 281 इंच वर्षा होती है और कोलंबिया के पश्चिम-मध्य भाग में स्थित इस स्थान पर होने वाली बारिश के पानी का संरक्षण करने के लिए यहाँ के निवासी प्रयासरत भी हैं।

हेंडरसन झील, कनाडा (वर्षा 256 इंच) : दुनिया में सबसे ज्यादा वर्षा वाले स्थानों में आठवें स्थान पर है हेन्डरसन झील। ब्रिटिश कोलंबिया के वैंकूवर द्वीप पर स्थित ये स्थान कनाडा का सबसे नम स्थान है और यहाँ मछली अभयारण्य भी है।

किकोरी, पापुआ न्यू गिनी (वर्षा 242.9 इंच) : किकोरी नदी के डेल्टा में स्थित इस स्थान पर सालाना वर्षा 242.9 इंच औसत दर्ज की जाती है। यहाँ दलदली मिट्टी से भरी नदियां काफी खतरनाक हैं और यहाँ घने जंगलों के अलावा इस नदी के डेल्टा में तेल के खनन केंद्र भी मौजूद हैं।

तवोय, म्यांमार (वर्षा 214.6 इंच) : सालाना 214.6 इंच औसत वर्षा वाला ये स्थान दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित है। तटीय व्यापार का यह केंद्र अंडमान सागर में गिरती तवोय नदी के ठीक ऊपर है। म्यांमार और थाईलैंड के बीच की सीमा बनाने वाला ये क्षेत्र बिलौकतौंग श्रृंखला की तलहटी पर स्थित है।

(साई फीचर्स)