छुटभैया नेताओं से परेशान ब्रजेश ने दिया स्तीफा!

 

जिले में तबादला उद्योग चरम पर होने के लगाये आरोप!

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। सरपंच संघ के अध्यक्ष एवं खालिस काँग्रेसी रहे ब्रजेश सिंह राजपूत के द्वारा छुटभैया नेताओं और उनकी लगातार हो रही उपेक्षा के चलते प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को भेजे अपने त्याग पत्र में ब्रजेश सिंह राजपूत ने कहा है कि वे कई सालों से पारिवारिक परंपरा के अनुसार लगभग चौथी पीढ़ी के सदस्य के रूप में जिले में अखिल भारतीय काँग्रेस पार्टी के जमीनी कार्यकर्त्ता के रूप में काम करते आये हैं।

उन्होंने अपने त्याग पत्र में यह भी कहा है कि जब से प्रदेश में काँग्रेस की सरकार बनी है, तब से वर्तमान स्थिति तक जिला काँग्रेस के द्वारा हर जगह उन्हें अपमानित किया गया है और उनकी उपेक्षा सतत जारी है। उन्होंने अपने पत्र में यह आरोप भी लगाया है कि जिले में तबादला उद्योग इस समय चरम पर है, जिसके चलते उनके परिचितों, रिश्तेदारों को तबादले का दंश भी भोगना पड़ रहा है।

अपने त्याग पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रदेश में काँग्र्रेस की सत्ता और सरकार होते हुए भी उन्हें अप्रत्यक्ष तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि इन सारी बातों से व्यथित होकर वे दुःखी मन से अपना त्याग पत्र दे रहे हैं। उन्होंने अध्यक्ष से त्याग पत्र स्वीकार करने का आग्रह भी किया है।