नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में शुक्रवार 11 दिसंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
——-
मध्यप्रदेश में माफिया के खिलाफ एक्शन के साथ ही अब शिवराज सरकार प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार पर बड़ा एक्शन लेने की तैयारी में है। शुक्रवार को इस संबंध में मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में नशे को पूरी तरह से खत्म करने की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश में सूखे जहर का बढ़ता कारोबार और माफिया के खात्मे के लिए कई स्तर पर तैयारी कर ली है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ड्रग्स एवं नशीली वस्तु का कारोबार करने वाले लोग मानवता के दुश्मन हैं, इन्हें किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाना चाहिए। प्रदेश में ड्रग माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर उनकी जड़ों पर प्रहार करें।
शिवराज ने कहा कि कुछ स्थानों पर जिम, पब, क्लब, कॉलेजों की कैंटीन, स्कूलों के आसपास ड्रग्स एवं नशीले पदार्थों की सप्लाई की कोशिश के मामले सामने आए हैं। इस संबंध में सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदेश में हुक्का लाउंज भी संचालित नहीं किए जाएंगे।
सीएम ने कहा कि नशा करने वाले बच्चों के प्रति सहानुभूति रखी जाए। उन्हें स्नेह से लत छुड़वाने के प्रयास किए जाएं, पुलिस उनके खिलाफ ज्यादती ना करें। नशा करने वालों को लत छुड़ाने व उनके पुनर्वास के लिए प्रदेश के सामाजिक न्याय विभाग एवं स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लिया जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि ड्रग्स एवं नशीली वस्तु का कारोबार करने वाले मानवता के दुश्मन हैं, इन्हें किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाना चाहिए। प्रदेश में ड्रग माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर उनकी जड़ों पर प्रहार किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस अभियान में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए कि जहां एक और ड्रग्स और नशीली वस्तुओं का कारोबार करने वालों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाए, वहीं नशा करने वाले बच्चों के प्रति सहानुभूति रखी जानी चाहिए तथा उन्हें स्नेह से नशे की लत छुड़ाने के प्रयास किए जाने चाहिएं, पुलिस उनके खिलाफ ज्यादती ना करे। नशा करने वालों की नशे की लत छुड़ाने तथा उनके पुनर्वास के लिए प्रदेश के सामाजिक न्याय विभाग एवं स्वयंसेवी संगठनों का भी पूरा सहयोग लिया जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज प्रदेश में नशा विरोधी अभियान चलाए जाने के संबंध में निवास पर उच्च अधिकारियों की एक बैठक ले रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी श्री विवेक जौहरी, अपर मुख्य सचिव गृह श्री राजेश राजौरा आदि उपस्थित थे।
देश में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो भारत सरकार द्वारा आगामी 15 दिसंबर से 22 दिसंबर तक नशा विरोधी विशेष अभियान चलाया जाना प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि इस संबंध में प्रदेश में सघन अभियान चलाए जाकर नशीली वस्तुओं का कारोबार करने वालों को नेस्तनाबूद कर दिया जाए।
भारत सरकार के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा प्रदेश के 15 जिलों की सूची भिजवाई गई है जहां नशीली वस्तुओं का कारोबार अधिक पाया गया है। ये जिले हैं इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, भोपाल, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, रतलाम, ग्वालियर, सतना, सागर, दतिया तथा रीवा। इसके अलावा विदिशा, पिपरिया, आगर मालवा क्षेत्र भी संवेदनशील है। इन सभी क्षेत्रों में अधिक मामले सामने आए हैं।
तेजी से बदल रहे तकनीकी युग में साइबर क्राइम एक बड़ी चुनौती के तौर पर सामने आया है। साइबर क्राइम में लिप्त आरोपी नए नए तरीकों से वारदातों को अंजाम देने में जुटे हुए हैं। अब साइबर अपराधियों ने लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए नया तरीका खोजा है। जिसके जरिए शातिर हसीनाओं की मदद से लोगों को शिकार बनाया जा रहा है।
——-
महंगे गिफ्ट आइटम्स, पिन कोड जानकर ठगी और सोशल नेटवर्किंग साइड के जरिए पहले दोस्ती और फिर प्यार का झांसा देकर ठगी करने के मामले तो आपने कई बार सुने होंगे लेकिन अब ये तरीके साइबर अपराधियों के लिए पुराने हो चुके हैं। साइबर क्राइम करने वाले शातिर अपराधी अब एक नए तरीके से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ये तरीका है अश्लील वीडियो कॉलिंग का, अश्लील वीडियो कॉलिंग कर लोगों को शिकार बनाया जा रहा है। इसमें खूबसूरत लड़कियां अंजान नंबर से शिकार की तलाश करती हैं और वीडियो कॉलिंग करती हैं। जैसे ही सामने वाला शख्स वीडियो कॉल उठाता है तो सामने मौजूद साइबर अपराधी उसका स्क्रीन शॉट ले लेता है। जिसमें युवती की अश्लील हरकत के साथ स्क्रीन पर फोन उठाने वाले शख्स की तस्वीर भी नजर आती रहती है। बस इसी तस्वीर को हथियार बनाकर फिर उस शख्स से पैसों की डिमांड की जाती है और कई बार बदनामी के डर से लोग साइबर ठगों के शिकार बन जाते हैं।
——-
मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने संकेत दिए हैं कि राज्य में बिजली की दरों में इजाफा हो सकता है। दरअसल, शुक्रवार को राजधानी भोपाल में तोमर से बिजली की दरों में वृद्धि को लेकर सवाल किया गया था। तोमर ने जवाब देते हुए कहा कि इसका अधिकार नियामक आयोग को है। उन्होंने बताया कि इस तरह का एक प्रस्ताव पिछले साल का है जिस पर चर्चा की जा रही है। नियामक आयोग जो निर्णय लेगा, शासन उसको लागू करेगा।
——-
जबलपुर में मास्क और शरीरिक दूरी का पालन न करने पर कार्यवाही की गई है। मास्क लगाया न शारीरिक दूरी का पालन किया और बारात निकाल दी। कोरोना संक्रमणकाल में ऐसी लापरवाही बरतने पर दो अलग-अलग क्षेत्रों में विवाह समारोह आयोजकों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई के बाद पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली। दोनों आयोजनों में क्षमता से ज्यादा बाराती शामिल थे तथा ज्यादातर बारातियों के चेहरे पर मास्क नजर नहीं आया और शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं किया गया। पहली कार्रवाई घमापुर क्षेत्र में की गई। थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि तहसीलदार स्वाती सूर्या ने गुरुवार रात माथुर वैश्य धर्मशाला परिसर शीतलामाई घमापुर का जायजा लिया। जहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल किसी भी व्यक्ति ने मास्क नहीं पहना था। शारीरिक दूरी के निर्देश का भी बारात में पालन नहीं हो रहा था जिसकी वीडियोग्राफी कराई गई। समारोह के आयोजक 25 वर्षीय लव उर्फ विकास सिंह चौधरी निवासी पूर्वी बेलबाग के खिलाफ धारा 188 एवं 54 आपदा प्रबंधन अधिनियम तथा 3 महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
——-
इंदौर एमवाय अस्पताल से 25 दिन पहले बच्चा चोरी करने वाली महिला का पता नहीं चल पाया है। पुलिस लगातार महिला को तलाशने में जुटी हुई है। अब तक 500 गाड़ियों के नंबर सर्च किए जा चुके हैं। पुलिस ने महिला पर 10 हजार रुपये का इनाम रखा था, अब इसे बढ़ाकर 20 हजार रूपये कर दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि बच्चा चोर महिला को शीघ्र ही तलाश कर लिया जाएगा। उसके बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी हैं, जिसके बाद अब वह ज्यादा दिन पुलिस की गिरफ्त से ज्यादा दिन दूर नहीं रह पाएगी। महिला को पकड़ने के लिए अब पहले से ज्यादा प्रयास किए जा रहे हैं।
पंचम की फेल मालवा मिल की रहने वाली रानी पति लोकेश भियाने को दर्द होने पर 14 नवंबर रात दो बजे एमवाय अस्पताल लेकर आए थे। 15 नवंबर को सुबह पांच बजकर पांच मिनट में रानी ने एक बच्चे को जन्म दिया। डिलेवरी अच्छे से हुई थी, इसके बाद स्वजन घर चले गए। शाम को साढ़े सात बजे लोकेश ने फोन पर अपने भाई मयूर को बताया कि बच्चा कहीं नहीं दिख रहा है।
उसने बताया कि वह आधे घंटे से बच्चे को तलाश रहा है, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। इसके बाद रात को सभी अस्पताल पहुंचे थे। बच्चे की तलाश करते हुए कुछ लोगों ने बताया कि एक महिला बच्चे को दुपट्टे में बांधकर एक्टिवा से ले जाते हुए बच्चे सहित गिर गई थी। जिसके बाद उसे लोगों ने उठाया और वह बच्चा लेकर चली गई। उसके पास सिल्वर कलर की एक्टिवा थी। संयोगितागंज पुलिस ने बच्चा चोरी होने का मामला दर्ज किया था। इसके बाद महिला के सीसीटीवी फुटेज भी मिले थे, इसके बावजूद अब तक महिला का पता नहीं चल पाया है।
——-
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
——-
कोरोना के इलाज में मुनाफाखोरी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। एन-95 मास्क दुकानों पर 200 रुपए से ज्यादा में मिल रहा है, जबकि अधिकतर कंपनियां स्टॉकिस्ट को मात्र 30 रुपए में दे रही हैं। स्टॉकिस्ट 50 से 100 रुपए में दुकानों को पहुंचा रहे हैं, जबकि एमआरपी मूल कीमत से 8 गुना ज्यादा 200 से 249 रुपए है। पल्स ऑक्सीमीटर से लेकर कोरोना की दवाइयां दो-तीन गुना अधिक कीमत पर बिक रही हैं।
कलेक्टर मनीष सिंह ने भी रेमडेसिविर इंजेक्शन पर 20 फीसदी मुनाफा लेने की एडवाइजरी जारी की थी। क्वालिटी ड्रग संचालक डॉ. मकरंद शर्मा कहते हैं कि लैब, अस्पताल, दवा दुकान मुनाफा कम कर लें तो इलाज का खर्च 50 फीसदी तक कम हो सकता है।
——-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शाजापुर के चहुँमुखी विकास के कार्य लगातार तेज गति से होते रहेंगे। यह हमारा संकल्प है। विकास और जनकल्याण में किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जायेगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शाजापुर में आयोजित भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर एवं स्वर्गीय माधवराव सिंधिया जी की प्रतिमा के अनावरण और विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम को वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से भोपाल से संबोधित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान खराब मौसम के चलते शाजापुर नहीं पहुंच पाये थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ संसद सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी संबोधित किया।
——-
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शुक्रवार 11 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। रविवार 13 दिसंबर को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह हर वीडियो के आखिरी में हम आपको बताते हैं। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.