नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में ब्रहस्पतिवार 03 सितंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
—–
तीन चार दिन मौसम साफ रहने के बाद एक बार फिर बारिश के योग बनते दिख रहे हैं। मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि दोबारा शुरु हो रही बारिश दो कारणों से हो रही है। पहला ग्वालियर से एक ट्रफ लाइन सतना की तरफ जा रही है। ऐसे में उसके कारण ग्वालियर से लेकर सतना, भोपाल और इंदौर में बारिश हो रही है। दूसरा पंजाब में एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इसके कारण यहां पर उसका असर पड़ रहा है।
अभी कम से कम दो से तीन दिन इसी तरह मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार भोपाल में बारिश का सीजन 1 जून से माना जाता है। यह सितंबर के अंत तक चलता है। एक जून से अभी तक 1180 मिमी बारिश हो चुकी है। ऐसे में अभी बारिश के कुछ दिन और बचे है।
मौसम विभाग नें आने वाले 24 घंटों के लिए राजगढ़, धार, रतलाम, शाजापुर, श्योपुरकलॉ, मंदसौर, गुना जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां पर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। वहीं होशंगाबाद और जबलपुर संभागों में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
—–
प्रदेश के वकीलों की नियामक संस्था मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में मतगणना जैसे-जैसे समाप्ति की ओर है वैसे ही भावी अध्यक्ष को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है। कांउसिल के अभी 11 सदस्य निर्वाचित हो गए हैं। बुधवार से मतगतणना एक बार फिर रोक दी गई हैं। कांउसिल के कुल 25 सदस्यों का चयन होना है, जो बहुमत के आधार पर अध्यक्ष का चयन करेंगे। मतगणना अभी पूरी नहीं हुई है परंतु अध्यक्ष पद के लिए लामबंदी भी शुरू कर दी है।
—–
चीन के वुहान शहर से दुनिया भर में फैला कोरोना वायरस लगातार अपने स्वरूप यानी जीन की संरचना में बदलाव कर रहा है। एक मई की स्थिति में भारत में तीन समेत दुनिया भर में 1325 बदलाव अर्थात म्यूटेशन देखे गए हैं। एम्स भोपाल ने अमेरिका के जीन बैंक से जीन क्रम सीक्वेंस के आंकड़े लेकर अध्ययन किया है। इस अध्ययन में वायरस के म्यूटेशन की बात साबित हुई है। एम्स के निदेशक डॉ. सरमन सिंह के नेतृत्व में यह शोध किया गया है।
उन्होंने बताया कि भारत में अन्य देशों के मुकाबले कोरोना ज्यादा संक्रामक रहा है, लेकिन यहां पर मौतें कम हुई हैं। इसकी बड़ी वजह भी यही हो सकती है कि जीन में बदलाव के साथ भारत में कोराना वायरस का जो स्वरूप है वह घातक कम हो। हालांकि, उन्होंने कहा कि बदलाव के बाद वायरस का कौन सा स्वरूप कितना खतरनाक हो गया है, इस पर अभी कोई शोध नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि वायरस के जीन में बदलाव से सबसे बड़ा नुकसान वैक्सीन की क्षमता पर पड़ेगा। वायरस इसी तरह से अपने जीन में बदलाव करता रहा तो वैक्सीन का असर कम होगा या नहीं होगा। उन्होंने बताया कि देश-दुनिया में 80 फीसदी मामलों में जीन की मूल संरचना एक जैसी मिली है। इन सभी में बदलाव करने वाला मूल तत्व (म्यूटेंट) श्डी 614 जीश् पाया गया है। इसलिए इसे मातृ म्यूटेंट कहा जा रहा है।
—–
बालाघाट में गरीबों को घटिया चावल बांटने के मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) करेगी। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक में मामले की जांच के आदेश दे दिए। वहीं बालाघाट में राइस मिलर्स से चावल जमा कराने पर रोक लगाई गई है। कलेक्टर दीपक आर्य ने इस मामले में 18 राइस मिलर्स संचालकों वेयर हाउस कारपोरेशन एवं नागरिक आपूर्ति निगम के 9 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर कराई है। वहीं 8 राइस मिलों को सील कर दिया गया है।
असल में, एक महीने पहले बालाघाट में खाद्य विभाग के उपायुक्त भारत सरकार विश्वजीत हलधर ने 30 जुलाई से 02 अगस्त तक बालाघाट जिले के गोदामों एवं उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया था। इसमें बालाघाट जिले के गोदामों में अमानक स्तर का चावल पाया गया है, जो कि मनुष्य के खाने योग्य नहीं था। खाद्य अपमिश्रण निवारण अधिनियम के तहत निम्न श्रेणी का पाया गया है। घटिया चावल बांटने का मामला उजागर होने के बाद पीएमओ ने सरकार से मामले की पूरी जानकारी मांगी थी।
—–
भोपाल जिला जेल के जेलर केके कुलश्रेष्ठ और हनी ट्रैप की आरोपी श्वेता विजय जैन के बीच बातचीत का एक फोटो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। भोपाल मुख्यालय ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं, जिसके बाद डीआईजी संजय पांडे जांच के लिए गुरुवार सुबह जेल पहुंचे। वहीं मामले में फोटो वायरल करने वाले को जेलर ने खुली चेतावनी देते हुए कहा कि यह सोची समझी साजिश के तहत वायरल किया है। मैं चेतावनी देना चाहता हूं कि आपके पास यदि वीडियो हो तो उसे भी वायरल करिए। आपको जो करना है करिए। इससे कम से कम जो सच है वह सामने आएगा। वहीं, कोरोना के कारण 44 कैदियों को असरावद खुर्द स्थित अस्थाई जेल में शिफ्ट किया गया।
जेलर ने हनी ट्रैप के फोटो वायरल करने की बात पर कहा कि जेल में 85 से 90 बंदिनी हैं। इसमें से 60 से 70 बंदिनी ऐसी होती ही हैं कि जो किसी ना किसी काम से निवेदन करने आती रहती हैं। जिसने भी साजिश के तहत फोटो लिए हैं। उसने मामले को हाईलाइट करने के उद्देश्य से इसी का फोटो क्लिक किया। जिसने भी वीडियो बनाया उसने अवैध काम किया है। उसने वीडियो बनाकर मीडिया तक पहुंचाया।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
राज्य शासन ने प्रदेश में स्थित सभी संग्रहालय और राज्य संरक्षित स्मारकों को शुक्रवार 4 सितंबर से खोलने का निर्णय लिया है। आयुक्त पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय श्री शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण 17 मार्च 2020 से सभी संग्रहालय और राज्य संरक्षित स्मारकों में पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था। श्री शुक्ला ने कहा कि उक्त स्थानों पर भारत और राज्य शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दर्शकों को प्रवेश दिया जाएगा।
—–
कोरोना के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 40 लाख के करीब पहुंच रहा है। वर्तमान में यह आंकड़ा 38 लाख 81 हजार 913 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग 21 लाख 70 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 08 लाख 21 हजार 570 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 29 लाख 91 हजार 969 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 67 हजार 776 है। अब तक देश में कुल 04 करोड़ 55 लाख 09 हजार 380 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। इधर, मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा 67 हजार के करीब पहुंच गया है। यहां कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 36 हजार 787 से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 66 हजार 914 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 14 हजार 337, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 51 हजार 124 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 1 हजार 453 है। प्रदेश में अब तक 14 लाख 20 हजार से ज्यादा लोगों का टेस्ट कराया जा चुका है।
प्रदेश में जिन जिलों में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद एक हजार से ज्यादा है उनमें वर्तमान में इंदौर में 13 हजार 493 कुल मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 03 हजार 698 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 402 है, भोपाल में 10 हजार 858 कुल मरीज, एक्टिव मरीजों की तादाद 1 हजार 554, जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 293, ग्वालियर में 05 हजार 615 कुल मरीजों में एक्टिव मरीजों की तादाद 01 हजार 482 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 56, जबलपुर में कुल 04 हजार 323 में से एक्टिव मरीजों की संख्या 982 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 85, मुरैना में कुल मरीजों की संख्या 2 हजार 109 एवं सक्रिय मरीजों की तादाद 127 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 15, उज्जैन में एक हजार 816 कुल में से एक्टिव मरीजों की तादाद 272 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 80, खरगौन में कुल मरीजों की संख्या 01 हजार 656, एक्टिव मरीजों की तादाद 334 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 28, नीमच में कुल मरीजों की संख्या 01 हजार 247 में से एक्टिव मरीज 213 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 15, बड़वानी में कुल एक हजार 156 में से एक्टिव मरीजों की तादाद 116 एवं जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 15, सागर में एक हजार 174 कुल मरीजों में से 181 एक्टिव एवं मरने वालों की तादाद 55, रतलाम में एक हजार 74 मरीजों में से एक्टिव की तादाद 250 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 19 है। अब एक हजार से ज्यादा मरीजों वाले शहरों में शिवपुरी का भी शुमार हो गया है। शिवपुरी में कुल एक हजार 57 मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 449 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 07 है। प्रदेश में एक भी जिले में एक्टिव मरीजों की तादाद शून्य नहीं है, इसके साथ ही निवारी, डिंडोरी और उमरिया में ही मरीजों की तादाद 200 से कम है, शेष जगहों पर मरीजों की तादाद 200 से ज्यादा पहुंच गया है।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में ब्रहस्पतिवार 03 सितंबर का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। शुक्रवार 04 सितंबर को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.