नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में शुक्रवार 23 अक्टूबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
—–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के नागरिकों को महाअष्टमी, नवमीं और विजयादशमी की बधाई दी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह पर्व आमजन के जीवन में सुख-समृद्धि लाएं। नागरिकों के जीवन में खुशहाली बढ़े। पारंपरिक हर्ष और उल्लास के साथ पर्व मनाएं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि करोना संक्रमण की रोकथाम के लिये जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए स्वयं जागरूक रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि विजयादशमी 25 और 26 अक्टूबर को दोनों दिन मनाई जा रही है। इसके दृष्टिगत मध्यप्रदेश शासन ने निर्णय लिया है कि मध्यप्रदेश में 26 अक्टूबर सोमवार के दिन भी शासकीय अवकाश रहेगा। दशहरे का यह शासकीय अवकाश, पूर्व में घोषित रविवार के अवकाश के अतिरिक्त रहेगा। पूर्व में रविवार को घोषित विजयादशमी का शासकीय अवकाश यथावत रहेगा। अधिकारियों-कर्मचारियों को दशहरे के दो दिन के अवकाश से गृह ग्राम या गृहनगर जाकर पूजा अनुष्ठान करने एवं पर्व मनाने में सुविधा होगी।
—–
मध्यप्रदेश में जैसे जैसे उपचुनाव की तारीफ नजदीक आ रही है चुनावी सरगर्मियां और तेज होती जा रही हैं। कांग्रेस के निशाने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं जिन पर भाजपा को उपचुनाव में ग्वालियर चंबल अंचल की सीटों को जिताने की जिम्मेदारी है। कांग्रेस की तरफ से एक बार फिर ज्योतिरादित्य सिंधिया पर बड़ा हमला बोला गया है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविंद सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला करते हुए कहा है कि सिंधिया कांग्रेस में चुनावों की टिकिट बेचते थे। उन्होंने सबूत के तौर पर एक वीडियो होने का भी दावा किया है।
पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर निशाना साधा। गोविंद सिंह ने कहा कि लोग जिसे महाराज बुलाते हैं मैं उसे ज्योति प्रसाद कहता हूं वो विधानसभा चुनाव का टिकिट बेचने का काम करते थे। उनका खानदानी इतिहास है वो जिस पेड़ पर बैठते हैं उसे ही काटने का काम करते हैं।
गोविंद सिंह ने दावा करते हुए कहा कि पिछले चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भांडेर की प्रत्याशी रक्षा संतराम से एक करोड़ रुपए की डिमांड की थी, मेरे पास इसका वीडियो भी है जिसे मैं जल्द ही सभी के सामने लाऊंगा। गोविंद सिंह ने आगे कहा कि उन्होंने सिंधिया के पैसे लेकर टिकिट देने का खुलासा राहुल गांधी के सामने भी करने की कोशिश की थी। इसके साथ ही गोविंद सिंह ने ग्वालियर-चंबल अंचल की सीटों पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का भी दावा किया।
—–
इस साल मानसून देर से आया और विदाई भी देरी से हुआ। बुधवार को शहर और सम्भाग से दक्षिण-पश्चिम मानूसन ने पूरी तरह अलविदा का दिया। मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार मानसून की विदाई के साथ हवा का रुख बदल गया। पारे की चाल में परिवर्तन आया।
दक्षिण पश्चिम मानसून मध्यप्रदेश के कई हिस्सों से गुजरने के बाद निर्गमन सीमा अब कूच-बिहार, श्रीनिकेतन, रांची, पेंड्रा रोड, मंडला, नरसिंहपुर, इंदौर, वल्लभ-विद्यानगर, और पोरबंदर आदि क्षेत्रों से गुजर रही है। शहर और सम्भाग से मानसून से लौटने के बाद मौसम में परिवर्तन आ रहा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। अभी हवा उत्तर-पूर्वी है। हवा की दिशा जैसे-जैसे उत्तरी होती जाएगी ठंड पडऩे लगेगी।
—–
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के आइटम वाले बयान को लेकर विवाद ठंडा होने का नाम नहीं ले रहा। बीजेपी नेता इस बयान को लेकर हर चुनावी सभा में कमलनाथ पर निशाना साध रहे हैं। गुरुवार को मुरैना जिले के दिमनी में बीजेपी उम्मीदवार गिरिराज दंडोतिया ने कमलनाथ की लाश गिरने की बात कहकर इस विवाद में फिर से हवा दे दी।
दिमनी विधानसभा के कमथरी गांव में सभा को संबोधित करते हुए दंडोतिया ने कहा कि डबरा में कमलनाथ ने गरीब बहन इमरती देवी को आइटम कह दिया। अगर यही बात उन्होंने दिमनी में कही होती तो उनकी गर्दन कट जाती। दिमनी में कोई हमारी मां, बहन के बारे में अगर ऐसी बात बोलता तो यहां से उसकी लाश ही लौटकर जाती।दंडोतिया ने जब यह बयान दिया, उस समय मंच पर बीजेपी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे।
—–
संयोगितागंज थाना पुलिस ने भाजपा नेता रवींद्रसिंह गौड़ व पंकज यादव की शिकायत पर धारा 188 के तहत दो प्रकरण दर्ज किए हैं। गौड़ ने लिखित शिकायत दर्ज करवाई है कि फेसबुक पर हमारा प्रदेश मध्यप्रदेश और कांग्रेस फॉर मध्यप्रदेश पर भाजपा नेताओं के मुखौटे लगाए वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं। फिल्मों के दृश्यों को एडिट कर उन्हें वरिष्ठ नेताओं को बोलते हुए बताया जा रहा है। इसी तरह बाणगंगा थाना पुलिस ने उज्जवल फणसे की शिकायत पर आरोपित मुकेश चौहान के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित पर भाजपा प्रत्याशी तुलसीराम सिलावट के विरूद्ध भद्दे ऑडियो प्रसारित करने का आरोप है।
—–
कमलनाथ ने आइटम वाले बयान पर मिले चुनाव आयोग के नोटिस का जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने ट्वीट करके नोटिस के जवाब को शेयर किया है। इसमें उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी ने निर्धारित समय सीमा के अंदर चुनाव आयोग के समक्ष अपना जवाब पेश किया। उन्होंने अपने जवाब में कहा कि भाजपा पर हार की डर से मुद्दा बदलने का प्रयास बताया। 40 साल के निष्कलंक लोक सेवा के इतिहास का भी जिक्र किया।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
देश प्रदेश में कोरोना के मरीजों की तादाद में लगातार ही आश्चर्य जनक तरीके से कमी आ रही है। अचानक कमी आना अनेक संदेहों को भी जन्म दे रही है। देश में यह आंकड़ा साढ़े 77 लाख को पार कर गया है। वर्तमान में यह आंकड़ा 77 लाख 63 हजार 67 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग 62 लाख 51 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 06 लाख 96 हजार 558 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 69 लाख 47 हजार 844 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 01 लाख 17 हजार 365 है। अब तक देश में कुल 10 करोड़ 01 लाख 13 हजार 85 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। वहीं, मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा एक लाख 64 हजार को पार कर गया है। यहां कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 01 लाख 37 हजार 207 से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 01 लाख 64 हजार 341 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 12 हजार 146, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 01 लाख 49 हजार 353 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 02 हजार 841 है। प्रदेश में अब तक 26 लाख 90 हजार से ज्यादा लोगों का कोविड टेस्ट कराया जा चुका है।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शुक्रवार 23 अक्टूबर का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। शनिवार 24 अक्टूबर को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह हर वीडियो के आखिरी में हम आपको बताते हैं। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.