मध्यप्रदेश के एक मंत्री ने दी असदुद्दीन ओवैसी को चेतावनी!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में सुनिये शुक्रवार 10 सितंबर का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन.
——–
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा-वृंदावन को लेकर बड़ा फैसला किया है। योगी सरकार ने मथुरा-वृंदावन के 10 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र को तीर्थ स्थल घोषित किया है। इसके साथ ही यहां पर शराब और मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
शुक्रवार को योगी सरकार की ओर से बताया गया कि प्रदेश सरकार ने मथुरा-वृंदावन के 10 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को तीर्थ स्थल घोषित किया है। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में शराब और मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस फैसले के तहत मथुरा-वृंदावन के इस क्षेत्र के कुल 22 नगर निगम वार्ड, क्षेत्र को तीर्थ स्थल के रूप में घोषित किया गया है।
——–
आयकर विभाग ने शुक्रवार को यहां ऑनलाइन न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक और न्यूजलॉन्ड्री के परिसरों में अलग-अलग निरीक्षण अभियान चलाया। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि कर भुगतान संबंधी कुछ विवरण और समाचार संस्थानों द्वारा लेन-देन की रकम के सत्यापन के लिए यह कार्यवाही की गई। अधिकारियों ने कहा कि कर अधिकारियों ने दोनों न्यूज पोर्टल के व्यावसायिक परिसरों में भी यह कार्यवाही की है।
धन शोधन रोकथाम कानून के प्रावधानों के तहत फरवरी में न्यूजक्लिक और इसके संस्थापकों के परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की थी। धन शोधन का मामला दिल्ली पुलिस की प्राथमिकी से सामने आया, जिसमें आरोप लगाया गया कि पीपीके न्यूजक्लिक स्टूडियो प्राइवेट लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2018-19 के दौरान वर्ल्डवाइड मीडिया होल्डिंग्स एलएलसी, अमेरिका से 9.59 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्राप्त किया।
——–
दो दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे काँग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को काँग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने जय माता दी के नारे से की। इसके बाद अपने संबोधन के दौरान वे भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर जमकर बरसे। इसके साथ ही उन्होंने स्वयं को कश्मीरी पंडित भी बताया। इससे पहले गुरुवार को उन्होंने 14 किलोमीटर पैदल चलकर माता वैष्णों देवी के दर्शन भी किए।
काँग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ पर जम्मू-कश्मीर की मिलीजुली संस्कृति को समाप्त करने का आरोप लगाया है। काँग्रेस नेता ने कहा कि दोनों संगठन लोगों के बीच प्यार और भाईचारे को समाप्त कर रहे हैं। एक दिन पहले ही माता वैष्णो देवी के दरबार से लौटे राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी-आरएसएस को निशाना बनाते हुए यह भी कह डाला कि देवी लक्ष्मी, दुर्गा और सरस्वती की शक्ति कम हो गई है।
जम्मू के त्रिकुटा नगर में गुलाम नबी आजाद सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, आप लोगों के बीच जो प्यार और भाईचारा है उसे भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस की ओर से समाप्त किया जा रहा है। वे जम्मू-कश्मीर की समावेशी संस्कृति को तोड़ना चाहते हैं। यह आपको कमजोर बना रहा है। आप स्वयं इसे देख सकते हैं कि केंद्र शासित प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और कारोबार पर बुरा असर हुआ है।
राहुल गांधी ने कहा कि देवी दुर्गा रक्षा करने वाली ताकत की प्रतीक हैं तो देवी लक्ष्मी किसी के लक्ष्य को प्राप्त करने की शक्ति का प्रतीक हैं और देवी सरस्वती ज्ञान की शक्ति हैं। काँग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की अगुआयी वाली केंद्र सरकार की नीतियों, नोटबंदी और जीएसटी ने देश में देवी लक्ष्मी की शक्ति कम कर दी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि नए कृषि कानूनों ने देवी दुर्गा की शक्ति कम कर दी है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के किसी व्यक्ति को शैक्षणिक संस्थाओं में नियुक्त किया जाता है तो देवी सरस्वती की शक्ति कम होती है।
जम्मू के त्रिकुटा नगर में काँग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान राहुल गांधी ने कश्मीरी पंडित का भी मुद्दा उठाया। राहुल गांधी ने कहा मेरा संबंध भी कश्मीरी पंडित परिवार से ही है। आगे उन्होंने कहा कि आज सुबह कश्मीरी पंडितों का एक प्रतिनिधिमंडल मुझसे मिलने आया। उन्होंने मुझसे कहा कि काँग्रेस, उनलोगों के लिए बहुत सारी योजनाएं लाई लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने उनके लिए कुछ भी नहीं किया। साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपने कश्मीरी पंडित भाईयों से वादा करता हूं कि मैं उनके लिए अवश्य कुछ करूंगा और उनकी समस्याओं को सुलझाऊंगा।
——–
पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को अपना नामांकन भर दिया है। मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए उन्हें इस उपचुनाव में हर हाल में जीतना होगा।
ममता बनर्जी के सामने भारतीय जनता पार्टी ने प्रियंका टिबरेवाल को मैदान में उतारा है, जबकि सीपीआई (एम) ने श्रीजीब बिस्वास पर दांव लगाया है। काँग्रेस ने इस सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। इस सीट को टीएमसी का गढ़ माना जाता रहा है और यहां से ममता बनर्जी पहले भी चुनाव जीत चुकीं हैं।
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर भारतीय जनता पार्टी के सुवेंदु अधिकारी से हार गयी थीं। सुवेंदु कभी टीएमसी में ही थे और ममता बनर्जी के खास माने जाते थे। अब ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए इस उपचुनाव में जीत हासिल करनी होगी। ममता बनर्जी को पांच नवंबर तक विधानसभा की सदस्यता प्राप्त करनी है।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चैनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 प्रतिशत तक सही साबित हुए हैं।
——–
कोरोना के विरूद्ध जंग में पंजाब सरकार ने राज्य के कर्मचारियों को 15 सितंबर तक वैक्सीन की कम से कम एक डोज लेने की हिदायत दी है। यदि कोई सरकारी कर्मचारी 15 सितंबर तक वैक्सीन की पहली डोज नहीं लेता है तो फिर उसे जबरन छुट्टी पर भेज दिया जाएगा। हालांकि ऐसे सरकारी कर्मचारियों को इससे राहत रहेगी, जिन्हें हाल ही में कोरोना हुआ हो और उन्हें टीका लगवाने से मना किया गया हो। इसके अलावा अन्य मेडिकल कारणों से टीका न लगवा पाने वाले लोगों को भी राहत दी गई है। लेकिन किसी भी स्वस्थ्य कर्मचारी को 15 सितंबर तक वैक्सीन की कम से कम एक डोज लेनी होगी।
ऐसा न होने पर उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी और उन्हें छुट्टी पर भेज दिया जाएगा। इसके अलावा राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कोरोना से जुड़ी पाबंदियों को भी 30 सितंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। पंजाब के सीएमओ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार फेस्टिवल सीजन को देखते हुए पाबंदियों की अवधि को बढ़ाया गया है। इस दौरान किसी भी आयोजन में 300 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक होगी। इसके अलावा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना और मास्क पहनना पहले की तरह ही अनिवार्य रहेगा।
——–
भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा है। विश्वास सांरग ने असदुद्दीन ओवैसी को नसीहत दी है कि वो जिन्ना ना बन जाएं। असदुद्दीन ओवैसी पर हैदराबाद की शांति व्यवसथा खराब करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी नेता ने कहा, ओवैसी दो धर्मों के बीच लड़ाई करवाने की राजनीति करते हैं। इससे उन्हें राजनीतिक फायदा पहुंचता है। उन्होंने कहा कि मैं ओवैसी को चेतावनी देना चाहता हूं कि वो जिन्ना की तरह न बन जाएं।
——–
मुंबई के साकीनाका क्षेत्र में एक 30 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार और दरिंदगी की वारदात हुई है। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में अभी तक एक आरोपी को अरेस्ट किया है और इसमें कुछ और लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पीड़िता के साथ निर्भया जैसी दरिंदगी करने की बात भी सामने आ रही है।
ताजा जानकारी के अनुसार, वारदात रात तीन बजे के आसपास हुई है। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आज सुबह महिला को खैरानी रोड पर गंभीर अवस्था में बरामद किया था। महिला को सिटी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
———
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में शरद खरे से शुक्रवार 10 सितंबर का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन। रविवार 12 सितंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.